Media24Media.com: CG NEWS : दिनदहाड़े सब्जी मंडी में व्यापारी से 25 हजार की लूट, चाकू की नोक पर वारदात

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CG NEWS : दिनदहाड़े सब्जी मंडी में व्यापारी से 25 हजार की लूट, चाकू की नोक पर वारदात

Document Thumbnail

 बालोद। जिले के मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से व्यापारियों में दहशत फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी को चाकू दिखाकर 25 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


सब्जी खरीदने और भुगतान के लिए लाया था नकदी

जानकारी के अनुसार ग्राम रेंघनी (मालीघोरी) निवासी डोमेश्वर पटेल सब्जी व्यवसाय से जुड़े हैं और विभिन्न बाजारों में दुकान लगाकर व्यापार करते हैं। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वे बालोद सब्जी मंडी पहुंचे थे। उनके पास करीब 25 हजार रुपये नकद थे, जिनका उपयोग उन्हें सब्जी खरीदने और अन्य व्यापारियों को भुगतान करने के लिए करना था।

बाथरूम में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि सब्जी खरीदने के बाद डोमेश्वर पटेल मंडी परिसर स्थित बाथरूम गए। इसी दौरान कुछ युवक उनके पीछे अंदर घुस गए। आरोप है कि बदमाशों ने चाकू पेट पर अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और उनके पास रखे 25 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

व्यापारियों में आक्रोश, थाने पहुंची शिकायत

घटना के बाद पीड़ित व्यापारी अन्य व्यापारियों के साथ बालोद थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। दिनदहाड़े मंडी परिसर में हुई इस घटना से व्यापारियों में रोष और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मंडी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

10 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

जांच के दौरान पुलिस ने पाण्डेयपारा, टिकरापारा और नयापारा क्षेत्र से 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों में से एक की पहचान पीड़ित व्यापारी द्वारा किए जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जल्द होगा मामले का खुलासा

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी संभावित पहलुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सब्जी मंडी जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि मंडी में प्रतिदिन लाखों रुपये का नकद लेन-देन होता है, ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बेहद जरूरी हैं।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.