Media24Media.com: मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 का भव्य आयोजन

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 का भव्य आयोजन

Document Thumbnail

दिल्ली- आज सुबह प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 के विशेष आयोजन – फ़िट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल – का गवाह बना। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेल महासंघों ने हिस्सा लिया और युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने समारोह का नेतृत्व किया। यह आयोजन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती पर आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय उत्सव का समापन था।

युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने यहाँ से फ़िट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई

डॉ. मांडविया ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि यह “एक ऐसा आंदोलन है जो भारतीयों को उनकी मिट्टी से जोड़ता है, स्थिरता को बढ़ावा देता है और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को साकार करता है।” उन्होंने संबोधित करते हुए कहा:

“तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस उत्सव एक सच्चे जन आंदोलन का रूप ले चुका है। गाँव के खेल मैदानों से लेकर राष्ट्रीय स्टेडियमों तक, लगभग 30 करोड़ भारतीयों ने खेल, फिटनेस और ध्यानचंद जी की विरासत का उत्सव मनाया है। यह अभूतपूर्व भागीदारी भारत की बढ़ती खेल संस्कृति और फिटनेस को जीवनशैली बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।”

उन्होंने आगे कहा:

“साइक्लिंग केवल व्यायाम नहीं है, यह अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ने का माध्यम है। ऐसे सरल और सतत अभ्यास हमारे आत्मनिर्भरता के संस्कार और स्वदेशी गर्व की भावना को दर्शाते हैं। यही ‘गर्व से स्वदेशी’ की भावना हमें स्वदेशी तरीकों से फिट और मज़बूत बनने के लिए प्रेरित करती है और एक स्वस्थ, आत्मविश्वासी भारत के निर्माण में योगदान देती है।”

मुंबई के बोरीवली नेशनल पार्क में ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ का विशेष संस्करण आयोजित हुआ, जिसमें युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे और बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ शामिल हुए।

पूर्व भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी और ध्यानचंद पुरस्कार विजेता त्रुप्ति मुर्गुंडे विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा: “इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान में करोड़ों लोगों की भागीदारी अद्भुत है और यह भारतीय खेलों की बढ़ती प्रगति को दर्शाता है। आज का माहौल जोश और उत्साह से भरा हुआ था। हर उम्र के लोग रविवार सुबह एक साथ आए। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का धन्यवाद करना चाहती हूँ जिन्होंने फ़िट इंडिया की शुरुआत की।”

अभूतपूर्व राष्ट्रीय भागीदारी

इस पहल का पैमाना ऐतिहासिक रहा। देशभर के 700 ज़िलों में 10,000 से अधिक स्थानों से लगभग 30 करोड़ नागरिकों ने खेल गतिविधियों, साइक्लिंग रैलियों और स्वदेशी खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। देशभर के 3,000 से अधिक ‘नमो फ़िट इंडिया क्लब्स फ़ॉर साइक्लिंग’ ने भी हिस्सा लिया, जिससे फिटनेस, स्थिरता और सामुदायिक भावना का संदेश मजबूत हुआ।

हिमालयी घाटियों से लेकर तटीय कस्बों तक, व्यस्त महानगरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक, पूरे भारत ने एक साथ इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस उत्सव के तीसरे दिन साइकिल चलाई। विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में 2500 से अधिक प्रतिभागियों के साथ साइक्लिंग की, वहीं तेलंगाना के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा ने 1000 से अधिक उत्साही प्रतिभागियों के साथ साइक्लिंग की। विभिन्न सांसदों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी देशभर में आयोजन में हिस्सा लिया।

अन्य मुख्य आकर्षण

1]SAI NSSC बेंगलुरु में पैरा-एथलीट अंकुर धामा और रवि रंगोली ने रैली का नेतृत्व किया।

2]SAI NCOE जगतपुर एवं STC कटक में ओडिशा खेल संघों के सहयोग से आयोजन हुआ।

3]फ़िट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल आंदोलन की शुरुआत से अब तक यह 40,000 से अधिक स्थानों पर 7 लाख से ज़्यादा लोगों तक पहुँच चुका है।

यह पहल युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI), योगासन भारत और MY भारत के सहयोग से चलाई जा रही है। यह सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की राजधानियों, SAI क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (NCOEs), SAI प्रशिक्षण केंद्रों (STCs) और खेलो इंडिया केंद्रों में एक साथ आयोजित की जाती है।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.