Media24Media.com: CG NEWS : पड़ोस के नाबालिग ने दो बच्चियों से किया अनाचार, पुलिस ने लिया हिरासत में

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : पड़ोस के नाबालिग ने दो बच्चियों से किया अनाचार, पुलिस ने लिया हिरासत में

Document Thumbnail

 दुर्ग। जिले के छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पड़ोस में रहने वाले एक 17 वर्षीय नाबालिग पर सात और नौ वर्ष की दो सगी बहनों के साथ अनाचार करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।


खेलने के बहाने बुलाकर दी वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीते गुरुवार (2 जुलाई) शाम की है। आरोपी नाबालिग ने बच्चियों को खेलने के बहाने अपने घर बुलाया था, जहां उसने इस कथित कृत्य को अंजाम दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब बड़ी बच्ची ने घर लौटने पर पेट और निजी अंगों में तेज दर्द की शिकायत की। बच्ची की अस्वस्थ स्थिति देखकर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने दोनों बहनों से अलग-अलग पूछताछ की, तब बच्चियों ने आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने तत्काल छावनी थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

विश्वास का फायदा उठाने का आरोप

पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि दोनों परिवार पड़ोसी होने के कारण एक-दूसरे के परिचित थे और उनके बीच आना-जाना था। आरोपी ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में कुछ पारिवारिक विवाद भी था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सख्त सजा और बुलडोजर की मांग

शिकायत मिलते ही छावनी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाशी शुरू की और आरोपी नाबालिग को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

दूसरी ओर, पीड़ित परिवार और परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.