Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बाईपास रोड और अंडरब्रिज के लिए सांसद ने की पहल

नईदिल्ली/महासमुंद। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू ने महासमुन्द, धमतरी और बागबाहरा में बायपास रोड अविलम्ब बनाने पहल की है। इसके साथ ही उन्होंने रेल संचार और इलेक्ट्रॉनिकी मंत्री को पत्र लिखकर महासमुंद शहर में दो स्थानों पर अंडरब्रिज बनाने की मांग की है। सांसद साहू ने 'मीडिया24मीडिया' को बताया कि उन्होंने जनहित से जुड़े दो अहम मसलों पर केंद्रीय मंत्रियों का ध्यानाकर्षण कराया है।  

केंद्रीय रेल संचार और इलेक्ट्रॉनिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे पत्र में उन्होंने बताया है कि रायपुर-संबलपुर रेलवे ट्रैक पर महासमुन्द शहर के शंकर नगर और दलदली मार्ग पर अंडरब्रिज बनाया जाना नितांत आवश्यक है। मंदिहसौद (रायपुर) से टिटलागढ़ रेलवे लाईन दोहरीकरण के बाद इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ गई है। इससे यातायात बाधित हो रहा है। शहरवासियों को भारी असुविधा हो रही है। आए दिन दुर्घटनाओं में जन धन की हानि भी हो रही है। इसके चलते इन दोनों स्थानों पर अंडरब्रिज बनाए जाने की आवश्यकता है। 

गडकरी से मांगी बजट में बाईपास 

एक अन्य पत्र में सड़क परिवहन, राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बायपास रोड निर्माण कराने आग्रह किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 और 353 पर बायपास सड़क बनाने पहल की गई है। उन्होंने बताया है कि जिला मुख्यालय महासमुन्द में यातायात का दबाव बढ़ा है।  शहर के बीच से भारी वाहनों के गुजरने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 353 चार जिलों को जोड़ती है। वहीं एनएच-30 धमतरी दस जिलों को जोड़ती है। यातायात का दबाव बढ़ने से नगर निगम मुख्यालय धमतरी में जाम की स्थिति निर्मित होती है।

जनता सालों से कर रही है इसकी मांग 

धमतरी की जनता सालों से इसकी मांग कर रही है। जो जनहित में अति आवश्यक है। इसे प्राथमिकता के साथ इस वर्ष के बजट में प्रावधान कर निर्माण की स्वीकृति की अपेक्षा की गई है। गौरतलब है कि महासमुन्द और बागबाहरा में बायपास रोड बनना प्रस्तावित है। जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण और भूअर्जन की तैयारी की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.