Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में इबोला वायरस का अलर्ट! विदेश से लौटे 3 लोग निगरानी में, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में इबोला वायरस का अलर्ट! विदेश से लौटे 3 लोग निगरानी में, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Document Thumbnail

 रायपुर/भिलाई। दुनिया के सबसे खतरनाक वायरसों में शामिल इबोला को लेकर छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। दुर्ग जिले में कांगो, इथोपिया और युगांडा से लौटे तीन लोगों में इबोला संक्रमण की आशंका के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।


आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें होम आइसोलेशन में भेज दिया है। फिलहाल तीनों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग की जा रही है।

विदेश से लौटे तीनों संदिग्ध दुर्ग पहुंचे

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इथोपिया और युगांडा से लौटे दो व्यक्ति अलग-अलग एयरपोर्ट के माध्यम से दुर्ग पहुंचे, जबकि कांगो से आया तीसरा व्यक्ति पहले मुंबई पहुंचा और वहां से दुर्ग आया। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन सुरक्षा और निगरानी के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

कितना खतरनाक है इबोला वायरस?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार इबोला दुनिया की सबसे घातक संक्रामक बीमारियों में से एक है। यह संक्रमित व्यक्ति के खून, पसीने और अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैलता है। गंभीर मामलों में इसकी मृत्यु दर 50 से 90 प्रतिशत तक हो सकती है।

इबोला के प्रमुख लक्षण

• अचानक तेज बुखार
• अत्यधिक कमजोरी और थकान
• मांसपेशियों में दर्द
• सिरदर्द और गले में खराश
• गंभीर स्थिति में आंतरिक और बाहरी रक्तस्राव

स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्धों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही एयरपोर्ट, अस्पतालों और अन्य निगरानी तंत्र को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय पर पहचान और सावधानी ही इबोला जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.