Media24Media.com: #नए शिक्षा सत्र

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #नए शिक्षा सत्र. Show all posts
Showing posts with label #नए शिक्षा सत्र. Show all posts

छत्तीसगढ़ - 23 जून से निजी स्कूलों को मिलेंगी किताबें, 13 जुलाई तक पूरा होगा वितरण

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र से पहले पाठ्यपुस्तक वितरण को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम ने निजी स्कूलों के लिए कक्षा 1 से 10वीं तक की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की किताबों के वितरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। राज्य के 7,890 निजी स्कूलों को 23 जून से 13 जुलाई तक पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।


जानकारी के मुताबिक, प्रदेशभर में करीब 55 लाख पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए पाठ्यपुस्तक निगम के 12 स्थायी एवं अस्थायी डिपो बनाए गए हैं। वितरण प्रक्रिया जिला एवं विकासखंड स्तर पर तय कार्ययोजना के अनुसार संचालित होगी।

रायपुर के 947 निजी स्कूलों को 25 जून से किताबें

रायपुर बुक डिपो से रायपुर और बलौदाबाजार जिले के कुल 1,201 निजी स्कूलों को किताबें वितरित की जाएंगी। इनमें रायपुर जिले के चारों विकासखंडों के 947 स्कूलों को 25 जून से 12 जुलाई तक पाठ्यपुस्तकें दी जाएंगी।

वहीं, रायपुर स्थित सेजेस सरोना डिपो से धमतरी और बेमेतरा जिले के 417 स्कूलों को तथा लालपुर अस्थायी डिपो से महासमुंद और गरियाबंद जिले के 356 स्कूलों को किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन डिपो में वितरण कार्य 25 जून से 4 जुलाई तक चलेगा।

तय तिथि पर नहीं पहुंचे तो बाद में मिलेगी किताबें

पाठ्यपुस्तक निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर यदि किसी स्कूल का प्रतिनिधि या प्राचार्य पुस्तकें लेने नहीं पहुंचता है, तो संबंधित डिपो की पूरी वितरण प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही उस स्कूल को किताबें दी जाएंगी।

टोकन व्यवस्था भी रहेगी लागू

यदि किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर डिपो से किताबों का वितरण नहीं हो पाता है, तो डिपो प्रभारी संबंधित विद्यालय को टोकन नंबर जारी करेगा। ऐसे स्कूलों को अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिक्षा विभाग और पाठ्यपुस्तक निगम का दावा है कि तय समयसीमा के भीतर सभी निजी विद्यालयों तक किताबें पहुंचा दी जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

खूब पढ़ो, आगे बढ़ो और राज्य का गौरव बनो: मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूल की घंटी फिर से गूंजने लगी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्कूली बच्चों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा है— "खूब पढ़ो, आगे बढ़ो और छत्तीसगढ़ का गौरव बनो।


मुख्यमंत्री साय ने स्कूली बच्चों से कहा है कि नई किताबों की खुशबू, नई कक्षा का उत्साह और नए सपनों के साथ एक नई शुरुआत हो रही है। आज का यह दिन हम सभी के लिए विशेष है। उन्होंने स्कूली बच्चों से कहा कि मन लगाकर पढ़िए, जिज्ञासा के साथ प्रश्न पूछिए, उत्तर खोजिए और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि "हमने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नई शिक्षा नीति के संकल्पों के अनुरूप व्यापक बदलाव कर प्रदेश के भविष्य को सँवारने का प्रयास किया है। आप निश्चिंत होकर पढ़ाई में मन लगाइए, बाकी की चिंता मुझ पर छोड़ दीजिए। आपकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी विद्यालय अब शिक्षकविहीन न रहे। इसके लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं ताकि शिक्षा का एक समग्र और प्रेरणादायक वातावरण बन सके।


मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी नए शैक्षणिक सत्र के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.