Media24Media.com: CG NEWS : आठ महीने बाद हत्या का खुलासा: पैसों के लालच में सरपंच ने रची साजिश, चार आरोपी गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : आठ महीने बाद हत्या का खुलासा: पैसों के लालच में सरपंच ने रची साजिश, चार आरोपी गिरफ्तार

Document Thumbnail

 कांकेर। नरहरपुर थाना हल्बा पुलिस ने आठ महीने पुराने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जमीन बिक्री में हुए पैसों के गबन का राज खुलने के डर से ग्रामीण की हत्या की गई थी। मृतक मिलन पटेल को शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया था।


पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2025 को ग्राम डुमरपानी निवासी मिलन पटेल ने जहरीला पदार्थ सेवन किया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 30 जुलाई 2025 को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की।

जांच के दौरान मृतक की पुत्री जागेश्वरी पटेल ने गांव के वतन पटेल पर संदेह जताया। पूछताछ में वतन पटेल ने खुलासा किया कि मिलन पटेल की हत्या के लिए उसे 10 हजार रुपये दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें सोनाराम सिन्हा, बिहारी लाल शोरी और सरपंच कंशराम नेताम के नाम सामने आए। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

जमीन बिक्री में हेरफेर का आरोप

पुलिस जांच में पता चला कि अप्रैल 2025 में मिलन पटेल ने अपनी जमीन 16 लाख 50 हजार रुपये में बेची थी। इस सौदे में सरपंच कंशराम नेताम, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी साक्षी और सहयोगी थे। आरोप है कि जमीन बिक्री की वास्तविक रकम मृतक और उसके परिवार से छुपाई गई थी।

बताया गया कि खरीदार द्वारा दिए गए चेक भी सरपंच कंशराम नेताम ने अपने कब्जे में रखे थे। बाद में शिकायत के बाद चेक मृतक की पुत्री को सौंपे गए। जमीन सौदे की जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने मामले की शिकायत की थी।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक हेराफेरी का मामला उजागर होने के डर से सरपंच कंशराम नेताम ने 27 जुलाई 2025 को बिहारी लाल और सोनाराम को अपने घर बुलाया। वहां मिलन पटेल की हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों ने वतन पटेल को 10 हजार रुपये, दो पौवा शराब और जहर की डिब्बी देकर हत्या करने के लिए तैयार किया।

शुरुआत में वतन पटेल ने मना किया, लेकिन पैसों और अतिरिक्त लाभ के लालच में वह साजिश में शामिल हो गया।

शराब में जहर मिलाकर दी मौत

आरोपियों के कहने पर वतन पटेल शराब और जहर लेकर मिलन पटेल के घर पहुंचा। उसने स्टील के गिलास में शराब में जहर मिलाकर मिलन पटेल को पिला दिया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और 29 जुलाई 2025 को उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में सरपंच कंशराम नेताम, सोनाराम सिन्हा, बिहारी लाल शोरी और वतन पटेल को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.