Media24Media.com: मैट्रिमोनियल साइट के जरिए दोस्ती, शादी और नौकरी का झांसा देकर 13 लाख ऐंठे; आरोपी दंपती गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मैट्रिमोनियल साइट के जरिए दोस्ती, शादी और नौकरी का झांसा देकर 13 लाख ऐंठे; आरोपी दंपती गिरफ्तार

Document Thumbnail

 बिलासपुर : ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को झांसा देकर लाखों रुपये और जेवर ठगने वाले एक दंपती को तोरवा पुलिस ने दिल्ली-हरियाणा सीमा से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को अविवाहित बताकर महिलाओं से संपर्क करता था और बाद में शादी व नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी को अंजाम देता था।


मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि कोरबा निवासी एक पीड़िता ने 9 मार्च को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, 'शादी डॉट कॉम' के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी पवन कुमार यादव (34) से हुई थी। पवन ने खुद को कुंवारा बताकर पीड़िता को शादी का भरोसा दिलाया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर महिला से नगदी और सोने-चांदी के जेवर सहित कुल 12 से 13 लाख रुपये ऐंठ लिए।

फरार आरोपी पर था 5 हजार का इनाम

अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी पवन यादव फरार हो गया। पुलिस ने पामगढ़ और सरकंडा स्थित उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा था। आरोपी की लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा उस पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पत्नी के बैंक खाते से मिला हरियाणा का सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि पवन के अधिकतर बैंक खाते बंद थे, लेकिन उसकी पत्नी नवीता यादव (30) के खाते में लेन-देन जारी था। बैंक ट्रांजेक्शन की लोकेशन ट्रेस करने पर बल्लभगढ़ (हरियाणा) से पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों और च्वाइस सेंटर से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों पति-पत्नी को बल्लभगढ़ से धर दबोचा।

बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत कार्रवाई

तोरवा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को बिलासपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब ठगी गई रकम व जेवरों की बरामदगी के साथ यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अन्य कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.