Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित- कांग्रेस


महासमुंद। मोदी सरकार के 7 साल को कांग्रेस ने हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि मोदी सरकार देश में अब तक की सबसे असफल सरकार है। प्रेस क्लब महासमुन्द में आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए
कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामन्त्री एवं महासमुन्द जिला प्रभारी कन्हैया अग्रवाल, छत्तीसगढ़ सरकार में संसदीय सचिव एवं महासमुन्द विधायक विनोद चन्द्राकर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ रश्मि चन्द्राकर ने अनेक गम्भीर आरोप लगाया। उन्होंने अपने बयान में नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाला प्रधानमंत्री तक कह डाला। इस गम्भीर आरोप लगाने का आधार पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि गूगल में सर्च करके भी यह जान सकते हैं कि उन्होंने किन-किन अवसरों पर कितनी मिथ्या बातें कही है। चुनावी घोषणा पत्र और 15 लाख रुपये खाते में आने जैसी जुमलों का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 70 वर्षों में कांग्रेस की सरकार ने राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दिया। अब पब्लिक सेक्टर और जन सुविधाओं के केंद्रों को केंद्र सरकार बेच रही है। पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। नोटबंदी करके पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया गया। लाल किला, एलआईसी, भिलाई इस्पात संयंत्र, नगरनार आदि अनेक सेक्टरों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार केवल बेचने का काम कर रही है। रेलवे, एयरपोर्ट सबकुछ दांव पर है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 70साल बनाम सात साल का नारा देकर जनता को दिग्भ्रमित किया जा रहा है।









उन्होंने मोदी को अब तक का असफल प्रधानमंत्री बताया। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा हैं कि नोटबन्दी, जी एस टी, पेट्रोल-डीजल में वृद्धि,रसोई गैस के दाम में भारी बढ़ोतरी से आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। महंगाई की मार, नारी शक्ति पर अत्याचार और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में सरकार विफल रही है। मोदी सरकार ने काला धन वापस लाकर आम जनता के खाते में 15-15 लाख रुपये डालने की बड़ी-बड़ी बातें की थी। सभी घोषणाएं टाँय-टाँय फिस्स होकर रह गई। गरीब और गरीब होते जा रहे हैं और अमीर और अमीर होते जा रहा है। इस तरह देश की अर्थव्यवस्था को चौपट करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन बघेल, संजय शर्मा, अमन चंद्राकर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.