Media24Media.com: पहली पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप: दूसरी पत्नी, बहन और जीजा गिरफ्तार, पति फरार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

पहली पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप: दूसरी पत्नी, बहन और जीजा गिरफ्तार, पति फरार

Document Thumbnail

 भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में पारिवारिक विवाद ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया। सुपेला थाना क्षेत्र में पहली पत्नी को कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जलाने की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने दूसरी पत्नी, उसकी बहन और जीजा को गिरफ्तार किया है। वहीं घटना का मुख्य आरोपी पति अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार मामला सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी का है। गिरफ्तार आरोपियों में परी खान (23), उसकी बहन मुस्कान (24) और जीजा राहुल यादव (35) शामिल हैं। जबकि मुख्य आरोपी लक्की सरदार फरार है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे परी खान ने अपने पति लक्की सरदार, बहन मुस्कान और जीजा राहुल यादव के साथ मिलकर कथित तौर पर पहली पत्नी के घर पहुंचकर विवाद किया। आरोप है कि चारों ने पहले महिला के साथ मारपीट की और फिर उस पर तथा घर के भीतर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर मौके से भागने में सफल रही, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहली पत्नी से विवाद के बाद की थी दूसरी शादी

पुलिस के मुताबिक, लक्की सरदार की पहली शादी शीतल वर्मा से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके बाद शीतल अपने मायके चली गई थी। दहेज और पैसों के विवाद को लेकर मामला पुलिस तक भी पहुंचा था।

बाद में दोनों अलग हो गए। वर्ष 2025 में लक्की सरदार ने परी खान से प्रेम विवाह कर लिया और दोनों खम्हरिया क्षेत्र में रहने लगे। इसी बीच पहली पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी लक्की सरदार की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.