Media24Media.com: 'झंगलू-मंगलू के गोठ’ पर छपेगी किताब, CM देंगे दो लाख रुपये

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

'झंगलू-मंगलू के गोठ’ पर छपेगी किताब, CM देंगे दो लाख रुपये

Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने कहा कि हम इस सदी के सबसे बड़ी चुनौती के दौर से गुजर रहे हैं। नये साल के शुभारंभ में हमें एक संकल्प लेना चाहिए कि हम दूसरों की सहायता का कम से कम एक कार्य अवश्य करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर विकास प्राधिकरण की कॉलोनी में आवास खरीदी पर पत्रकारों को पंद्रह प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। 

मुख्यमंत्री आज रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित नववर्ष मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने सांध्य दैनिक ‘अग्रदूत’ में प्रतिदिन प्रकाशित होने वाले छत्तीसगढ़ी व्यंग्य स्तंभ ‘झंगलू-मंगलू के गोठ’ को किताब के रूप में संकलन और प्रकाशन के लिए दो लाख रूपए देने की भी बात कही। इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब में स्थापित जिम का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री  बघेल ने पत्रकारों को नए साल की बधाई और शुभकामना देते हुए कार्यक्रम में कहा कि पत्रकारिता मुश्किल काम है। पत्रकारों ने कोरोना काल की कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन बखूबी किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में दुख का हिस्सा ज़्यादा होता है और सुख का हिस्सा कम होता है। दुख बांटने से कम होता है। मैं पत्रकार मित्रों की सहनशीलता और दूसरों के दुख को साझा कर उनका दुख कम करने के लिए पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में असमय दुनिया छोड़ने वाले पत्रकारों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।


बघेल ने कार्यक्रम में कोरोना काल में मरीजों को उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने वाले एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. नितिन एम. नागरकर को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना नियंत्रण में एम्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव  गुरूचरण सिंह होरा को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। वरिष्ठ पत्रकार श्री रमेश नैय्यर, डॉ. हिमांशु द्विवेदी और प्रेस क्लब के अध्यक्ष  दामू आम्बेडारे ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। आम्बेडारे ने वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान निधि पांच हजार रूपए से बढ़ाकर दस हजार रूपए करने, सोनडोंगरी में पत्रकारों के लिए आवास आबंटित करने और कोविड-19 से जान गंवाने वाले पत्रकारों के परिजनों की आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन कार्यक्रम में विधायक और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष  कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष  शैलेष नितिन त्रिवेदी, महापौर  एजाज ढेबर, जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त  दीपांशु काबरा, संचालक  सौमिल रंजन चौबे तथा प्रेस क्लब की कोषाध्यक्ष सुश्री शगुफ्ता शिरीन सहित राजधानी के अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे।

विकास कार्य होने से लोगों को आवागमन की सुविधा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित पुलिस जवानों के नववर्ष कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बस्तर का अधिकांश हिस्सा माओवादियों से मुक्त हो चुका है। वहां सड़क, पुल, पुलिया और अन्य विकास कार्य होने से लोगों को आवागमन की सुविधा भी हो गई है। 

शिकायत दर्ज करा सकेंगी पीड़ित महिलाएं

 इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘‘अभिव्यक्ति ऐप’’ का शुभारंभ किया। पुलिस विभाग द्वारा बनाए गए इस ऐप का उद्देश्य  संकट में फंसी महिलाओं को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। इस ऐप के माध्यम से पीड़ित महिला कहीं से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी। आपात स्थिति में महिलाएं एसओएस बटन दबाकर मदद भी मांग सकती हैं। 

सहायता राशि को बढ़ाकर बीस हजार रूपये करने की घोषणा

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने आज रायपुर के कोतवाली स्थित चावड़ी के मजदूरों के साथ नववर्ष मनाया। इस अवसर पर उन्होंने भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत भगिनी प्रसूति सहायता योजना में दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर बीस हजार रूपये करने की घोषणा की।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.