Media24Media.com: 21 जून को दोबारा होगी NEET-UG परीक्षा, NTA ने जारी की नई तारीख

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

21 जून को दोबारा होगी NEET-UG परीक्षा, NTA ने जारी की नई तारीख

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी घोषणा की है। एनटीए ने शुक्रवार को बताया कि NEET-UG 2026 की पुनः परीक्षा अब रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।


एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। एजेंसी ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।

शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, NEET-UG की दोबारा परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (स्कूल शिक्षा) संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। हालांकि पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद NTA ने दोबारा परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने की बात कही थी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी और न ही कोई अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।

पेपर लीक मामले में CBI की जांच जारी

NEET-UG पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने गुरुवार को इस मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया, वहीं दो अन्य संदिग्धों को भी पकड़ा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच एजेंसी NTA के भीतर संभावित मिलीभगत की भी जांच कर रही है। सीबीआई का कहना है कि इस मामले में सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
NTA देशभर के MBBS, BDS और अन्य अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में प्रवेश के लिए NEET-UG परीक्षा आयोजित करती है। यह परीक्षा इस वर्ष देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की गई थी।
Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.