Media24Media.com: महंगाई की मार: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, कई शहरों में ₹3.29 तक महंगा हुआ ईंधन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महंगाई की मार: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, कई शहरों में ₹3.29 तक महंगा हुआ ईंधन

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल का असर अब देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में ₹3.29 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही कई महानगरों में सीएनजी की कीमतों में भी इजाफा किया गया है।


राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹94.77 से बढ़कर ₹97.77 प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल ₹87.67 से बढ़कर ₹90.67 प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं, सीएनजी की कीमत में ₹2 प्रति किलो की वृद्धि के बाद यह ₹79.09 प्रति किलो हो गई है।

कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

देश के प्रमुख महानगरों में कोलकाता में पेट्रोल की कीमतों में सबसे ज्यादा ₹3.29 प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बाद वहां पेट्रोल ₹108.74 प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में पेट्रोल ₹3.14 महंगा होकर ₹106.68 प्रति लीटर हो गया, जबकि चेन्नई में ₹2.83 की बढ़ोतरी के बाद कीमत ₹103.67 प्रति लीटर हो गई है।

डीजल के दाम में भी उछाल

डीजल की कीमतों में भी ₹3 से अधिक की वृद्धि की गई है। कोलकाता में डीजल ₹3.11 बढ़कर ₹95.13 प्रति लीटर पहुंच गया है। मुंबई में डीजल ₹93.14 प्रति लीटर और चेन्नई में ₹95.25 प्रति लीटर हो गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर सब्जियों, राशन, दूध और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा। इससे आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

तेल कंपनियों पर बढ़ा दबाव

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल महंगा होने से सरकारी तेल कंपनियों का मार्जिन प्रभावित हुआ है। कंपनियों को हर महीने करीब ₹30 हजार करोड़ का नुकसान उठाना पड़ रहा था, जिसके बाद कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया।

अप्रैल में बढ़ी थोक महंगाई

हाल ही में जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल महीने में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी के चलते थोक महंगाई दर कई वर्षों के उच्च स्तर पर पहुंच गई। पेट्रोल की महंगाई दर 32.4 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो पिछले महीने 2.50 प्रतिशत थी। वहीं, हाई-स्पीड डीजल की महंगाई दर 3.62 प्रतिशत से बढ़कर 25.19 प्रतिशत हो गई।

कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बाद कच्चा तेल करीब 50 प्रतिशत तक महंगा हो चुका है। भारत अपनी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, जिसमें खाड़ी देशों की बड़ी हिस्सेदारी है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट में बाधा के कारण वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हुई है। ऐसे में यदि हालात जल्द सामान्य नहीं हुए, तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

 
 
 
Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.