Media24Media.com: छत्तीसगढ़ - 23 जून से निजी स्कूलों को मिलेंगी किताबें, 13 जुलाई तक पूरा होगा वितरण

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ - 23 जून से निजी स्कूलों को मिलेंगी किताबें, 13 जुलाई तक पूरा होगा वितरण

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र से पहले पाठ्यपुस्तक वितरण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम ने निजी स्कूलों के लिए कक्षा 1 से 10वीं तक की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की किताबों के वितरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। राज्य के 7,890 निजी स्कूलों को 23 जून से 13 जुलाई तक पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।


जानकारी के मुताबिक, प्रदेशभर में करीब 55 लाख पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए पाठ्यपुस्तक निगम के 12 स्थायी एवं अस्थायी डिपो बनाए गए हैं। वितरण प्रक्रिया जिला एवं विकासखंड स्तर पर तय कार्ययोजना के अनुसार संचालित होगी।

रायपुर के 947 निजी स्कूलों को 25 जून से किताबें

रायपुर बुक डिपो से रायपुर और बलौदाबाजार जिले के कुल 1,201 निजी स्कूलों को किताबें वितरित की जाएंगी। इनमें रायपुर जिले के चारों विकासखंडों के 947 स्कूलों को 25 जून से 12 जुलाई तक पाठ्यपुस्तकें दी जाएंगी।

वहीं, रायपुर स्थित सेजेस सरोना डिपो से धमतरी और बेमेतरा जिले के 417 स्कूलों को तथा लालपुर अस्थायी डिपो से महासमुंद और गरियाबंद जिले के 356 स्कूलों को किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन डिपो में वितरण कार्य 25 जून से 4 जुलाई तक चलेगा।

तय तिथि पर नहीं पहुंचे तो बाद में मिलेगी किताबें

पाठ्यपुस्तक निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर यदि किसी स्कूल का प्रतिनिधि या प्राचार्य पुस्तकें लेने नहीं पहुंचता है, तो संबंधित डिपो की पूरी वितरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही उस स्कूल को किताबें दी जाएंगी।

टोकन व्यवस्था भी रहेगी लागू

यदि किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर डिपो से किताबों का वितरण नहीं हो पाता है, तो डिपो प्रभारी संबंधित विद्यालय को टोकन नंबर जारी करेगा। ऐसे स्कूलों को अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिक्षा विभाग और पाठ्यपुस्तक निगम का दावा है कि तय समयसीमा के भीतर सभी निजी विद्यालयों तक किताबें पहुंचा दी जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.