Media24Media.com: मानसून की दस्तक से पहले बढ़ी उमस, 3-4 दिन में छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है मानसून

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मानसून की दस्तक से पहले बढ़ी उमस, 3-4 दिन में छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है मानसून

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और अगले तीन से चार दिनों के भीतर इसके प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है।


मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो गया है।

तेज आंधी और बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं अगले दो दिनों में कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। साथ ही कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं।

कई इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 10-10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है।

रायपुर में बादल छाए रहने के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने और उमस बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.