Media24Media.com: CG NEWS : मासूम को कुचलकर भागा ट्रक चालक… बैरिकेड्स तोड़े, जवानों को रौंदने की कोशिश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : मासूम को कुचलकर भागा ट्रक चालक… बैरिकेड्स तोड़े, जवानों को रौंदने की कोशिश

Document Thumbnail

 मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे 10 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।



सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए नाकेबंदी की, लेकिन चालक ने पुलिस को चुनौती देते हुए बैरिकेड्स तोड़ दिए और महाराष्ट्र बॉर्डर की ओर भाग निकला। पहले मोहला में ट्रक रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ गया। इसके बाद मानपुर में भी उसे रोकने का प्रयास किया गया, फिर भी चालक नहीं रुका।

भागने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस लगातार पीछा करती रही। आखिरकार कोहका के पास ट्रक सड़क से नीचे उतर गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ लिया।

घटना के दौरान चालक को भी चोटें आईं, जिसके चलते उसे इलाज के लिए मानपुर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। शुरुआती जांच के आधार पर चालक के खिलाफ हिट एंड रन, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इधर, हादसे से नाराज ग्रामीणों ने गुंडरदेही गांव में बच्चे का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। बाद में बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भेज दिया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.