Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से बढ़ी हलचल, सरकार ने कहा- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह से बढ़ी हलचल, सरकार ने कहा- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बाद कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।


खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ऑयल कंपनियों और राज्य शासन के समन्वय से सभी पेट्रोल पंपों तक लगातार सप्लाई पहुंचाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक में आकर जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें।

खाद्य विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में 45,474 किलोलीटर पेट्रोल और 84,654 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। वहीं प्रतिदिन पेट्रोल की खपत करीब 3,635 किलोलीटर और डीजल की आवश्यकता लगभग 5,873 किलोलीटर है। विभाग का कहना है कि ऑयल डिपो तक नियमित रूप से आपूर्ति पहुंच रही है तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। इनमें रायपुर के 326 पंपों में से 35 और बिलासपुर के 156 पंपों में से 13 पंप फिलहाल अस्थायी रूप से ड्राई आउट बताए गए हैं। खाद्य विभाग के मुताबिक इन पंपों तक तेजी से स्टॉक पहुंचाने का काम जारी है।

पिछले दो दिनों में कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबरों के बाद लोगों में अचानक घबराहट बढ़ गई थी। बड़ी संख्या में लोगों द्वारा जरूरत से अधिक पेट्रोल-डीजल खरीदे जाने के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम कमी जैसी स्थिति बन गई।
खाद्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी प्रकार की वास्तविक कमी नहीं है। यह स्थिति केवल अचानक बढ़ी मांग के कारण बनी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या भ्रम में आकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें। शासन और ऑयल कंपनियां मिलकर सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित सप्लाई सुनिश्चित कर रही हैं।
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.