Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

साहित्य के लिए उत्कृष्ट काम को मिलेगा दो लाख रुपए का पुरस्कार

छत्तीसगढ़ में साहित्य-आंचलिक साहित्य के संरक्षण-संवर्धन के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्ति या संस्थान को दो लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। पं. सुन्दरलाल शर्मा की स्मृति में स्थापित यह राज्य अलंकरण संभवत राज्योत्सव के अवसर पर दिया जाएगा। इस अलंकरण के लिए संस्कृति और पुरातत्व संचालनालय द्वारा प्रविष्टियां-अनुशंसाएं 11 अक्टूबर 2021 तक ली जाएंगी। प्रविष्टियां विभाग के ई-मेल आइडी  rajyaalankaranculture@gmail.com पर स्वीकार की जाएंगी। 



प्रविष्टि के लिए साहित्यकार को स्वयं या सम्मान के लिए नामांकित किए जाने वाले संस्था का पूरा नाम, परिचय और पता सहित साहित्य-आंचलिक साहित्य के क्षेत्र में किए गए कामों का सप्रमाण विवरण भी प्रस्तुत करना होगा। व्यक्ति या संस्था को पहले कोई सम्मान मिला हो तो उसका विवरण भी प्रविष्टि में करना होगा। प्रविष्टि के लिए भेजे जाने वाले ई-मेल का विषय पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान 2021 स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। ई-मेल का आकार 10 MB और PDF-ईमेल सहित ए-4 साइज के अधिकतम 20 पेज ही स्वीकार्य होंगे। इस संबंध में अधिक जानकारी विभागीय वेबसाइट www.cgculture.in  से भी प्राप्त की जा सकती है।

उर्दू साहित्य के लिए भी मिलेगा पुरस्कार 

राज्य में उर्दू साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए दो लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रसिद्ध उर्दूसाहित्यकार दिवंगत हाजी हसनअली की स्मृति में स्थापित इस राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां और अनुशंसाएं 11 अक्टूबर तक ली जाएंगी। प्रविष्टि प्रपत्र और पुरस्कार के संबंध में जानकारी आदिम जाति अनुसूचित जाति विकास आयुक्त कार्यालय इंद्रावती भवन नवा रायपुर अटल नगर से निशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। पूरी तरह भरी हुई प्रविष्टियां बंद लिफाफे में 11 अक्टूबर 2021 की शाम पांच बजे तक छत्तीसगढ़ राज्य उर्दू अकादमी कार्यालय पुराना RDA बिल्डिंग के सामने रायपुर में जमा होंगी। 

अभिप्रमाणित छायाप्रति भी संलग्न 

प्रविष्टियां डाक द्वारा भी स्वीकार की जाएंगी। निर्धारित तिथि और समयावधि के बाद प्राप्त आवेदनों-प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। स्व. हाजी हसन अली पुरस्कार 2021 के लिए प्रविष्टि में संबंधित व्यक्ति को स्वयं का पूरा नाम, परिचय और पता सहित उर्दू साहित्य के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का सप्रमाण विवरण भी प्रस्तुत करना होगा। व्यक्ति को पहले कोई सम्मान मिला हो तो उसका विवरण भी प्रविष्टि में करना होगा। प्रविष्टि में आवेदक को स्वरचित साहित्य की अभिप्रमाणित छायाप्रति भी संलग्न करना होगा। 

हाजी हसनअली पुरस्कार

प्रविष्टि के लिए भेजे जाने वाले आवेदन पत्र पर स्व. हाजी हसनअली पुरस्कार 2021 स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा। यदि आवेदक शासकीय सेवक है तो पूर्ण विवरण के साथ कार्यरत विभाग का नाम, पदनाम और विभाग में कार्य करने की अवधि का भी स्पष्ट उल्लेख करना होगा। प्राप्त प्रविष्टियों में से उत्कृष्ट प्रविष्टि के आधार पर पुरस्कार के लिए योग्य व्यक्ति का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.