Media24Media.com: पुरानी रंजिश में दंपती की टांगी मारकर निर्मम हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शवों को फूंका; दो सगे भाई गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पुरानी रंजिश में दंपती की टांगी मारकर निर्मम हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शवों को फूंका; दो सगे भाई गिरफ्तार

Document Thumbnail

 धरमजयगढ़ (रायगढ़)। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा में वर्षो पुराने भूमि विवाद को लेकर दो सगे भाइयों ने एक वृद्ध दंपती की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने दोहरे हत्याकांड को हादसे का रूप देने के उद्देश्य से शवों को घर के भीतर ही आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड 'रूबी' और फॉरेंसिक टीम (FSL) की मदद से अंधे कत्ल की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।


सुबह काम पर पहुंचे नौकर ने देखा मंजर

पुलिस के अनुसार, ग्राम क्रोंधा निवासी मंगल राठिया (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55 वर्ष) अपने घर में अकेले थे। उनका नौकर रामलाल चौहान जब सुबह करीब 6 बजे काम पर पहुंचा, तो घर के दरवाजे खुले हुए थे और एक कमरे से धुआं निकल रहा था। अंदर जाने पर उसने दंपती के जले हुए शव जमीन पर पड़े देखे। नौकर की सूचना पर परिजनों और तत्काल पुलिस को अवगत कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े और घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(बी) और 326(जी) के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

स्निफर डॉग 'रूबी' ने खोला राज

घटनास्थल की कमान संभालते ही पुलिस के खोजी कुत्ते 'रूबी' ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी की गंध ली और सीधे संदेही श्याम लाल राठिया के पास जाकर रुक गई। पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर संदेही श्याम लाल और उसके भाई जीवन लाल राठिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

क्या था विवाद?

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, जिसे बाद में मूल मालिक ने अधिक पैसे मिलने के लालच में मृतक मंगल राठिया को बेच दिया था। हालांकि आरोपियों को उनकी रकम वापस मिल गई थी, लेकिन मंगल राठिया द्वारा उसी भूमि पर मकान बनाकर खेती करने से दोनों भाई लंबे समय से रंजिश पाले हुए थे।

सोते समय बोला धावा

इसी विवाद के चलते 14 जुलाई की रात दोनों भाई टांगी लेकर मंगल के घर में घुसे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने वृद्ध मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई पत्नी पुनाई बाई को भी आरोपियों ने टांगी से काट डाला। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शवों पर कपड़े और सोफा कवर डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी:

  • श्याम लाल राठिया (32 वर्ष)
  • जीवन लाल राठिया (48 वर्ष)

(दोनों निवासी: ग्राम कोंध्रा, धरमजयगढ़)

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में धरमजयगढ़ व घरघोड़ा पुलिस टीम सहित एफएसएल और श्वान दल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.