Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

3 खाद दुकानों पर छापा, 560 बोरी यूरिया बरामद, कई दुकानों को नोटिस

बलौदाबाजार कलेक्टर के निर्देश पर उप  कृषि संचालक ने खाद और कृषि दवाई दुकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। उन्होंने लाइसेंस की वैधता खत्म होने के बाद भी उर्वरक बेच रहे सहकारी समिति के 560 बोरी खाद को सीज कर लिया। वहीं दो उर्वरक दुकानों को अनियमिता के चलते शो कॉज नोटिस जारी किया है। उप संचालक संतराम पैकरा ने बताया कि कृषि विभाग की जिला स्तरीय निरीक्षण टीम ने कसडोल, गिधौरी और लवन में कई राशन दुकानों में दबिश दी। 


उन्होंने बताया कि कसडोल स्थित उत्तम विपणन और प्रक्रिया सहकारी संस्था मर्यादित को जारी उर्वरक प्राधिकार पत्र खत्म हो चुका है। बावजूद उनके यूरिया खाद का विक्रय किया जा रहा था। उनके भंडार में 560 बोरी यूरिया पाया गया, जिसे बरामद कर लिया गया है। साथ ही विक्रय पर पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बलौदाबाजार के लवन स्थित पांडेय ट्रेडर्स और गिधौरी के अग्रवाल ब्रदर्स के दुकान में अनियमिता पाई गई है। पैकरा ने कहा कि उर्वरक का विक्रय पॉस मशीनों के माध्यम से ही किया जाना है। सहकारी और निजी दुकानों दोनों को इस निर्देश का पालन करना होगा। उन्हें अपने दुकान में आसानी से प्रदर्शित उपलब्ध स्टॉक और मूल्य सूची दिखाना होगा।

कई संस्थाओं को नोटिस जारी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा राज्य में रासायनिक उर्वरकों, बीज और कीटनाशक औषधि की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी अपने-अपने इलाकों में लगातार दबिश देकर बीज, खाद और कीटनाशक औषधियों के सैंपल ले रहे हैं, जिसकी जांच गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला में की जा रही है। खरीफ सीजन 2021 में 28 अगस्त 2021 की स्थिति में राज्य में बीज के 39 नमूने और रासायनिक उर्वरक के 87 नमूने अमानक पाए गए हैं, जिनके लाट के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के साथ ही संबंधित फर्मों को कृषि विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कीटनाशक औषधि का भी 67 विश्लेषित नमूनों में से एक नमूना अमानक पाया गया है।

रासायनिक उर्वरकों के विश्लेषित सैंपल

कृषि विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक खरीफ सीजन 2021 में बीज के अब तक 2234 नमूने लिए गए हैं, सभी नमूनों का विश्लेषण किया जा चुका है। इन नमूनों में 2195 नमूने मानक स्तर के और 39 नमूने अमानक पाए गए हैं। इसी तरह रासायनिक उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच के लिए कृषि विभाग के उर्वरक निरीक्षकों ने 2211 नमूने विभिन्न संस्थानों से लिए हैं। जिसमें से 1977 नमूनों की जांच की जा चुकी है। 234 नमूनों की जांच जारी है। रासायनिक उर्वरकों के विश्लेषित सैंपल में से 1890 मानक स्तर के और 87 अमानक पाए गए हैं। 

67 नमूनों का विश्लेषण 

अमानक बीज और खाद के लाट के विक्रय को विभाग ने प्रतिबंधित किए जाने के साथ संबंधित संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कृषि विभाग की टीम कीटनाशक औषधियों के गुणवत्ता की भी जांच कर रही है। जांच टीम ने अब तक कुल 163 सैंपल विभिन्न फर्मों से लिए गए हैं, जिसमें से 67 नमूनों का विश्लेषण करने पर 66 सैंपल मानक स्तर के और एक सैंपल अमानक पाया गया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.