Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

हर घर तिरंगा अभियान ने पकड़ा जोर

रायपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देशभर में आगामी तेरह से पंद्रह अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों से ग्यारह से सत्रह अगस्त के बीच अपने घरों, संस्थानों और दुकानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘‘हमर तिरंगा अभियान’’ को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान विशेष डीपी फ्रेम का इस्तेमाल अपनी डीपी में करने का भी आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा है कि वे अन्य नागरिकों को भी अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करें।



 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की हमर तिरंगा अभियान के बारे में की गई अपील  के कुछ देर बार ही सात हजार से अधिक लोगों ने अपनी-अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तिरंगे के साथ अपनी फोटो अपलोड कर ली है। वहीं, रायपुर कलेक्टर डॉक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे ने आज कलेक्टोरेट परिसर में तिरंगा स्टॉल का शुभारंभ किया। इस स्टॉल में महिला समूहों द्वारा बनाए गए तिरंगे बिक्री के लिए रखे गए हैं। इन तिरंगों को सेरीखेड़ी के उजाला ग्राम संगठन से जुड़ी समूहों की महिलाओं ने तैयार किया है। 

आने वाले दिनों में सी-मार्ट के साथ ही गांवों की उचित मूल्य की राशन दुकानों के जरिये भी तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, दुर्ग जिले में सेंट थॉमस महाविद्यालय की एनएसएस और एनसीसी इकाई द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए आज रैली निकाली गई। यह कार्यक्रम सशस्त्र सीमा बल के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

उधर, कोरिया जिले के झुमका बोर्ड क्लब, झुमका आईलैंड और कोरियागढ़ पहाड़ पर तीस मीटर ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा। इस बीच, प्रदेश में स्व-सहायता समूह की महिलाएं राष्ट्र ध्वज बनाने का काम कर रही हैं। इससे उनकी आमदनी भी बढ़ रही हैं। इस साल स्वतंत्रता दिवस पर समूह की महिलाओं द्वारा तैयार तिरंगे फहराए जाएंगे। दंतेवाड़ा जिले की पार्वती स्व-सहायता समूह और महासमुंद जिले के कोमाखान की महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं को राष्ट्र ध्वज बनाने की जिम्मेदारी मिली है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.