Media24Media.com: CG NEWS : बीच बाजार सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लूट की वारदात से फैली सनसनी

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : बीच बाजार सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, लूट की वारदात से फैली सनसनी

Document Thumbnail

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार तीन अज्ञात आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने लूट की वारदात को भी अंजाम दिया है।


जानकारी के मुताबिक पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू कोटमी साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी का कारोबार करने पहुंचे थे। रोज की तरह उन्होंने बाजार में अपनी दुकान लगाई थी। बताया जा रहा है कि शाम के समय पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक बाजार पहुंचे और सीधे व्यापारी के पास पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बेहद करीब से व्यापारी के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मदद से घायल व्यापारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। व्यापारी की मौत की खबर फैलते ही परिवार में मातम छा गया और बाजार क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

लूट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपियों ने वारदात के दौरान लूट की घटना को भी अंजाम दिया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश कितनी रकम या कितना सोना-चांदी लेकर फरार हुए हैं। पुलिस नुकसान का आकलन कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से एक कारतूस बरामद किया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। जिलेभर में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राम गोपाल गर्ग भी बिलासपुर से पेंड्रा के लिए रवाना हो गए हैं।

व्यापारियों में नाराजगी

भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े हुई हत्या और लूट की इस घटना से व्यापारियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक कोटमी साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और व्यापारी पहुंचते हैं, ऐसे में खुलेआम गोलीबारी की घटना से लोगों में भय का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.