Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में 28 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन, इन राज्यों के CM,मंत्री और अधिकारियों को दिया गया न्योता

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से  28 से 30 अक्टूबर तक रायपुर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए लद्दाख के उप राज्यपाल को आमंत्रित किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप और विधायक संतराम नेताम ने लद्दाख पहुंचकर उप राज्यपाल का आमंत्रण पर्यटन सचिव को सौंपा। 

इस मौके पर कश्यप ने पर्यटन सचिव से छत्तीसगढ़ सरकार का आमंत्रण उप राज्यपाल को देने का आग्रह किया। हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष कश्यप ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की आदिवासी कला औप संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और कहा कि राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी राज्यों की आदिवासी संस्कृति को मंच प्रदान करना है। 

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री को आमंत्रण

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री थिरू एन रंगास्वामी को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और सिहावा विधायक लक्ष्मी के साथ गए प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने मुख्यमंत्री और पुडुचेरी के प्रशासनिक अधिकारियों से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

सांस्कृतिक दलों को रायपुर भेजने का आग्रह

विधायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश के सभी राज्यों की आदिवासी संस्कृति को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आदिवासी संस्कृति को विश्व पटल पर लाने के प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी। छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधि मंडल ने पुडुचेरी के मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सांस्कृतिक दलों को रायपुर भेजने का भी आग्रह किया।  

मिजोरम के मुख्यमंत्री को आमंत्रण

छत्तीसगढ़ शासन की ओर से मिजोरम के मुख्यमंत्री जोराम थंगा को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और विधायक लखेश्वर बघेल, प्रकाश नायक ने मिजोरम की राजधानी आईजोल पहुंचकर मुख्यमंत्री जोराम थंगा से भेंट की। 

उन्होंने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और  छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने आमंत्रण दिया। उन्होंने मिजोरम के मुख्यमंत्री से राज्य के सांस्कृतिक दलों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रायपुर भेजने का भी आग्रह किया। वहीं मुख्यमंत्री  जोराम थंगा ने आमंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को न्योता

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जशपुर विधायक विनय भगत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर  राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और एक नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार दोनों कार्यक्रमों में बतौर अतिथि देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगणों और प्रशासक गणों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में विधायक भगत  देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।  

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को न्योता

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह को छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से संसदीय सचिव चन्द्रदेव प्रसाद राय ने आमंत्रण दिया। उन्होंने इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवंबर को आयोजित राज्योत्सव में भी शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री  ठाकुर ने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आमंत्रित किए जाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। 

त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री को न्योता

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री को संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद और डोंगरगढ़ के विधायक-अनुसूचित जाति प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश्वर बघेल ने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से न्यौता दिया। त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आमंत्रित किए जाने को लेकर त्रिपुरा सरकार की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया।

संसदीय सचिव निषाद ने त्रिपुरा के संस्कृति मंत्री से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के आयोजन और उसके उद्देश्य के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया में पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन राजधानी रायपुर 28-30 अक्टूबर तक होगा। 


दादर नगर हवेली और दमनदीव के प्रशासक को न्योता

छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से चित्रकोट के विधायक राजमन बेंजाम ने दादर नगर हवेली और दमनदीव के प्रशासक प्रफुल्ल भाई पटेल से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया। विधायक बेंजाम ने प्रशासक प्रफुल्ल भाई पटेल से मुलाकात की और उन्हें राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव में शामिल होने का न्यौता दिया। प्रशासक प्रफुल्ल भाई पटेल ने आमंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। 


पंजाब के राज्यपाल को न्योता

 राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित को विधायक शैलेष पांडेय ने चंडीगढ़ पहुंचकर न्योता दिया। विधायक  पांडेय ने राज्यपाल पुरोहित को राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आमंत्रण पत्र सौंपने के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से शाल-श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने पंजाब के राज्यपाल को छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण समारोह में शामिल होने का भी आमंत्रण दिया। 


राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव-2021

कोरबा जिले से राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021 में शामिल होने के लिए परंपरागत नृत्य दलों का चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस महोत्सव में शामिल होने के लिये आदिवासी नृतक दल अपने-अपने विकासखंड मुख्यालयों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के मापदंड और शर्तों के अनुरूप जनपद स्तर पर पंजीयन उपरांत प्रत्येक विकासखंड से एक-एक दल चयन कर कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा को 12 अक्टूबर 2021 तक सूची उपलब्ध कराया जाना है। 

थीमों के आधार पर उत्कृष्ठ दलों का चयन

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव रायपुर में 28 से 30 अक्टूबर 2021 तक आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव के लिये पूरे छत्तीसगढ़ से उत्कृष्ठ आदिवासी नृतक दलों का चयन किया जा रहा है। कोरबा जिले से चार थीमों विवाह, फसल कटाई, पारंपरिक त्यौहार सहित अन्य ओपन कैटेगरी को चयनित किया जाएगा। इस संबंध में आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त से मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा जिले में आदिवासी नृतक दलों के परंपरागत पहनावे, नृत्य की मौलिकता, परंपरागत वाद्य यंत्रों के प्रयोग को ध्यान में रखते हुए चारों थीमों पर उत्कृष्ठ दलों का चयन किया जाएगा। 

संभाग स्तरीय कार्यक्रम 

पहले विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ठ दल चयनित होंगे जो जिला स्तर पर होने वाली चयन प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ठ आदिवासी नृतक दलों को संभाग और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल होने का मौका मिलेगा। विकासखंड स्तरीय उत्कृष्ठ दलों में से जिला स्तर पर चयन  के बाद संभाग स्तरीय कार्यक्रम 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2021 तक बिलासपुर संभाग में आयोजित होगी। इस चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले प्रत्येक आदिवासी नृतक दल को अपनी प्रस्तुति के लिये अधिकतम 10 मिनट का समय दिया जाएगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.