Media24Media.com: प्रधानमंत्री ने जापान के प्रीफेक्चर्स के गवर्नरों के साथ किया संवाद

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

प्रधानमंत्री ने जापान के प्रीफेक्चर्स के गवर्नरों के साथ किया संवाद

Document Thumbnail

दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जापान के विभिन्न प्रीफेक्चर्स के गवर्नरों के साथ बैठक की। इस संवाद में कुल सोलह गवर्नर शामिल हुए। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत–जापान के समकालीन संबंध, जो दोनों देशों के प्राचीन सभ्यतागत जुड़ाव से शक्ति प्राप्त करते हैं, निरंतर प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत–जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी कई क्षेत्रों में गति प्राप्त कर रही है। अब समय आ गया है कि टोक्यो और दिल्ली तक सीमित रिश्तों से आगे बढ़ते हुए राज्य–प्रीफेक्चर स्तर की भागीदारी को नया आयाम दिया जाए।

प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि 15वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में शुरू की गई स्टेट–प्रीफेक्चर पार्टनरशिप पहल दोनों देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, कौशल, सुरक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को नई दिशा देगी। उन्होंने जापानी गवर्नरों और भारतीय राज्यों से आह्वान किया कि वे इस नई पहल का लाभ उठाकर विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, नवाचार, गतिशीलता, नेक्स्ट-जनरेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप्स और लघु एवं मध्यम उद्यमों (SMEs) में नई साझेदारियाँ स्थापित करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जापान के प्रत्येक प्रीफेक्चर की अपनी विशिष्ट आर्थिक और तकनीकी क्षमता है, ठीक उसी तरह भारत के राज्यों की भी विविध विशेषताएँ हैं। उन्होंने गवर्नरों को भारत की विकास यात्रा में साझेदार बनने का आमंत्रण दिया। साथ ही उन्होंने उनसे आग्रह किया कि दोनों देशों द्वारा किए गए युवा और कौशल आदान-प्रदान संबंधी वादों को पूरा करने में योगदान दें और जापानी तकनीक को भारतीय प्रतिभा के साथ सर्वोत्तम रूप से मिलाएँ।

गवर्नरों ने माना कि उप-राष्ट्रीय स्तर पर सहयोग ही वह कुंजी है, जिससे भारत–जापान के व्यावसायिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और जन-से-जन संबंधों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकेगा।


Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.