Media24Media.com: भीषण सड़क हादसा: बस और ट्राला में जोरदार टक्कर, 3 की मौत, 30 से ज्यादा यात्री घायल

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भीषण सड़क हादसा: बस और ट्राला में जोरदार टक्कर, 3 की मौत, 30 से ज्यादा यात्री घायल

Document Thumbnail

आगरा-कानपुर नेशलन हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। इस भीषण हादसे में बस में सवार एक मासूम सहित तीन यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। दरअसल, आगरा-कानपुर नेशलन हाईवे पर गुरुवार देर रात कानपुर से आगरा जा रही आगरा डिपो की रोडवेज बस हाईवे पर खड़े ट्राला से टकरा गई। इसके बाद आस-पास के ग्रामीणों और पुलिस ने रेस्क्यू चलाकर घायलों को अस्पताल भेजा। हादसा बकेवर क्षेत्र के राधे-राधे धाबा के पास द्वारका गांव के सामने हुआ है। ट्राला से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके बाद बस का एक तरफ का पूरा हिस्सा ही गायब हो गया।  


जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात कानपुर नगर से चलकर रोडवेज की आगरा फोर्ट डिपो की बस लगभग 50 सवारियों को लेकर आगरा के लिए निकली थी। बस में कानपुर, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, आगरा, अलीगढ़ की सवारियां थीं। रात करीब सवा दो बजे बस इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी वह हाईवे पर खड़े 22 चक्का ट्राला से पीछे से तेजी से टकरा गई। बस की कन्डक्टर साइड के आधे हिस्से के परखचे उड़ गए। वहीं हादसे में लगभग 30 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद यात्रियों की मदद के लिए आस-पास गांव वाले दौड़ पड़े और पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

पांच डॉक्टरों की टीम कर रही इलाज

सूचना पर SP ग्रामीण ओमवीर सिंह, CO भरथना पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने आनन फानन में रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे घायल यात्रियों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्‍टरों ने एक साल के मासूम अलीगढ़ के आदित्य, हमीरपुर के निरपत समेत तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। 30 घायलों में एक महिला समेत सात लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है।

सालाना डेढ़ लाख लोगों की मौत

बता दें कि भारत में दुनिया के एक फीसदी वाहन हैं, लेकिन सड़कों पर वाहन दुर्घटनाओं के चलते विश्वभर में होने वाली मौतों में 11 प्रतिशत मौत भारत में होती हैं। विश्वबैंक की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। भारत में सालाना करीब साढ़े चार लाख सड़क हादसे होती हैं, जिनमें डेढ़ लाख लोगों की मौत होती है।

सड़क हादसों से हर 4 मिनट में एक मौत

रिपोर्ट के मुताबिक 'सड़क हादसों में हताहत होने वाले लोगों में सबसे ज्यादा भारत के होते हैं। भारत में दुनिया के सिर्फ एक फीसदी वाहन हैं, लेकिन सड़क दुर्घटनाओं में दुनिया भर में होने वाली मौतों में भारत का हिस्सा 11 प्रतिशत है। देश में हर घंटे 53 सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और हर 4 मिनट में एक मौत होती है।'

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.