Media24Media.com: 'नंबर ब्लॉक किया तो मिटा दिया वजूद': भिलाई के सनसनीखेज पीजी मर्डर केस का खुलासा; आशिक ही निकला कातिल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

'नंबर ब्लॉक किया तो मिटा दिया वजूद': भिलाई के सनसनीखेज पीजी मर्डर केस का खुलासा; आशिक ही निकला कातिल

Document Thumbnail

 भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के एक पेइंग गेस्ट (पीजी) हाउस में हुई युवती की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि युवती की हत्या किसी अजनबी ने नहीं, बल्कि उसके ही प्रेमी ने की थी। मृतका द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पिंटू को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया है।


नंबर ब्लॉक करने पर रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिंटू और मृतका के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी दोनों के परिजनों को भी थी। कुछ समय पूर्व दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती की रूममेट से उसका नया नंबर हासिल कर संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन वहां भी ब्लॉक किए जाने से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रच डाली।

पहनी थीं दो शर्ट, वारदात के बाद नाले में फेंकी

वारदात के दिन आरोपी भिलाई पहुंचा और पीजी में युवती से मिलने की कोशिश की। बातचीत न होने पर उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ 11 वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि हत्या के दौरान अपने कपड़ों पर खून के धब्बे लगने से बचने के लिए आरोपी शातिराना तरीके से दो शर्ट पहनकर आया था। घटना के बाद उसने खून से सनी ऊपर वाली शर्ट उतारकर रास्ते में एक नाले में फेंक दी और फरार हो गया।

तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी की मदद से दबोचा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन का बारीकी से विश्लेषण किया। वारदात के बाद से ही आरोपी का मोबाइल बंद था, लेकिन पुलिस ने उसके रिश्तेदारों और परिचितों पर नजर रखी। नाले से बरामद खून से सनी शर्ट और अन्य पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को बलौदाबाजार से धर दबोचा।

कार्रवाई जारी

थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.