Media24Media.com: #Dharamjaigarh

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #Dharamjaigarh. Show all posts
Showing posts with label #Dharamjaigarh. Show all posts

स्मृति ईरानी आज छत्तीसगढ़ में, नितिन नवीन के दौरे से पहले संभालेंगी मोर्चा

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज (11 नवंबर) एक दिवसीय दौरे पर प्रदेश पहुंच रही हैं। प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद यह उनका दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। इस दौरान वह रायगढ़ के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को प्रस्तावित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे।


रायपुर एयरपोर्ट से सीधे धरमजयगढ़ होंगी रवाना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी बुधवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वह सीधे धरमजयगढ़ के लिए रवाना होंगी। वहां जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करेंगी। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर लेंगी बैठक

15 नवंबर को रायगढ़ में होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर स्मृति ईरानी तैयारियों की समीक्षा करेंगी। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पार्टी नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।

समीक्षा और निरीक्षण का कार्यक्रम पूरा करने के बाद स्मृति ईरानी देर रात दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

पखवाड़े भर में स्मृति ईरानी का दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा

गौरतलब है कि स्मृति ईरानी इससे पहले 25 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आई थीं। अब करीब पखवाड़े भर के भीतर उनका दूसरा दौरा हो रहा है। उनके इस प्रवास को आगामी जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पुरानी रंजिश में दंपती की टांगी मारकर निर्मम हत्या, साक्ष्य मिटाने के लिए शवों को फूंका; दो सगे भाई गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 धरमजयगढ़ (रायगढ़)। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा में वर्षो पुराने भूमि विवाद को लेकर दो सगे भाइयों ने एक वृद्ध दंपती की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने दोहरे हत्याकांड को हादसे का रूप देने के उद्देश्य से शवों को घर के भीतर ही आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड 'रूबी' और फॉरेंसिक टीम (FSL) की मदद से अंधे कत्ल की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।


सुबह काम पर पहुंचे नौकर ने देखा मंजर

पुलिस के अनुसार, ग्राम क्रोंधा निवासी मंगल राठिया (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55 वर्ष) अपने घर में अकेले थे। उनका नौकर रामलाल चौहान जब सुबह करीब 6 बजे काम पर पहुंचा, तो घर के दरवाजे खुले हुए थे और एक कमरे से धुआं निकल रहा था। अंदर जाने पर उसने दंपती के जले हुए शव जमीन पर पड़े देखे। नौकर की सूचना पर परिजनों और तत्काल पुलिस को अवगत कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, धरमजयगढ़ थाना प्रभारी राजेश जांगड़े और घरघोड़ा थाना प्रभारी कुमार गौरव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(बी) और 326(जी) के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

स्निफर डॉग 'रूबी' ने खोला राज

घटनास्थल की कमान संभालते ही पुलिस के खोजी कुत्ते 'रूबी' ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी की गंध ली और सीधे संदेही श्याम लाल राठिया के पास जाकर रुक गई। पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर संदेही श्याम लाल और उसके भाई जीवन लाल राठिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

क्या था विवाद?

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, जिसे बाद में मूल मालिक ने अधिक पैसे मिलने के लालच में मृतक मंगल राठिया को बेच दिया था। हालांकि आरोपियों को उनकी रकम वापस मिल गई थी, लेकिन मंगल राठिया द्वारा उसी भूमि पर मकान बनाकर खेती करने से दोनों भाई लंबे समय से रंजिश पाले हुए थे।

सोते समय बोला धावा

इसी विवाद के चलते 14 जुलाई की रात दोनों भाई टांगी लेकर मंगल के घर में घुसे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने वृद्ध मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई पत्नी पुनाई बाई को भी आरोपियों ने टांगी से काट डाला। साक्ष्य मिटाने के लिए उन्होंने शवों पर कपड़े और सोफा कवर डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी:

  • श्याम लाल राठिया (32 वर्ष)
  • जीवन लाल राठिया (48 वर्ष)

(दोनों निवासी: ग्राम कोंध्रा, धरमजयगढ़)

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में धरमजयगढ़ व घरघोड़ा पुलिस टीम सहित एफएसएल और श्वान दल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.