Media24Media.com: मुख्यमंत्री साय का दुर्ग दौरा कल , 259 करोड़ के 191 विकास कार्यों की देंगे सौगात

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मुख्यमंत्री साय का दुर्ग दौरा कल , 259 करोड़ के 191 विकास कार्यों की देंगे सौगात

Document Thumbnail

 दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 31 मई को दुर्ग प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे शहर को 259 करोड़ रुपये के 191 विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे, वहीं नगर निगम द्वारा शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों के लिए अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति भी मांगी जाएगी।


248 करोड़ के 66 कार्यों का होगा भूमिपूजन

मुख्यमंत्री 248 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 66 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें 77 एमएलडी क्षमता के एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी के तहत कम्पोस्ट प्लांट, इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग, नालंदा परिसर निर्माण सहित विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नालियां, पुलिया और डामरीकरण कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, केनाल रोड और सिकोला नाला विकास, जलागार निर्माण तथा पाइपलाइन विस्तार जैसे अधोसंरचना कार्यों की भी आधारशिला रखी जाएगी।

11.32 करोड़ के 25 कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री 11.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 25 विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें मॉडल स्ट्रीट फूड हब, विभिन्न वार्डों में पेवर ब्लॉक और सड़क निर्माण, मेनोनाइट चौक से चौपाटी तक सड़क चौड़ीकरण तथा गंजपारा चौक से शिवनाथ नदी तक सड़क उन्नयन कार्य प्रमुख हैं।

महापौर सौंपेंगी 100 करोड़ के प्रस्ताव

दौरे के दौरान दुर्ग महापौर अलका बाघमार मुख्यमंत्री को करीब 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति संबंधी मांगपत्र सौंपेंगी। इसमें नगर निगम की नई प्रशासनिक बिल्डिंग, एक हजार क्षमता वाला ऑडिटोरियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सियान सदन, जलभराव निराकरण और शहर के अधोसंरचना विकास से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।

नई निगम बिल्डिंग के लिए मांगे जाएंगे 20 करोड़

नगर निगम के कई विभाग वर्तमान में अलग-अलग भवनों से संचालित हो रहे हैं। सभी विभागों को एक ही परिसर में संचालित करने के उद्देश्य से नए निगम भवन की मांग लंबे समय से की जा रही है। सिंचाई विभाग से जमीन संबंधी एनओसी मिलने के बाद अब इस परियोजना के लिए 20 करोड़ रुपये की मांग की जाएगी।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सियान सदन भी प्रस्तावित

एमआईसी की बैठक में तय प्रस्तावों के अनुसार आदित्य नगर चौक के पास पांच एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शहर में पांच सियान सदन, वार्ड-60 में अधूरा बैडमिंटन कोर्ट, इंदिरा मार्केट उन्नयन और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए विशेष बजट की मांग भी रखी जाएगी।

इसके अलावा सभी 60 वार्डों में अधोसंरचना विकास के लिए 20 करोड़ रुपये तथा नालियों और पाइपलाइन को अलग-अलग करने की योजना के लिए भी वित्तीय स्वीकृति मांगी जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कार्यक्रम स्थल जेआरडी शासकीय स्कूल मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.