Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में बेकाबू सांड का आतंक: बुजुर्ग को सींग पर उठाकर पटका, 6 लोग घायल, इलाके में दहशत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में बेकाबू सांड का आतंक: बुजुर्ग को सींग पर उठाकर पटका, 6 लोग घायल, इलाके में दहशत

Document Thumbnail

 कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में बुधवार सुबह एक आवारा और बेकाबू सांड ने सड़क पर जमकर आतंक मचा दिया। शहर की पुरानी बस्ती स्थित कराते चौक में सांड के हमले से अफरा-तफरी मच गई, जहां उसने राह चलते आधा दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


जानकारी के मुताबिक 55 वर्षीय छोटे लाल श्रीवास सुबह अपने काम से जा रहे थे, तभी अचानक सांड ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने बुजुर्ग को सींगों पर उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हालत नाजुक होने पर उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सांड पिछले कई दिनों से इलाके में घूम रहा था और लगातार राहगीरों व दोपहिया वाहन चालकों को दौड़ाकर हमला कर रहा था। छोटे लाल श्रीवास के अलावा करीब 5 से 6 अन्य लोग भी सांड के हमले में घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

CCTV में कैद हुआ खौफनाक हमला

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

पार्षद ने नगर निगम से की तत्काल कार्रवाई की मांग

घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इस खूंखार सांड को तुरंत पकड़कर गौ सेवा केंद्र या पशु आश्रय गृह भेजा जाए।

पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में और लोग इस बेकाबू सांड के हमले का शिकार हो सकते हैं।

इस घटना के बाद शहर में आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या और नगर निगम की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.