Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

राजभवन में भी महानवमी के अवसर पर पूजा-अर्चना

रायपुर। शारदेय नवरात्र के आखिरी दिन आज प्रदेश में महानवमी मनाई जा रही है। आज सिद्धिदात्री रूप में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। राजधानी रायपुर में जगह-जगह कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। कल से जंवारा विसर्जन के साथ पूजा पंडालों में विराजी देवी प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू होगा। इस बीच, राजभवन में भी महानवमी के अवसर पर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कन्या भोज भी कराया। वहीं, मुख्यमंत्री निवास पर भी कन्या भोज का आयोजन किया गया।



विजयादशमीं का पर्व कल मनाया जाएगा। इस मौके पर राजधानी में अनेक जगहों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। आधा दर्जन से अधिक जगहों पर बड़े स्तर पर दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। कई जगहों पर रावण दहन से पहले रामलीला का मंचन भी किया जाएगा। राजधानी रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी में कोरोना काल के बाद दशहरा उत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस बार एक सौ दस फीट का रावण और सत्तर-सत्तर फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बनाए गए हैं। रावण दहन से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा आतिशबाजी भी होगी।



कार्यक्रम में रामायण धारावाहिक में राम का अभिनय करने वाले पात्र अरुण गोविल और माता सीता का अभिनय करने वाली दीपिका चिखलिया विशेष अतिथि होंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, रायपुर के रावणभाटा मैदान में सत्तर फीट का रावण बनाया जा रहा है। राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने दशहरा पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेश की सुख और समृद्धि की कामना की है। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि यह उत्सव हमें याद दिलाता है कि जो लोग सत्य, सदाचार और अच्छाई के रास्ते पर चलते हैं, उनकी सदैव जीत होती है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.