Media24Media.com: महासमुंद में सनसनीखेज हत्याकांड: नाले की रेत में दफन मिली 18 वर्षीय युवती की लाश, बर्थडे की रात हुई थी लापता

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद में सनसनीखेज हत्याकांड: नाले की रेत में दफन मिली 18 वर्षीय युवती की लाश, बर्थडे की रात हुई थी लापता

Document Thumbnail

 महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झारा में नाले के किनारे रेत में दफन एक 18 वर्षीय युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की पहचान भारती टंडन के रूप में की है, जो बीते 19 जून की रात अपने जन्मदिन के दिन रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी।


प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर पर गंभीर चोट और जांघ पर गहरे खरोंच के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है। साथ ही मामले में दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे जा रहे हैं।

रेत में दबी मिली थी लाश

जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर गांव के कुछ लोग नाले की ओर गए थे, जहां बदबू आने पर उन्होंने जांच की। वहां रेत से शरीर का हिस्सा बाहर निकला दिखा, जिसके बाद ग्रामीण घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि शव का निचला हिस्सा बिना कपड़ों के था, जबकि पहनी हुई लेगिंग कुछ दूरी पर पड़ी मिली।

पोस्टमार्टम में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को पहले बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने पाया कि युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव था, जिसे किसी धारदार हथियार से किया गया था। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघ पर गहरे खरोंच के निशान मिले हैं, जिससे हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका मजबूत हुई है।

जन्मदिन की रात घर से हुई थी गायब

परिजनों के अनुसार 19 जून को भारती का 18वां जन्मदिन था। उसी रात करीब 3 बजे वह अचानक घर से गायब हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसका एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और आशंका है कि जन्मदिन के कारण वह उसी रात उससे मिलने घर से निकली थी।

अगले दिन परिजनों ने तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में खल्लारी थाने में मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई गई और 22 जून को नाले की रेत में दफन उसकी लाश बरामद हुई।

कई युवक हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

मृतका तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी और हाल ही में 11वीं पास कर 12वीं में प्रवेश लेने वाली थी। फिलहाल पुलिस ने जिस युवक से युवती का प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है, उस सहित कुछ अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.