Media24Media.com: #CG NEWS

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #CG NEWS. Show all posts
Showing posts with label #CG NEWS. Show all posts

मुख्यमंत्री साय ने दी जशपुर जिले को बड़ी सौगात, 30.59 करोड़ की 9 सड़कों को मिली मंजूरी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को विकास की नई रफ्तार देते हुए 9 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए कुल 30 करोड़ 59 लाख की स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुगम होगा, व्यापार-व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी। दो वर्षों के भीतर मिली इस करोड़ों की सौगात से जिले की सड़क व्यवस्था का व्यापक कायाकल्प हो रहा है।


क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया है। जिले के ढूंड़गजोर (सरसमार) से चिढ़रापारा पत्थलगांव तक 2 किमी 1 करोड़ 96 लाख, ग्राम ढोंगादरहा से अम्बाकछार मार्ग 3 किमी 4 करोड़ 84 लाख, ग्राम पंचायत मुड़ापारा (हड्डी गोदाम मेन रोड) से घिंचापानी होते हुए पंगसुवा मार्ग 4.85 किमी 4 करोड़ 26 लाख, ग्राम कोतबा से सरईकोना होते हुए पिकपारा मार्ग 4.60 किमी 4 करोड़ 59 लाख, कांसाबेल के बटाईकला प्रेमनगर से मारचाईढोढ़ी मार्ग 2.90 किमी, 2 करोड़ 79 लाख, कांसाबेल खूंटीटोली बस्ती से चेतबा हाई स्कूल मार्ग 2 किमी 2 करोड़ 4 लाख, कांसाबेल कोरंगा से नवाटोली से भागलपुर मार्ग 2 किमी 2 करोड़ 14 लाख, कुड़केल खजरी के पटेल पारा से बगई झरिया मार्ग 3.80 किमी 3 करोड़ 28 लाख, कोकिया खार से आमकानी मेन रोड तक 4 किमी 4 करोड़ 69 लाख रुपए की मंजूरी मिली है।

करोड़ों की सौगात से विकास को मिलेगी रफ्तार

इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात की सुविधा बेहतर होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है, जिससे गांव-गांव में खुशहाली का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। यह स्वीकृति जशपुर जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

CG NEWS : नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को 20 साल का सश्रम कारावास

No comments Document Thumbnail

 दुर्ग/पाटन। दुर्ग जिले के पाटन स्थित विशेष पॉक्सो न्यायालय ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में कड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी को 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है।


पाटन के अपर सत्र न्यायाधीश दुलार सिंह निर्मलकर ने मामले में आरोपी निखिल कुर्रे को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 5,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

क्या है पूरा मामला

यह घटना उस समय की है जब पीड़िता अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। रास्ते में आरोपी निखिल कुर्रे ने उसे बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया और बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। आरोपी पहले पीड़िता को रायपुर के पास अपनी दीदी के घर लेकर गया, जहां वह एक दिन रुका।

इसके बाद आरोपी पीड़िता को ट्रेन से नागपुर ले गया। नागपुर में आरोपी को पीड़िता के नाबालिग होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पुलिस ने नागपुर से किया बरामद

घटना के बाद पीड़िता के पिता ने थाना उतई में बेटी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता को नागपुर से सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार किया।

संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई

जांच में सामने आया कि आरोपी को उसके परिजनों का संरक्षण मिला था। इस पर पुलिस ने आरोपी की दीदी विकेश मारकंडे, जीजा दिनेश बघेल और एक अन्य दीदी करुणा बघेल को भी गिरफ्तार किया।

कोर्ट का फैसला

पाटन पॉक्सो न्यायालय में चली सुनवाई के दौरान शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक शेखर वर्मा ने प्रभावी पैरवी की। न्यायालय ने पीड़िता, उसके परिजनों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया।

CG NEWS : धार्मिक कथा स्थल के पास लगी आग, दमकल की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर । दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दनिया में धार्मिक कथा के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कथा स्थल के समीप रखे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई।


सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि आग पैरावट से फैलते हुए कथा स्थल के पंडाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी थी। हालात को गंभीर देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

आग की तीव्रता को देखते हुए मौके पर चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। लगातार पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

CG NEWS : तालाब में डूबे चार बच्चे: दो को बचाया गया, एक का शव मिला, एक लापता

No comments Document Thumbnail

 बिलासपुर। महमंद ग्राम पंचायत के बेलभाठा तालाब में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। नहाने पहुंचे चार छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। तालाब किनारे मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


दो छात्र लापता होने पर सूचना SDRF को दी गई। टीम ने तलाशी अभियान चलाया और घंटों की खोज के बाद एक बच्चे का शव बरामद किया। वहीं चौथे छात्र की तलाश देर रात तक जारी रही। SDRF की टीम तालाब की गहराई में सर्च ऑपरेशन कर रही है।

घटना से गांव में मातम का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

CG NEWS : रात में ATM उड़ाने पहुंचे बदमाश नाकाम: पड़ोसी जागे तो मेटाडोर और मशीन वहीं छोड़कर फरार

No comments Document Thumbnail

 भिलाई। नंदिनी नगर के ननकट्ठी इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक बड़ी वारदात होते-होते रह गई। 7–8 बदमाश पूरी तैयारी के साथ ATM मशीन उखाड़कर ले जाने पहुंचे थे, लेकिन पड़ोसी की समय रहते नींद खुल जाने से उनकी पूरी प्लानिंग धरी की धरी रह गई। आरोपी मेटाडोर और ATM मशीन दोनों मौके पर छोड़कर फरार हो गए।


कैसे बनी पूरी वारदात की साजिश

जानकारी के अनुसार, करीब ढाई बजे बदमाश टाटा मेटाडोर (CG 07 AV 1310) लेकर ATM बूथ पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने बूथ में लगे CCTV कैमरों पर केमिकल स्प्रे कर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। यह तरीका आमतौर पर संगठित गैंग बड़ी चोरियों में इस्तेमाल करते हैं, जिससे साफ है कि पूरी वारदात सूझबूझ और पहले से तैयार प्लान के तहत की जा रही थी।

ATM उखाड़कर मेटाडोर में भी लाद दिया था

CCTV बंद करने के बाद गैस कटर और भारी औजारों की मदद से बदमाशों ने ATM मशीन उखाड़ ली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मशीन को मेटाडोर में लोड भी कर दिया गया था। पूरी प्रक्रिया बेहद कम समय में पूरी कर ली गई थी।

पड़ोसी जागा तो मच गई भगदड़

वारदात तब पलट गई जब पास के एक घर का परिवार आवाज़ सुनकर उठ गया। बाहर आकर उन्होंने देखा कि ATM बूथ का शटर खुला है और मेटाडोर में कुछ लोग मशीन लोड कर रहे हैं। शोर मचाते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई और वे अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। लोगों ने कुछ दूरी तक पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।

पुलिस की जांच तेज, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही नंदिनी थाना प्रभारी पारस ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ATM बूथ, सड़क और आसपास के मकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

मेटाडोर भी चोरी की निकली

जांच में सामने आया कि बदमाश जिस मेटाडोर से आए थे, वह भी चोरी की गाड़ी थी। यह वाहन पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी से कुछ दिन पहले चोरी की गई थी। टीआई पारस ठाकुर के अनुसार, गैंग ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए पहले गाड़ी चोरी की और फिर उसी का इस्तेमाल वारदात में किया।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, जल्द होगी पहचान

पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ATM से फिंगरप्रिंट, टूल मार्क्स और अन्य सबूत इकट्ठा किए गए हैं।
ननकट्ठी से गनियारी तक के सभी CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान जल्द हो जाएगी।

CG NEWS : 67 साल के प्रेमी ने 30 साल की प्रेमिका को चाकू से गोदा, अफेयर के शक में हत्या - बच्चा भी घायल

No comments Document Thumbnail

धमतरी। जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 67 वर्षीय किसान ने अपनी 30 साल की प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि महिला का किसी और से संबंध है। इस हमले में महिला का बच्चा भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


कैसे हुआ हमला

घटना करेली बड़ी चौकी क्षेत्र की है। ग्राम हसदा निवासी आरोपी जगन्नाथ मरकंडे शनिवार शाम पहले से चाकू लेकर यात्री प्रतीक्षास्थल के पास घात लगाए बैठा था। जैसे ही महिला पुष्पा मरकंडे अपने बच्चे के साथ वहां पहुंची, आरोपी ने उसकी पीठ और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मौके पर ही महिला की मौत हो गई।

बच्चा घायल, इलाज जारी

बचाव की कोशिश में बच्चा भी घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को मगरलोड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पति जेल में, प्रेमी करता था मदद

पुलिस के अनुसार मृतका का पति पिछले एक साल से रायपुर जेल में बंद है। इस दौरान आरोपी जगन्नाथ महिला के घर आता-जाता था और मदद करता था। दोनों के बीच संबंध थे, लेकिन शक के चलते बुजुर्ग प्रेमी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उस पर BNS की धारा 103 और 115(2) के तहत केस दर्ज हुआ है। गांव में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है और लोग आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

CG NEWS : शिक्षा की रौशनी से चमका तरौद का स्कूल, युक्तियुक्तकरण से मिले चार नए शिक्षक

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : कभी शिक्षक की कमी से जूझ रहा बालोद ज़िले का छोटा-सा गांव तरौद में शिक्षा की एक नई उम्मीद जगी है। जहां पहले सिर्फ एक ही शिक्षक के भरोसे पूरा स्कूल चल रहा था, अब यहां चार विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति की खबर से गांव में उत्साह का माहौल है। छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल ने बच्चों, अभिभावकों और पूरे गांव में शिक्षा को लेकर एक नई ऊर्जा भर दी है।


लगभग 60 विद्यार्थियों वाला यह शासकीय हाईस्कूल बीते दो वर्षों से शिक्षकों की कमी से जूझ रहा था। पढ़ाई बाधित होती थी, एक शिक्षक से सभी विषयों की जिम्मेदारी निभा पाना नामुमकिन था। बच्चों के भविष्य को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही थी। लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युक्तियुक्तकरण की पहल ने इस अंधेरे को आशा की किरण दिखाई है।


युक्ति युक्तकरण वास्तव में शिक्षकों और संसाधनों के असमान वितरण को दूर करने की एक सुव्यवस्थित प्रक्रिया है, जिसमें जरूरतमंद स्कूलों में योग्य शिक्षकों की तैनाती की जाती है। इसी योजना के तहत अब तरौद के हाईस्कूल में चार नए शिक्षक पदस्थ किए गए हैं, जो अलग-अलग विषयों के हैं। इससे अब हर विषय की पढ़ाई नियमित और गुणवत्ता पूर्ण हो सकेगी।

गांव के सरपंच धर्मेंद्र कुमार रामटेके की बातों से ग्रामीणों की भावनाएं झलकती हैं। पहले स्कूल में पढ़ाई की स्थिति अच्छी नहीं थी। जनभागीदारी समिति कई बार गांव के युवाओं को बुलाकर बच्चों के अध्ययन अध्यापन की व्यवस्था करती थी। शासन ने अब हमारे गांव के स्कूल को चार नए शिक्षक देकर बच्चों के अध्ययन-अध्यापन की बेहतर व्यवस्था कर दी है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आभारी हैं। महेश्वरी ठाकुर, स्कूल की जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष कहती हैं कि शिक्षा बच्चों का अधिकार है, और शासन ने यह अधिकार लौटाया है। अब हमें चिंता नहीं करनी पड़ेगी कि हमारे बच्चों को कौन पढ़ाएगा।

स्कूल में शिक्षकों की पदस्थापना की खबर पाकर गांव के बच्चे भी बेहद खुश हैं। पढ़ाई को लेकर उनमें ललक और उत्साह दिखाई देने लगा है। बच्चों को हर विषय में अलग-अलग शिक्षक मिलना किसी सौगात से कम नहीं है। अब वह अच्छी पढ़ाई लिखाई करके डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या अधिकारी बनने के सपने देखने लगे हैं।

तरौद अब केवल एक गांव नहीं रहा, बल्कि छत्तीसगढ़ के शिक्षा सुधारों का उदाहरण बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में युक्तियुक्तकरण की यह पहल पूरे जिले के स्कूलों में चल रही है। शासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर स्कूल में शिक्षक हों, और हर बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। शिक्षा की रोशनी जब दूर-दराज के गांवों तक पहुंचती है, तो उसका असर सिर्फ किताबों तक नहीं रहता। वह पूरे समाज को एक नई दिशा देती है। ग्राम तरौद का यह बदलाव इसी सकारात्मक सोच और योजनाबद्ध प्रयास का नतीजा है। छत्तीसगढ़ में शिक्षा की यह नई सुबह, निश्चित ही पूरे प्रदेश को प्रगति की ओर ले जाएगी।

CG NEWS : भाजपा विधायक नीलकंठ टेकाम के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा विधायक नीलकंठ टेकाम के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब काफिले की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। विधायक नीलकंठ टेकाम उस वाहन में मौजूद नहीं थे।


पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार या सड़क की खराब स्थिति हादसे का कारण हो सकती है। विधायक ने मृतक चालक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत चालक के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और भरोसा दिलाया कि परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने पुलिस से दुर्घटना की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और वाहन की तकनीकी जांच, सड़क की स्थिति, चालक की गति और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि गाड़ी की तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण न खो पाने की वजह से यह हादसा हुआ।

इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.