Media24Media.com: राजधानी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label राजधानी. Show all posts
Showing posts with label राजधानी. Show all posts

मुख्यमंत्री साय ने जापान पहुंचने के बाद सबसे पहले टोक्यो स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर में की पूजा-अर्चना

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान पहुंचने के बाद सबसे पहले जापान की राजधानी टोक्यो में स्थित ऐतिहासिक असाकुसा मंदिर के दर्शन किए। टोक्यो का यह सबसे प्राचीन और प्रतिष्ठित मंदिर शांति और सामर्थ्य का प्रतीक माना जाता है।

मुख्यमंत्री साय ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता. की खुशहाली, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर मानवता को शांति और शक्ति का संदेश देता है और यही भाव छत्तीसगढ़ की जनता की आकांक्षाओं में भी झलकता है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO), भारत सरकार के आमंत्रण पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर है। इस ग्लोबल आउटरीच मिशन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करना और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नए अवसरों को तलाशना है।


छत्तीसगढ़ की गौरव गाथा और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी संपन्न

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित “छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों” पर आधारित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आज समापन हुआ। यह प्रदर्शनी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुभारंभ की गई थी।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के वीर क्रांतिकारियों की गाथाओं, उनके संघर्षों और स्वतंत्रता आंदोलन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिकाओं को आकर्षक छायाचित्रों, दस्तावेजों और जीवन प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। साथ ही, राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, रामलला दर्शन योजना, पीएम जनमन योजना, महिला सशक्तीकरण एवं जनदर्शन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक भी आगंतुकों को देखने को मिली।

विद्यार्थियों में रहा खास उत्साह

सात दिनों तक आयोजित “खेलो छत्तीसगढ़ ज्ञान प्रतियोगिता” और वर्चुअल रियलिटी गेम्स प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के राजकीय वृक्ष, पुष्प, राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर कला शैली, बस्तर क्राफ्ट, जशपुर के जलप्रपात और सरगुजा के खनिजों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। परी मानिकपुरी (संत कंवर राम विद्यालय) ने सभी प्रश्नों के सही उत्तर देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, दुर्ग की श्रीमती पायल शर्मा और रायपुर की श्रीमती गीता गुप्ता ने वर्चुअल रियलिटी गेम्स में सक्रिय भागीदारी कर प्रदर्शनी को और जीवंत बनाया।

जन-जन ने की सराहना

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा, समाज के विभिन्न वर्गों के लोग तथा इतिहास प्रेमी शामिल हुए। छात्रा गायत्री धीवर और खुशबू साहू ने इसे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों को समझने का अनूठा अवसर बताया। रायपुर निवासी कावेश रघुवंशी ने कहा कि ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी अपने इतिहास और संस्कृति से जुड़ सके।

ज्ञान और संस्कृति का संगम

समापन अवसर पर आगंतुकों को राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित पुस्तकों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। साथ ही, प्रदेश की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा।

यह प्रदर्शनी न केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और योगदान को उजागर करने में सफल रही, बल्कि नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं, संस्कृति और उपलब्धियों से भी परिचित कराने का एक सशक्त माध्यम बनी।


खेल युवाओं में साहस, शक्ति और दृढ़ संकल्प का विकास करते हैं : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज देर शाम राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2025 के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर देश के 28 राज्यों से आए लगभग 1200 प्रतिभागियों और 300 कोचों का भगवान श्रीराम की ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरती छत्तीसगढ़ में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि यह राज्य का सौभाग्य है कि वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग फेडरेशन ने इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ को चुना।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ राज्य की विशेषताओं से अवगत कराते हुए बताया कि यह देश के हृदयस्थल पर स्थित एक छोटा, परंतु अत्यंत समृद्ध प्रदेश है, जिसका 44 प्रतिशत भूभाग सुरम्य वनों से आच्छादित है। यहाँ 5,000 वर्ग किलोमीटर में फैला सघन अबूझमाड़ क्षेत्र है, जहाँ सूर्य की किरणें तक नहीं पहुँचतीं। राज्य में मनोरम जलप्रपात, सुंदर गुफाएँ, समृद्ध खनिज संपदा और सांस्कृतिक विविधता है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों को आग्रहपूर्वक छत्तीसगढ़ घूमने का निमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किक बॉक्सिंग जैसे खेल युवाओं में साहस, शक्ति और दृढ़ संकल्प का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि “यह आयोजन निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और अधिक सशक्त स्थान प्रदान करेगा।”

मुख्यमंत्री ने किक बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ को इस भव्य आयोजन के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं, जो केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण का भी पाठ सिखाते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे मेहनत, लगन और जुनून के साथ अपने लक्ष्यों की दिशा में निरंतर अग्रसर रहें। मुख्यमंत्री ने कहा, “जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन असली लक्ष्य अपनी क्षमता को पहचानना और उसे निखारना होना चाहिए।”

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित खेलो इंडिया कार्यक्रम की सराहना करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों को इस योजना से जोड़ा गया है, ताकि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने यह भी बताया कि ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 से 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि देने की योजना सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत खेल मैदानों का उन्नयन, उच्च स्तरीय उपकरणों की व्यवस्था, खेल क्लबों को आर्थिक सहायता तथा पारंपरिक खेलों के आयोजन सुनिश्चित किए गए हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को प्रतिस्पर्धा में भागीदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं और आशा जताई कि आगामी वर्षों में छत्तीसगढ़ देश में खेलों के क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि किक बॉक्सिंग जैसे खेल विशेष रूप से बालिकाओं की आत्मरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी स्कूली छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में खेलों को हर स्तर पर प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल अकादमियों और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, छत्तीसगढ़ किक बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन मुंदड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, ऑब्जर्वर श्रीमती रेणु पारीख, मुरली शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं खेलप्रेमीजन उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में 22 स्वर्ण, 18 रजत एवं 26 कांस्य पदकों के साथ पंजाब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 21 स्वर्ण, 16 रजत एवं 29 कांस्य पदकों के साथ महाराष्ट्र द्वितीय और 12 स्वर्ण, 14 रजत एवं 15 कांस्य पदकों के साथ तमिलनाडु तृतीय स्थान पर रहा। इस चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ ने 8 स्वर्ण, 13 रजत और 37 कांस्य पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर छठवाँ स्थान अर्जित किया, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है। इसके साथ ही असम रायफल्स को सर्वश्रेष्ठ अनुशासित टीम के रूप में सम्मानित किया गया।


छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की नवनियुक्त अध्यक्ष शालिनी राजपूत आज करेंगी पदभार ग्रहण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ज 3 जून 2025 को राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

इस गरिमामय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्यमंत्री दयालदास बघेल, वन मंत्री केदार कश्यप, श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, भोजराज नाग, विधायक किरण सिंह देव, राजेश मूणत, विक्रम उसेण्डी, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, आशाराम नेताम एवं महापौर, नगर निगम रायपुर श्रीमती मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।


वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री 9 मार्च को चांपा में आयोजित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन रविवार 09 मार्च को नगर पालिका परिषद-चांपा के अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।


केबिनेट मंत्री 09 मार्च को सुबह 11:30 बजे ग्राम चारपारा-कोहड़िया से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे जांजगीर-चांपा जिले के नगर पालिका परिषद-चांपा द्वारा आयोजित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। तत्पश्चात् देवांगन दोपहर 1:00 बजे चांपा से रवाना होकर अपरान्ह 2:00 बजे चारपारा कोहड़िया पहुंचेगें। वे शाम 5:00 बजे चारपारा-कोहड़िया जिला कोरबा से रवाना होकर रात 8:00 बजे राजधानी रायपुर लौटेंगे।

राज्योत्सव-2024 में विभिन्न अलंकरणों से सम्मानित होने वाले विभूतियों के नाम हुए घोषित

No comments Document Thumbnail

रायपुर।  राजधानी नवा रायपुर में राज्योत्सव के अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह का आयोजन 06 नवंबर को किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने आज राजधानी रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य अलंकरण समारोह में सम्मानित होने वाले विभूतियों के नाम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा 06 नवंबर को 36 विभूतियों को छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल रमेन डेका समारोह की अध्यक्षता करेंगे। 

अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे। राज्य अलंकरण समारोह एवं राज्योत्सव के समापन समारोह पर छत्तीसगढ़ की विभिन्न विभूतियों को उनकी उपलब्धियों एवं राज्य के विकास में योगदान के लिए राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा आदिवासी पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार बुटलू राम माथरा को दिया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दिया जाने वाला अहिंसा एवं गौ रक्षा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान मनोहर गौशाला खैरागढ़, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुण्डाधूर सम्मान सुश्री छोटी मेहरा, ख्ेाल (तीरंदाजी) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान विकास कुमार को दिया जाएगा। 

इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला उत्थान के क्षेत्र में मिनीमाता सम्मान श्रीमती पार्वती ढ़ीढ़ी, महिलाओं में वीरता, शौर्य, साहस तथा आत्मबल को सशक्त बनाने के लिए वीरांगना रानी अवंतिबाई लोधी स्मृति पुरस्कार श्रीमती अदिती कश्यप और महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष, नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान कुमारी चित्ररेखा सिन्हा, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक चेतना और दलित उत्थान के क्षेत्र में गुरू घासीदास सम्मान राजेन्द्र रंगीला (गिलहरे), सहकारिता विभाग द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सम्मान शशिकांत द्विवेदी को प्रदान किया जाएगा।

इसी तरह सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान उमेश कच्छप, संस्कृति विभाग द्वारा हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान डॉ. सत्यभामा आडिल, संस्कृति विभाग द्वारा संगीत एवं कला के क्षेत्र में चक्रधर सम्मान पं. सुधाकर रामभाऊ शेवलीकर को प्रदान किया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा लोककला एवं शिल्प के क्षेत्र में दिया जाने वाला दाऊ मंदराजी सम्मान पंडीराम मंडावी को प्रदान किया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा ही छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान श्रीमती निर्मला ठाकुर (बेलचंदन) और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए खुमान साव सम्मान दुष्यंत कुमार हरमुख, कृषि विभाग द्वारा कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान संयुक्त रूप से शिवकुमार चंद्रवंशी और खेमराज पटेल को प्रदान किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान सियाराम अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग द्वारा दानशीलता, सौहार्द्र एवं अनुकरणीय सहायता के क्षेत्र में दानवीर भामाशाह सम्मान श्री सुभाष चंद अग्रवाल, मत्स्य विभाग द्वारा मछली पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीमती बिलासाबाई केंवटीन मत्स्य विकास पुरस्कार विनोद दास को प्रदान किया जाएगा। 

आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा आदिवासियों की सेवा और उत्थान के क्षेत्र में दिया जाने वाला भंवर सिंह पोर्ते सम्मान सोनऊ राम नेताम को प्रदान किया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा श्रम के क्षेत्र में महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव पुरस्कार संयुक्त रूप से सुरेन्द्र कुमार राठौर, शोभा सिंह एवं ललित कुमार नायक को प्रदान किया जाएगा। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा अपराध अनुसंधान क्षेत्र में पंडित लखन लाल मिश्र सम्मान रामनरेयश यादव, ग्रामोद्योग विभाग द्वारा बुनकर क्षेत्र में बिसाहूदास महंत पुरस्कार संयुक्त रूप से पन्नालाल देवांगन और बहोरी लाल देवांगन को प्रदाय किया जाएगा। ग्रामोद्योग विभाग द्वारा बुनकर के क्षेत्र में राजराजेश्वरी करूणामाता हाथकरघा प्रोत्साहन पुरस्कार संयुक्त रूप से सत्यनारायण देवांगन एवं अरूण मेहर को दिया जाएगा।

संस्कृति विभाग द्वारा प्रदर्शनकारी लोककला क्षेत्र में देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार भगत गुलेरी, संस्कृति विभाग द्वारा लोक शैली पंथी नृत्य प्रदर्शनकारी कला क्षेत्र में देवदास स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार साधे लाल रात्रे, संस्कृति विभाग द्वारा हिन्दी-छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा, निर्माण के क्षेत्र में किशोर साहू सम्मान प्रकाश अवस्थी, संस्कृति विभाग द्वारा ही हिन्दी-छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के लिए दिया जाने वाला किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण सतीश जैन को प्रदान किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा तथा शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए धनवन्तरि सम्मान डॉ. मनोहर लाल लहेजा को प्रदान किया जाएगा। विधि एवं विधायी विभाग द्वारा विधि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हेतु बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान संयुक्त रूप से सुरेन्द्र तिवारी और प्रकाश चंद्र पंत को प्रदान किया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा देश के बाहर सामाजिक कल्याण, मानव संसाधन विकास, कला, साहित्य अथवा आर्थिक योगदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान आनंद कुमार पांडे, संस्कृति विभाग द्वारा साहित्य, आंचलिक साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. पीसी लाल यादव को प्रदान किया जाएगा। जनसंपर्क विभाग द्वारा पत्रकरिता प्रिंट मीडिया हिन्दी के क्षेत्र में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार भोलाराम सिन्हा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिन्दी) के क्षेत्र में मोहन तिवारी, जनसपंर्क विभाग द्वारा पिं्रट मीडिया (अंग्रेजी) के क्षेत्र में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार मुकेश एस. सिंह, जनसंपर्क विभाग द्वारा ही रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा क्षेत्र में प्रदाय किए जाने वाले पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान अतुल जैन को प्रदान किया जाएगा।

राज्योत्सव-2024 में विभिन्न अलंकरणों से सम्मानित होने वाले विभूतियों के नाम हुए घोषित- पीडीएफ

 

मुख्यमंत्री 23 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 अक्टूबर को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री जशपुर जिले के ग्राम बगिया से दोपहर 12.15 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 1.35 बजे पुलिस मुख्यालय हेलीपेड नवा रायपुर पहुंचेंगे और वहां से 1.40 बजे मंत्रालय आएंगे।

मुख्यमंत्री अपरान्ह 3 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर परिसर स्थित कृषि महाविद्यालय के कृषि मण्डपम् में आयोजित राष्ट्रीय किसान मेला-2024में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद शाम 4.20 बजे छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी के मुख्यालय डंगनिया आएंगे और वहां से 5.05 बजे रोहणीपुरम के सरस्वती विहार स्थित विवेकानंद सभागार पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री वहां क्षेत्रीय संस्कृति महोत्सव 2024में शामिल होंगे।


‘द लिल लोकल’ एक्जीबिशन में छाए रहे धमतरी जिले के पारंपरिक और संस्कृति पर आधारित स्टाल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के लभांडी स्थित रिबाउंस में आयोजित दो दिवसीय द लिल लोकल एक्जीबिशन में धमतरी जिले के पारंपरिक और संस्कृति पर आधारित स्टाल को काफी प्रतिसाद मिला, धमतरी जिले के कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी के मार्ग दर्शन में धमतरी के शिल्पकार शामिल हुए। एक्जीबिशन में बेल मेटल, बांस आर्ट, माटीकला के उत्पाद और पेंट आर्ट स्टाल में भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने इन कालाओं को परखा और पारंपरिक कलाओं के उत्पाद की जमकर खरीददारी भी की। गौरतलब है कि इस एक्जीबिशन में स्व-सहायता समूहों, स्थानीय शिल्प कलाकारों सहित धमतरी जिले के शिल्पकारों ने भी एक्जीबिशन में हिस्सा लिया। धमतरी जिले के स्व-सहायता समूहों व शिल्पकारों द्वारा पारंपरिक हस्तकला, शिल्प कला एवं ग्रामीण संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी।

उल्लेखनीय है कि बच्चों में रचनात्मकता और सिखने की ललक को बढ़ावा देने के लिए द लिल लोकल एक्जीबिशन का आयोजन किया गया है। यहां एक ही बैनर के नीचे बच्चे अपने अभिभावकों के साथ एक स्वस्थ माहौल में पारंपरिक कला के अलग-अलग प्रकारों को समझ पा रहे हैं।

द लिल लोकल में धमतरी जिले के 6 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें कुरूद विकासखंड के ग्राम कुरूद से टेकराम साहू ने बेल मेटल और पेंट आर्ट, ग्राम नारी से पुरुषोत्तम साहू एवं श्रीमती द्रौपदी साहू ने हैण्डलूम फेबरिक, युगल किशोर कुम्भकार ने इलेक्ट्रानिक चाक मोल्ड, माटीकला उत्पाद और ग्राम भैसामुड़ा से श्रीमती धनमत बाई मरकाम एवं सुखन ठाकुर ने पत्तियों से निर्मित बैग का विक्रय सह प्रदर्शनी में भाग लिया।

एक्जीबिशन में धमतरी के स्टाल पर लोगों की विशेष रुचि दिखी, लोगों ने बेल मेटल, बांस आर्ट, इलेक्ट्रानिक चाक मोल्ड, माटीकला उत्पाद और पेंट आर्ट को देखा और उसके बारे में स्टाल में जानकारी ली। धमतरी जिले के स्टाल्स में लगाए गए तरह-तरह के आर्ट एवं पारंपरिक सजावटी कलाकृतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

उल्लेखनीय है धमतरी कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी जिले के कलाकारों, शिल्पकारों को बढ़ावा देने के लिए लगातार उन्हें प्रोत्साहित कर रहीं हैं, विशेषकर जनजातीय समूहों को मंच दिलाने एवं उनकी कला को मुख्यधारा में पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन इस तरह के मंचों तक उन्हें पहुंचा रहा है।

 

प्लाटून कमांडर्स ने किया मार्च पास्ट, देश की आन बान शान का दिखा जज्बा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया एवं हर्ष फायर किया गया। आयोजित कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय रिजर्व बल, भारत तिब्बत सीमा बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, तेलंगाना पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरूष एवं महिला, छत्तीसगढ़ पुलिस (पुरूष), जेल पुलिस (पुरूष), नगर सेना (पुरूष), नगर सेना (महिला), बैण्ड प्लाटून, घुड़सवार दल, महिला बैग पाईपर बैंड दस्ता और एन.सी.सी बॉयज एवं  एन.सी.सी गर्ल्स की प्लाटून ने भाग लिया।

सभी प्लाटून्स ने मार्च पास्ट कर देश की आन बान शान के लिए जज्बा दिखाया। सभी प्लाटून्स ने एक लय में मार्च पास्ट कर दशकों का मन मोह लिया। सभी में गजब की देशभक्ती की भावना दिखी। अश्वारोही दल द्वारा फ्लैग मार्च, स्टैंडिंग सैल्यूट, टेंट पैगिंग और शो जम्पिंग भी किया गया। अश्वारोही दल द्वारा किए गए प्रदर्शन ने सभी दर्शकों को आकर्षित किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह वर्धन किया। सभी ने उनकी सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्लाटून्स को सम्मानित किया गया। इसमें केन्द्रीय बल के सीमा सुरक्षा बल को प्रथम, भारत तिब्बत बल को द्वितीय और तेलंगाना पुलिस को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी तरह राज्य पुलिस बल की महिला बैग पाईपर बैंड दस्ता ने प्रथम, नगर सेना (महिला) में द्वितीय तथा नगर सेना (पुरूष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

राज्यपाल ने उत्कृष्ट सेवा करने वाले पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस वीरता पदक, विशिष्ट सेवा हेतु राष्ट्रपति का पुलिस पदक, सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक तथा गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सेवा पदक से सम्मानित किया।

राज्यपाल ने जिन अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया उनमें जिला राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, जिला कांकेर के निरीक्षक लक्ष्मण केवट, जिला बिलासपुर के उप निरीक्षक पिल्लुराम मंडावी, जिला कांकेर के उप निरीक्षक जोगीराम पोड़ियाम, जिला बीजापुर के उप निरीक्षक हिड़मा पोड़ियाम, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद कुड़ियाम, सहायक उप निरीक्षक बलराम कश्यप, सहायक उप निरीक्षक लच्छिन्दर कुरूद, उप निरीक्षक सुरेश जव्वा, प्रधान आरक्षक बीजूराम मज्जी, आरक्षक स्व. बुधराम हपका, प्रधान आरक्षक सुशील जेट्ठी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण मरपल्ली, प्रधान आरक्षक बड़दी धरमैया, प्रधान आरक्षक लीलाम्बर भोई, प्रधान आरक्षक अजय कुमार बघेल, आरक्षक मंगलू कुड़ियाम, आरक्षक छत्रपाल साहू, आरक्षक मंगलू कोवासी, आरक्षक मुकेश कलमू, आरक्षक रमेश पेरे

जिला जशपुर के उप पुलिस अधीक्षक शेरबहादुर सिंह ठाकुर, जिला बस्तर के उप निरीक्षक अरूण कुमार मरकाम, जिला कोरबा के सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा को प्रदान किया गया। आरक्षक स्व. बुधराम हपका का पुलिस वीरता पदक उनकी पत्नी ने प्राप्त किया। इसी तरह विशिष्ट सेवा हेतु राष्ट्रपति का पुलिस पदक जिला दंतेवाड़ा रेन्ज के उप पुलिस  महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप को प्रदान किया गया। सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक श्रीमती नेहा चंपावत पुलिस महानिरीक्षक, राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो, नई दिल्ली, सुरजन राम भगत सेनानी, 22 वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल जिला-कांकेर, श्रीमती भावना पाण्डेय जोनल पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा भिलाई, उप निरीक्षक गनपत प्रसाद पाण्डेय जिला गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही, कंपनी कमांण्डर तेलेस्फोर मिंज 2री वाहिनी छत्तीसगढ़ बल सकरी-बिलासपुर, सहायक सेनानी राजेश कुमार शर्मा 9वी वाहिनी छत्तीसगढ़ बल जिला दंतेवाड़ा

प्लाटून कमांडर थाक बहादुर सोनी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ बल भिलाई, प्रधान आरक्षक वेद कुमार मंडावी यातायात कार्यालय जिला कांकेर, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह यातायात बिलासपुर, उप सेनानी प्रकाश टोप्पो 15वी वाहिनी छत्तीसगढ़ बल जिला बीजापुर को प्रदान किया गया। इसी तरह गृह व नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक संभागीय सेनानी नगर सेना रायपुर संभाग श्रीमती अनिमा एस. कुजूर, कंपनी क्वार्टर मास्टर नगर सेना धमतरी मदनलाल एवं नगर सेना कोरबा के सैनिक चन्द्रिका सिंह कंवर को प्रदान किया गया।

राम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर राजधानी में उत्साह का वातावरण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। अयोध्या धाम मे रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मोहल्लों-मोहल्लों में शोभायात्रा निकाली जा रही है और अयोध्या के कार्यक्रम को लाईव प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई है। साथ ही भजन मंडलियां सुंदरकाण्ड पाठ सहित भजन गायन की प्रस्तुति देने जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा दुधाधारी मठ, मठपारा में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल होंगे और अध्यक्षता सांसद सुनील सोनी करेंगे। साथ ही महंत रामसुंदर दास की भी गरिमामय उपस्थिति होगी। इस अवसर पर मानस मंडलियां मानस गान करेेंगे और उन्हे सम्मानित भी किया जाएगा। उस दिन जनसहभागिता से शहर के विभिन्न तालाबों की साफ-सफाई तथा दीप दान की जाएगी। साथ ही मंदिरों में भी जन सहभागित से दीपोत्सव मनाया जाएगा।

करीब 500 वर्ष पुराने दुधाधारी मठ में भगवान बालाजी का विशेष स्वर्ण श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही राम नवमीं जैसा उत्सव मनाया जाएगा। यह स्वर्ण श्रृंगार विशेष अवसरों पर किया जाता है। महंत रामसंुदर दास ने कहा कि यह हम सब के लिए खुशी का अवसर है कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि मानी जाती है। अतः इस लिए भगवान राम हमारे भांचाराम हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति रामलला दर्शन योजना के लिए आभार व्यक्त भी किया।

इस समय राजधानी में उत्साह का माहौल है। मंदिरों में विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। यहीं नही युवा वर्ग भी इस कार्यक्रम को लेकर उत्साहित है। कुछ संस्था 21 जनवरी को ही मरीन ड्राईव से राम मंदिर तक शोभायात्रा भी निकाल रहे हैं।

 

 

गुजरात और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में चल रही कल्याणकारी योजनाओं की स्टडी करेगी चिप्स की टीम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। चिप्स की टीम गुजरात, मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में चल रहे जनकल्याणकारी योजनाओं का अध्ययन करेगी तथा छत्तीसगढ़ के परिप्रेक्ष्य में इनकी समीक्षा कर उपयोगी नवाचारों को प्रदेश में लागू करने समीक्षा की जाएगी। आज राजधानी रायपुर के सिविल लाइन्स स्थित चिप्स कार्यालय, कांफ्रेंस हाल में इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक ने विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए यह निर्देश दिये। उन्होंने चिप्स को योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर चिप्स द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रस्तुतीकरण देते हुए चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रितेश कुमार अग्रवाल ने योजनाओं के संचालन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया, जिसपर श्रीमती निहारिका बारिक ने विभागवार चर्चा कर समाधान प्राप्त करने का सुझाव दिया।  उल्लेखनीय है कि चिप्स द्वारा अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनमें भारतनेट फेस-प्प्, ई-डिस्ट्रिक्ट, स्वान, स्टेट डाटा सेंटर, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल आदि प्रमुख हैं।

समीक्षा बैठक में चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रितेश कुमार अग्रवाल के साथ-साथ वित्त नियंत्रक बिनोद कुमार लाल, चिप्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजितेश पाण्डेय, संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी रविन्द्र कुमार पटेरिया, श्रीमती अश्रि मिश्रा तथा चिप्स के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री बघेल 20 सितम्बर को राजधानी रायपुर में अनेक कार्यक्रमों में होंगे शामिल

No comments Document Thumbnail

 

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 20 सितम्बर को राजधानी रायपुर में अनेक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बघेल दोपहर 12.30 बजे होटल कोर्टयार्ड मैरियट में टाईम्स नेटवर्क के कार्यक्रम मिरर नाउ सम्मिट छत्तीसगढ़में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री शाम 7 बजे होटल सायाजी में भारत-24 चैनल के विजन ऑफ न्यू छत्तीसगढ़तथा रात 7.45 बजे होटल बेबिलोन कैपिटल में न्यूज-24 मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के कार्यक्रम मंथन छत्तीसगढ़में शामिल होंगे।

"फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है"

No comments Document Thumbnail

भोपाल। आज राजधानी के जम्बूरी मैदान, भेल में विशेष लाड़ली बहना सम्मेलन भाई-बहन के पावन रिश्ते के महत्व को रेखांकित करने वाला मंच बन गया। विभिन्न गायक-गायिकाओं ने अनेक राखी गीत सुनाए। सम्मेलन की शुरूआत "भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना" के साथ हुई। मुख्यमंत्री चौहान ने संबोधन के प्रारंभ में "यह राखी बंधन है ऐसा" गाकर सुनाया। इसके पश्चात उन्होंने बहनों को उस गीत के बोल सुनाए जिसमें भाई अपनी बहन की आंखों में आंसू नहीं देख सकता।

"देख सकता हूँ मैं, कुछ भी होते हुए, नहीं मैं नहीं देख सकता, तुझे रोते हुए" सुनकर सम्मेलन में मौजूद बहनें भावुक हो गईं। मुख्यमंत्री चौहान ने तीसरा गीत भी बहुत भावपूर्ण ढंग से सुनाया। " फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है"। इसके अलावा गायक -गायिकाओं द्वारा "बहना ने भाई की कलाई पर प्यार बांधा है, प्यार के दो तार से संसार बांधा है, रेशम की डोरी से संसार बांधा है" की भी पेशकश हुई। इन गीतों से सम्पूर्ण वातावरण पारिवारिक हो गया।

महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से सजा मंच

लाड़ली बहना सम्मेलन में मुख्यमंत्री चौहान के साथ महिला जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित थीं। राज्यसभा सदस्य सुश्री कविता पाटीदार, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, भोपाल जिले के गोविंदपुरा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, विदिशा जिले के शमशाबाद क्षेत्र की विधायक सुश्री राजश्री सिंह,भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया।

कार्यक्रम के अन्य महत्वपूर्ण पहलू

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों के चरण धोए और कन्या पूजन किया। बहनों ने मुख्यमंत्री चौहान को विशाल राखी भेंट की।

मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली बहना योजना का कैलेंडर का विमोचन किया। महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।

थ्री डी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से महिला कल्याण योजनाओं को उपस्थित बहनों ने मंत्रमुग्ध होकर देखा।

समतामूलक समाज के निर्माण में मिनीमाता का योगदान अविस्मरणीय- मुख्यमंत्री बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में आयोजित मिनीमाता स्मृति दिवस एवँ प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, राजश्री सद्भावना समिति एवं समस्त सतनामी समाज रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।

मुख्यमंत्री बघेल ने इस मौके पर सतनामी समाज बहुल हर विकासखण्ड में मॉडल जैतखाम के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कार्यक्रम में सामाजिक उत्थान की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सतनामी समाज के 11 महिलाओं को प्रतीक स्वरूप सम्मानित भी किया। साथ ही उन्होंने गुरू घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने मौके पर अकादमी के साहित्य प्रकाशन का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम में पूर्व सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए शोषण, भेदभाव तथा अत्याचार से मुक्त और समतामूलक समाज के निर्माण में उनका योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने समाज की उन्नति तथा विकास के लिए निरंतर कार्य किया। मिनीमाता छत्तीसगढ़ की पहली महिला थी, जो सांसद बनी थी। वर्ष 1952 से 1972 तक सारंगढ़, महासमुंद तथा जांजगीर से वे सांसद रही। उन्होंने इस दौरान समाज की उन्नति के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कार्य करती रहीं।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मिनीमाता ने अपना राजनीतिक जीवन शुरू होने के बाद सामाजिक उत्थान काम और तेज कर दिया। जिन बुराईयों और विसंगतियों को वे बचपन से देखती आई थीं, उन्हें मिटाने के लिए अब उनके पास लोकतंत्र और संविधान की ताकत भी थी। छुआछूत, नारी-उत्थान, श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में मिनीमाता ने अद्वितीय कार्य किए। लोक सभा में अस्पृश्यता निवारण विधेयक पारित कराने में मिनी माता के योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकेगा।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मिनीमाता जिस तरह के समाज के निर्माण का सपना देख रही थीं, असल में वह हर छत्तीसगढ़िया का सपना था। पिछले पौने पांच वर्षों से हम लोग हमारी पुरखिन मिनीमाता और हमारे तमाम पुरखों के सपनों के छत्तीसगढ़ का निर्माण करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि मिनीमाता का पूरा जीवन समाज के शोषित तथा वंचित लोगों की भलाई के लिए समर्पित रहा। इस अवसर पर राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. महंत रामसुंदर दास, अकादमी के अध्यक्ष के.पी. खांडे, संरक्षक श्रीमती शकुन डहरिया एवं समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

श्रमिकों की उन्नति एवं समृद्धि के लिए कार्य कर रही है राज्य सरकार : सत्यनारायण शर्मा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण मण्डल द्वारा आयोजित राजधानी रायपुर के खमतराई स्थित पाटीदार भवन में आयोजित श्रमिक सम्मेेलन को सम्बोधित करते विधायक सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की उन्नति एवं समृद्धि के लिए श्रमिक सुरक्षा और कल्याण हेतु अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। हम सबका दायित्व है कि श्रमिकों को शासन की इन योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचानें में मदद करें। उन्होंने कहा कि श्रम कल्याण मण्डल संगठित मजदूरों और नियोजकों के हित में काम करती है, यदि नियोजक और श्रमिक समन्वय से काम करें तो बड़ी से बड़ी समस्याएं आसानी से हल हो जाएगी। उन्होंने गरीब, मजदूर की पीड़ा को महसूस करने हुए उनके विकास में सहभागी बनने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील की।

छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफी अहमद खान ने श्रमिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही हम श्रमिकों को कलेक्टर-एसपी ना बना पाएं, लेकिन मण्डल द्वारा संचालित शिक्षा प्रोत्साहन सहित अन्य हितकारी योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को कलेक्टर और एसपी जरूर बना सकते हैं। इसके लिए  हम सबको श्रमिक कल्याण के लिए काम करने की जरूरत है। खान ने श्रम विभाग के अंतर्गत अलग-अलग विंग में राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के उत्थान के लिए किए जा कार्यों एवं संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्ववती सरकार के समय श्रम कल्याण मण्डल में केवल 3355 संस्थान तथा लगभग दो लाख श्रमिक ही पंजीकृत थे। हमारी सरकार आने के बाद विगत साढ़े चार वर्षों में व्यापक जन जागरूता एवं श्रमिक हितैषी निर्णयों से 9065 से अधिक संस्थाओं और 4.5 लाख से अधिक श्रमिकों का पंजीजन किया गया है। 

उन्होंने श्रम कल्याण मण्डल में संचालित योजनाओं का लाभ लेने अधिक से अधिक श्रमिकों को मण्डल में पंजीयन करवाने की अपील की। उन्होंने इस मौके विधायक सत्यनारायण के सुझाव पर बिरगांव में श्रमिक अन्न केन्द्र व सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ करने की घोषणा की। कार्यक्रम में अन्य सदस्यों ने भी श्रमिक सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा प्रोत्साहन की राशि का चेक व सायकल वितरित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम बिरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन, मण्डल के सदस्यगण सर्वश्री मनोज सिंह ठाकुर, मदन तालेड़ा, शारिक खान, नरेश गढ़वाल, सुरेश मसीह, इंटक रायपुर के अध्यक्ष आशीष दुबे, मण्डल के आयुक्त एस.एल. जांगड़े, वरिष्ठ सामाज सेवी के.के. शर्मा, उधोलाल वर्मा, योगेश सोलंकी, गिरिश दुबे सहित बड़ी संख्या में नियोजक और श्रमिक उपस्थित थे।      

विदेशी युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मौत से पहले बॉयफ्रेंड को भेजा था वीडियो

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : राजधानी से एक विदेशी युवती के आत्महत्या किए जाने की खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार विदेशी महिला ने अशोका रतन सोसाइटी के एक फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।


इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है। ऐसी खबरें हैं कि युवती ने आत्महत्या से पहले अपने बॉयफ्रेंड को वीडियो भी भेजा है।

मिली जानकारी के अनुसार, पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अशोका रतन सोसाइटी के एक फ्लैट में विदेशी युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बता दें कि मृतका नीना बेदींनिस्को 25 साल किर्गिस्तान निवासी टैटू आर्टिस्ट थी। युवती ने अपने बॉयफ्रेंड इमरान फारूकी को सुबह साढ़े 4 बजे सुसाइड से पहले वीडियो भेजकर माफी मांगी और बाद में आत्महत्या कर ली।

युवती मार्च 2023 को किर्गिस्तान से भारत आई थी। वह 1 जुलाई से रायपुर के अशोका रतन सोसाइटी में रह रही थी। महिला लिव इन में अपने ऑनलाइन फ्रेंड इमरान फारूकी के साथ रह रही थी।

इस बारे में पंडरी थाना प्रभारी जितेंद्र ताम्रकार ने बताया कि किर्गिस्तान निवासी महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। महिला टैटू बनाने का काम करती थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

सीएम हाउस में होवत हे हरेली तिहार के जोरदार तैयारी

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजधानी रायपुर स्थित निवास में हर बार की तरह इस बार भी हरेली का पर्व पारंपरिक रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। हरेली पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए मुख्यमंत्री निवास में तैयारियां जोर-शोर से चल रही है।मुख्यमंत्री बघेल हरेली तिहार पर तुलसी पूजा कृषि यंत्रों की पूजा में शामिल होने के बाद भंवरा, बांटी, गिल्ली डंडा, मटकी फोड़ और गेड़ी नृत्य जैसे आयोजन में शामिल होंगे।
विज्ञापन : छग संवाद-12551/30
वे इस मौके पर गौ पूजन कर हरेली के अवसर पर तैयार किए गए लोंदी खिलाएंगे। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों द्वारा राउत नाचा, गेड़ी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी तथा हरेली गीत भी गाए जाएंगे। इस मौके पर पशुधन विकास और पारंपरिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
                      

मुख्यमंत्री निवास पर ग्रामीण परिवेश के अनुरूप सजाया जा रहा है। यहां रहचुली भी लगाई जा रही है। हरेली तिहार में राउत नाचा का कार्यक्रम दयालू राम यादव और उनकी टीम द्वारा प्रस्तुित किया जाएगा। गेड़ी नृत्य प्रेम यादव तथा लोककला संस्कृति की प्रस्तुति अनुराग शर्मा की टीम द्वारा दी जाएगी। हरेली खेती का त्योहार है और साथ ही छत्तीसगढ़ में खेलों का सबसे बड़ा दिन। 
                   

मुख्यमंत्री इस दिन छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ रायपुर जिले के ग्राम नवागांव (ल) में करेंगे और वहां आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रमुख 6 पर्वों पर सार्वजनिक अवकाशों की घोषणा की है, उनमें हरेली त्यौहार भी शामिल है।



छत्तीसगढ़ में होने वाली जी-20 की बैठकों की व्यवस्था की तैयारियां शुरू

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 18-19 सितम्बर 2023 को जी-20 देशों के कार्यसमूह की बैठक का आयोजित होगी। बैठकों की तमाम व्यवस्थाओं की प्रशासनिक व्यवस्थाओं के समन्वय हेतु मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने संस्कृति, नगरीय प्रशासन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से उनके द्वारा की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली।
                  

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवा रायपुर में एयरपोर्ट से मेयफेयर रिसार्ट एवं नवा रायपुर के अन्य मार्गों की वर्तमान स्थिति एवं आयोजन हेतु निर्मित होने वाली व्यवस्थाओं को लेकर थ्री-3डी वॉक-थू्र के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने नवा रायपुर के विभिन्न मार्गों पर छत्तीसगढ़ प्रदेश की विशिष्टता को प्रदर्शित करने वाले स्थल, पुरातात्विक नगरी सिरपुर, चित्रकोट जलप्रपात, वन एवं खनिज संपदा और औद्योगिक विकास सहित छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी संबंधी होर्डिंग्स इत्यादि लगाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को एयरपोर्ट से मेफेयर रिसार्ट सड़क मार्ग, पुराना जी.ई. रोड, व्हीआईपी एवं अन्य मार्गों का सौन्दर्यीकरण और साज-सज्जा के एवं अन्य आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

संस्कृति विभाग के अधिकारियों को जी-20 की बैठकों में आने वाले विदेशी डेलीगेट्स के लिए छत्तीसगढ़ के लोक नृत्य, संगीत और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन करने के लिए अभी से आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए है। उन्होंने आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल करने के निर्देश दिए है। अंतिम रिहर्सल मुख्य मंच स्थल पर करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है कि अंतिम रिहर्सल सुरक्षा अधिग्रहण के पूर्व कर ली जाए। इसी तरह से जी-20 वाटिका हेतु उपयुक्त स्थलों पर विदेशी आगन्तुकों द्वारा पौधारोपण कराए जाने की तैयारी करने के निर्देश दिए। बैठक में व्यवस्थाओं की विभिन्न तैयारियों के संबंध में नगर निगम रायपुर, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण और संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के जरिए विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में संस्कृति विभाग के सचिव अन्बलगन पी., संचालक विवेक आचार्य, आयुक्त नगर निगम रायपुर मयंक चतुर्वेदी, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री किरण कौशल सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ नवोदित राज्य, हमें केन्द्र से मिले ज्यादा से ज्यादा मदद : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, एनसीसी ग्राउंड में आयोजित समारोह में 7600 से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और शुभारंभ किया।
                   

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ नवोदित राज्य है, इसलिए छत्तीसगढ़ को ज्यादा से ज्यादा मदद केन्द्र से मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे पर आये हैं। प्रभु राम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री जी से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं। हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं गडकरी जी के साथ भी बैठता हूँ जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं।
                   

मुख्यमंत्री ने इसके पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हेलीपेड पहुंचने पर उनकी अगवानी की तथा समारोह के मंच पर उन्हें राजकीय गमछा पहनाकर और मिलेट्स से बने उत्पाद भेंटकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, लोकसभा सांसद अरूण साव और सुनील सोनी, विधायक डॉ. रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

समारोह में 7600 करोड़ की लागत की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ

समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 7600 करोड़ रूपए की लागत की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ किया। उन्होंने इनमें से राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित लगभग 6,400 करोड़ रूपए की लागत की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिन दो परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, उनमें जबलपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रायपुर-कोडेबोड़ खंड की 988 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 33 कि.मी. लंबी 4 लेन वाली सड़क और एनएच-130 के बिलासपुर-अंबिकापुर खंड के 1261 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 53 किलोमीटर लंबे बिलासपुर-पथरापाली खंड पर निर्मित 4-लेन की सड़क का लोकार्पण शामिल है।
                  

प्रधानमंत्री मोदी ने 6-लेन वाले ग्रीनफील्ड रायपुर-विशाखापत्तनम कॉरिडोर के छत्तीसगढ़ खंड के लिए तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें - एनएच-130 सीडी पर 1368 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 43 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले झांकी-सरगी खंड एनएच-130 सीडी पर 1471 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 57 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले सरगी-बसनवाही खंड और एनएच-130 सीडी पर 1307 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले 25 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले बसनवाही-मारंगपुरी खंड का विकास शामिल है। 2.8 किलोमीटर लंबी 6-लेन सुरंग इसका एक प्रमुख घटक है - उदंती वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में वन्यजीवों के आसान आवागमन के लिए 27 रास्ते और 17 बंदर छतरियों का निर्माण भी किया जाएगा।
                    

इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी ने 750 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित 103 किलोमीटर लंबी रायपुर-खरियार रोड रेल लाइन के दोहरीकरण, 290 करोड़ रूपए की लागत से विकसित केवटी-अंतागढ़ को जोड़ने वाली 17 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन का लोकार्पण किया और हरी झंडी दिखाकर अंतागढ़ से रायपुर नई ट्रेन को रवाना किया। प्रधानमंत्री ने कोरबा में 130 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित 1700 सिलेण्डर दैनिक क्षमता के इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट का लोकार्पण तथा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को 75 लाख कार्डों के वितरण का शुभारंभ किया।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.