छत्तीसगढ़ में कोरोना के मामले एकाएक बढ़ने लगे हैं। तेजी से बढ़ते कोरोना मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग और सरकार की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। 24 घंटे के अंदर राजधानी से 12 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने राजधानी के 5 इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
कलेक्टर के आदेश के मुताबिक मोवा का मितान विहार, दलदल सिवनी में ग्रीन आर्चिड, चौबे कॉलोनी के महाराष्ट्र मंडल, आमासिवनी का सफायर ग्रीन को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इन कंटेनमेंट जोन के सभी दुकानें और दफ्तर बंद रहेंगे। वहीं रायगढ़ जिला प्रशासन ने कई क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। कुछ लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट को बंद कर दिया गया है।
106 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव
बता दें कि प्रदेश में 24 घंटे के अंदर कोरोना के 106 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक 24 घंटे में 36 मरीज स्वस्थ हुए हैं। हालांकि राहत की बात ये है कि 24 घंटे के अंदर प्रदेश में कोरोना से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। प्रदेश में 23 हजार 767 टेस्ट हुए हैं, जिसमें 106 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
एक्टिव मरीजों की संख्या 463
सबसे ज्यादा 40 मरीजों की पुष्टि रायगढ़ जिले में हुई है। वहीं राजधानी रायपुर में 12 नए मरीज मिले हैं।कोरोना के 106 नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 लाख 07 हजार 847 संक्रमित हो गई है। छत्तीसगढ़ में अब तक 9 लाख 93 हजार 784 मरीज स्वस्थ हुए हैं। नए मरीज मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद अब एक्टिव मरीजों की संख्या 463 हो गई है, जिनका इलाज अभी जारी है।
कोरोना के आंकड़ों पर एक नजर
- छत्तीसगढ़ में 24 घंटे के अंदर 106 नए मरीजों की पहचान
- छत्तीसगढ़ में अब तक 10 लाख 07 हजार 847 संक्रमित
- छत्तीसगढ़ में 24 घंटे के अंदर 36 मरीज स्वस्थ
- छत्तीसगढ़ में अब तक 9 लाख 93 हजार 784 मरीज स्वस्थ
- छत्तीसगढ़ में 463 एक्टिव केस
- छत्तीसगढ़ में कोरोना से किसी भी मरीज की मौत नहीं
- छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना से 13 हजार 600 मरीजों की मौत
जिलेवार कोरोना के आंकड़े
- रायगढ़- 40
- बिलासपुर- 17
- जांजगीर-चांपा- 13
- रायपुर- 12
- दुर्ग- 03
- राजनांदगांव- 05
- बालोद- 01
- कोरबा- 03
- कवर्धा- 02
- धमतरी- 02
- सूरजपुर- 04
- जशपुर- 01
- बस्तर- 01
- कांकेर- 01
- अन्य राज्य- 01