सरगुजा। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार मामला लैंगा गांव का है, जहां 25 वर्षीय महिला का शव घर में संदिग्ध हालत में मिला। परिजनों का कहना है कि महिला के हाथों में जलने के निशान मिले हैं, जिससे करंट देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के भाई और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही महिला को प्रताड़ित किया जाता था। वर्ष 2020 में शादी होने के बाद संतान नहीं होने पर पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पति का किसी दूसरी महिला से संबंध था। सोशल मीडिया पर दूसरी युवती की तस्वीरें साझा करने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
बताया जा रहा है कि मामले को लेकर समाज स्तर पर दो बार पंचायत भी हुई थी, जहां पति को पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करने की समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
परिवार वालों का दावा है कि आरोपी पति ने पहले भी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं घटना के बाद पति के डांस करने की बात भी सामने आई है, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

.gif)