Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

झारखंड के CM से संसदीय सचिव विनोद ने की मुलाकात, राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने दिया न्योता

महासमुंद। रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से विधायक और संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने मुलाकात की। साथ ही आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित "राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। 


विधायक और संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मुख्यमंत्री सोरेन को बताया कि छत्तीसगढ़ में देश और विश्व की सबसे प्राचीन आदिम सभ्यताएं आज भी जीवित हैं। इन सभ्यताओं के संरक्षण और उनके मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। आदिवासी संस्कृति, लोक नृत्य, और लोक संगीत और लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। 

विधायक ने दी CM सोरेन को जानकारी

इसी कड़ी में आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा "राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021" का आयोजन किया जा रहा  है। इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी लोक गीत-संगीत और नृत्य क्षेत्र के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। विधायक चंद्राकर ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके गरिमामयी आगमन से छत्तीसगढ़ की धरा में आयोजित इस महोत्सव की शोभा बढ़ेगी। 

CM सोरेन ने दी बधाई

इस अवसर पर संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आदिवासी लोक शिल्प बस्तर आर्ट से बनी स्मृति चिन्ह भेंट की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विनोद चंद्राकर को धन्यवाद देते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, राज्य प्रशासनिक सेवा छत्तीसगढ़ के अधिकारी राकेश कुमार गोलछा सहित महासमुन्द ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष खिलावन साहू, दिलीप चंद्राकर मौजूद थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.