Media24Media.com: CG NEWS : शराब के नशे में घर पहुंचा भतीजा, मौसी ने डांटा तो लाठी-डंडे से पीटकर कर दी हत्या

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : शराब के नशे में घर पहुंचा भतीजा, मौसी ने डांटा तो लाठी-डंडे से पीटकर कर दी हत्या

Document Thumbnail

 कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। शराब के नशे में घर पहुंचे युवक को उसकी मौसी ने डांट-फटकार लगाई तो वह आगबबूला हो गया। आरोपी ने घर में रखी लकड़ी और डंडे से मौसी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान घर पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार, ग्राम पुरैना निवासी तीरथराम यादव (45) रविवार शाम शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसकी मौसी मोहन कुंवर बाई (55) भी घर पर मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि रोजाना शराब पीकर आने और देर रात तक इधर-उधर घूमने को लेकर मौसी ने उसे डांट-फटकार लगाई।

मौसी की बात से नाराज तीरथराम ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी व डंडे से मोहन कुंवर बाई के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

परिजन घायल महिला को तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें हायर सेंटर ले जाने के बजाय वापस घर ले आए। कुछ देर बाद महिला ने घर पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुरैना गांव में मोहन कुंवर बाई की हत्या उनके भतीजे तीरथराम यादव ने की है। आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था। सामान्य विवाद के बाद उसने लकड़ी से महिला पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.