Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

श्रद्धा, संस्कृति और संगीत के संगम के साथ सिरपुर महोत्सव का भव्य समापन

Document Thumbnail

सिरपुर महोत्सव हमारी गौरवशाली परंपराओं, सभ्यता और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम- सांसद रूपकुमारी चौधरी

सिरपुर हमारी आस्था,संस्कृति और इतिहास का जीवंत प्रतीक- विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा

महासमुंद- सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आज भव्य एवं गरिमामयी समापन समारोह सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद रूपकुमारी चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, भारत स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, सिरपुर सरपंच पुष्पा के माली, डीलेश्वरी चंद्राकर, जितेंद्र सिंह, ओमप्रकाश चौधरी, महेंद्र सिक्का, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद  रूपकुमारी चौधरी ने विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया। साथ ही अतिथियों द्वारा कॉफी टेबल बुक एवं महासमुंद जिले की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया गया। 

मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिरपुर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर है। सिरपुर की प्राचीन विरासत, बौद्ध विहारों, मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों ने इसे विश्व पटल पर विशेष स्थान दिलाया है। यहां आयोजित सिरपुर महोत्सव हमारी गौरवशाली परंपराओं, सभ्यता और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। जो युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संस्कृति, पर्यटन एवं विरासत संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा एक भारत-श्रेष्ठ भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को नई दिशा दी जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा भी ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सांसद चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन एवं ग्रामीण सड़क योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से सिरपुर को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन, आयोजन समिति एवं सभी सहयोगी संस्थाओं की सराहना की।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सिरपुर हमारी आस्था, संस्कृति और इतिहास का जीवंत प्रतीक है। यह भूमि हमें हमारी गौरवशाली विरासत से जोड़ती है। सिरपुर महोत्सव के माध्यम से हमारी लोक कला, लोक संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सिरपुर के विकास एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि सिरपुर महोत्सव से क्षेत्र के पर्यटन, रोजगार एवं स्थानीय कला को नई पहचान मिली है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।

स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि सिरपुर केवल एक ऐतिहासिक नगरी नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव के माध्यम से इस गौरवशाली धरोहर को जन-जन तक पहुँचाने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। यह महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपरा, कला और इतिहास को नई पीढ़ी से जोड़ने का माध्यम बन चुका है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन पर शासन, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक टीम, कलाकारों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव हमारी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास है। सभी के सहयोग, अनुशासन एवं उत्साह से यह आयोजन सफल एवं यादगार बना।

समापन अवसर पर महोत्सव में आकर्षक प्रस्तुतिया देने वाले कलाकारों, सांस्कृतिक दलों एवं आयोजन से जुड़े प्रमुख आयोजकों को मंच पर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लोकनृत्य, शास्त्रीय संगीत, भजन-कीर्तन एवं आधुनिक संगीत कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही विभागीय प्रदर्शनी एवं एलईडी छायाचित्र प्रदर्शनी लोगों के लिए आकर्षण बना रहा। देश-प्रदेश से आए पर्यटकों ने सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहरों, मंदिरों एवं विहारों का अवलोकन कर इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.