Media24Media.com: कर्नाटक में खत्म हो सकता है सियासी सस्पेंस, गुरुवार को इस्तीफा दे सकते हैं सिद्दारमैया

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कर्नाटक में खत्म हो सकता है सियासी सस्पेंस, गुरुवार को इस्तीफा दे सकते हैं सिद्दारमैया

Document Thumbnail

 कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रहा सियासी घटनाक्रम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। कांग्रेस शासित राज्य में पिछले कई महीनों से जारी अटकलों के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी आलाकमान की मैराथन बैठक हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के इस्तीफे की चर्चाएं तेज हो गई हैं।


सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्दारमैया गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान ने उनसे नेतृत्व परिवर्तन के लिए तैयार रहने को कहा है।

राहुल गांधी ने दिया संकेत

राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुई बैठक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने सिद्दारमैया से कहा कि अब “अगले व्यक्ति को मौका दिया जाना चाहिए।”

बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान राज्य में सहज और विवाद रहित नेतृत्व परिवर्तन चाहता है। सूत्रों के अनुसार सिद्दारमैया ने पार्टी के फैसले को स्वीकार करने की बात कही है, हालांकि औपचारिक इस्तीफे से पहले उन्होंने एक-दो दिन का समय मांगा है।

नेतृत्व परिवर्तन का फॉर्मूला तैयार

हालांकि आधिकारिक तौर पर बैठक को राज्यसभा और एमएलसी चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं सबसे ज्यादा हैं। सूत्रों का दावा है कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन का पूरा फॉर्मूला तैयार किया जा रहा है और 18 जून के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले की चर्चा

गौरतलब है कि 20 मई को कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से ही नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अटकलें तेज हैं। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के समर्थक लंबे समय से दावा कर रहे हैं कि 2023 विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर ढाई-ढाई साल का फार्मूला तय हुआ था। इसी के तहत अब शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठ रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.