कवर्धा। जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नेउरगांव में महिला सरपंच से जुड़ा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मारपीट, धमकी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का एक पक्ष बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचा और शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने वर्तमान महिला सरपंच और उनके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूर्व सरपंच द्वारा कराए गए विकास कार्यों की राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। साथ ही करीब 15 लाख रुपये के कथित गबन को लेकर गांव में विवाद की स्थिति बनी हुई है।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, विवाद के दौरान मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं भी हुई हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच और उनके पति द्वारा लोगों को एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी जाती रही है। इस संबंध में पहले भी शिकायत किए जाने का दावा किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष पर भी गांव के लोगों के साथ मारपीट करने के आरोप लगे हैं। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद के चलते गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

.gif)