Media24Media.com: 25 मई से शुरू होगा नौतपा: 48°C तक पहुंचेगा तापमान, IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

25 मई से शुरू होगा नौतपा: 48°C तक पहुंचेगा तापमान, IMD ने जारी किया हीटवेव अलर्ट

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। देशभर में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जो 2 जून तक चलेगा। इस दौरान उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भीषण गर्मी, लू और उमस से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।


क्या होता है नौतपा?

‘नौतपा’ शब्द संस्कृत के ‘नव’ और ‘तप’ से मिलकर बना है, जिसका अर्थ है नौ दिनों की तेज तपिश। हर साल मई के आखिरी और जून के शुरुआती दिनों में पड़ने वाली इस भीषण गर्मी का असर उत्तर भारत में सबसे ज्यादा देखने को मिलता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में इन दिनों सूरज आग बरसाता है।

क्यों बढ़ती है गर्मी?

वैज्ञानिकों के अनुसार पृथ्वी 23.5 डिग्री झुकी हुई है और मई के अंत तक सूर्य कर्क रेखा के करीब पहुंच जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें उत्तरी गोलार्ध पर सीधे पड़ती हैं, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी चरम पर पहुंच जाती है। दिन लंबे हो जाते हैं और जमीन पूरे दिन गर्मी सोखती रहती है। यही वजह है कि रात में भी तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहता है।

लू और उमस का डबल अटैक

राजस्थान और पश्चिमी रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म व सूखी हवाएं उत्तर भारत में लू का रूप ले लेती हैं। वहीं, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नमी भरी हवाओं के कारण उमस भी बढ़ जाती है। बारिश नहीं होने से पसीना सूख नहीं पाता और गर्मी ज्यादा महसूस होती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, 45 डिग्री तापमान और 60 से 70 प्रतिशत ह्यूमेडिटी के दौरान शरीर को 50 से 55 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हो सकती है। इसे ‘हीट इंडेक्स’ कहा जाता है।

कब मिलेगी राहत?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नौतपा खत्म होने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच जाएगा और धीरे-धीरे पूरे देश में आगे बढ़ेगा। मानसून की पहली बारिश के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.