बिहार के बक्सर (Buxar of Bihar) में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। दरअसल, यहां पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो गई है। हादसा पटना दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास हुआ है। महिला के साथ जान गंवाने वाले सभी बच्चे 6 साल से कम उम्र के थे। एक बच्चे की उम्र सिर्फ 6 महीने बताई जा रही है। वहीं ट्रेन के सामने महिला ने बच्चों के साथ आत्महत्या की है या फिर सभी हादसे के शिकार हुए हैं ये पता नहीं लगाया जा सका है।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक साथ 4 लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला और बच्चों के शवों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। महिला के साथ बच्चों के होने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि ये सभी बच्चे मृत महिला के ही हैं। घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार की दोपहर ट्रेन बक्सर की ओर जा रही थी, तभी तीन बच्चों के साथ 30 साल की महिला ट्रेन के सामने आ गई।
पोस्ट प्रभारी ने दी जानकारी
इसके बाद ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई, जिससे सभी की मौत हो गई।महिला की गोद में 6 महीने की बेटी, एक चार साल का बेटा और एक 6 साल की लड़की थी। मामले में GRP के पोस्ट प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पचा चल रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले तीनों बच्चे महिला की ही संतान हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। GRP ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए बक्सर भेज दिया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने कहा कि महिला अपने बच्चों के साथ ट्रैक पर कैसे पहुंची उसकी जांच की जा रही है। साथ ही महिला हादसे का शिकार हुई है या उसने आत्महत्या की है इसका पता पुलिस लगा रही है। पुलिस आस-पास के लोगों से महिला के बारे में पूछताछ कर रही है, लेकिन शवों की पहचान होने के बाद ही इस घटना के वजहों का पता लगाया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।