Media24Media.com: स्कूलों से संबंधित न्यूज

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label स्कूलों से संबंधित न्यूज. Show all posts
Showing posts with label स्कूलों से संबंधित न्यूज. Show all posts

छात्रों को 24 अप्रैल से मिलेगी गर्मी की छुट्‌टी, भीषण गर्मी की वजह से लिया गया फैसला

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। बढ़ती गर्मी ने सभी का जीना हराम कर दिया है। इसी बीच भीषण गर्मी की वजह से स्कूलों में गर्मी की छुट्‌टी तय समय से पहले हो गई। सरकार ने 24 अप्रैल से स्कूलों की छुट्‌टी करने का आदेश जारी कर दिया है। अब 15 जून तक स्कूलों में छुट्‌टी रहेगी। उसके बाद नया शिक्षा सत्र शुरू होगा। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने ये फैसला किया है।

सरकार के फैसले के मुताबिक सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 24 अप्रैल से गर्मी का अवकाश शुरू कर दिया जाएगा। स्कूलों में सिर्फ कुछ विषयों में एंडलाइन असेसमेंट का काम होना है। इसके लिए 25 अप्रैल की तारीख तय हुई है, जो विद्यार्थी स्वेच्छा से स्कूल आना चाहते हैं, उनको 25 अप्रैल को असेसमेंट के लिए ही बुलाया जाएगा। उसके बाद स्कूल अगले शिक्षा सत्र के लिए 15 जून को खुलेंगे। 

गर्मी की छुट्‌टी का यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा। बीते तीन दिनों से प्रदेश में गर्मी बढ़ी है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस हो गया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभागों के अधिकतर हिस्सो में लू चल रही है। इसकी वजह से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई थी। लोगों का कहना था कि जिस गर्मी में वयस्क बेचैन हो जा रहे हैं, उसमें बच्चों का स्कूल जाना खतरनाक हो सकता है।

32 दिनों के गर्मी की छुट्‌टी 

स्कूल शिक्षा विभाग में इस बार गर्मी की छुट्‌टी कम करने का फैसला किया था। फरवरी में एक आदेश जारी हुआ। इसमें कहा गया कि चालू शैक्षणिक सत्र 31 मार्च 2022 तक की जगह 30 अप्रैल 2022 तक चलेगा। इसके बाद 14 दिन नये शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं चलेंगी। उसके बाद 15 मई से 15 जून तक के 32 दिनों के गर्मी की छुट्‌टी होगी। इससे पहले 46 दिन के ग्रीष्मावकाश की व्यवस्था होती थी। यह एक मई से शुरू होकर 15 जून तक चलनी थी।

गर्मी के मौसम में हीट स्ट्रोक का खतरा 

गर्मी के मौसम में लोगों के लू से प्रभावित होने की खबरें सामने आती रहती है। सूर्य की तेजी गर्मी के दुष्प्रभाव से शरीर के तापमान नियंत्रण प्रणाली में विपरीत प्रभाव पड़ता है, जिसके कारण शरीर का तापमान अनियंत्रित होकर अत्यधिक बढ़ जाता है। इससे शरीर में पानी और खनिज मुख्यता नमक की कमी हो जाती है। इस स्थिति को लू लगना या हीट स्ट्रोक के नाम से जाना जाता है।  CMHO ने कहा कि लू के लक्षण जैसे चक्कर और सिरदर्द शुरु होते ही मरीज को ठंडे स्थान ले में जाकर इलाज चालू कर देना चाहिए। 

आरोग्य सेवा केंद्र से निशुल्क परामर्श

ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनना बेहतर होगा, जो पूरे शरीर को ढक कर रखें। वाहन चालकों को धूप के चश्में शील्ड और हेलमेट का उपयोग करना चाहिए। शुद्ध पानी और पेय पदार्थ का ही सेवन करना चाहिए। गर्म से ठंडे और ठंडे स्थान से गर्म स्थानों पर तुरंत नहीं जाना चाहिए। साथ ही खुले बासे खाद्य पदार्थों का सेवन नहीं करना चाहिए। प्रारंभिक सलाह के लिए 104 आरोग्य सेवा केंद्र से निशुल्क परामर्श लिया जा सकता है। उल्टी, सर दर्द, तेज बुखार की दशा में निकट के अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र से जरूरी सलाह लेना चाहिए।

फिर खुलेंगे 6वीं से 12वीं तक के स्कूल, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

No comments Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब स्कूल फिर खुल जाएंगे। शुक्रवार रात को रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने एक नया आदेश जारी किया है, जिसके मुताबिक अब रायपुर में आंगनबाड़ी केंद्र भी खोले जाएंगे। इनके साथ 6वीं से 12वीं तक के स्कूल भी शुरू किए जाएंगे। पहली से पांचवी तक की कक्षाओं को लेकर फिलहाल कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। इसलिए ये कक्षाएं नहीं लगेंगी। फिलहाल इन कक्षाओं के बच्चों की क्लास ऑनलाइन चल रही हैं।

करीब 1 महीने पहले कोरोना के बढ़े मामलों की वजह से रायपुर में स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया था। कलेक्टर ने शहर में नाइट कर्फ्यू भी लगाया था। हालांकि अब नाइट कर्फ्यू भी खत्म कर दिया गया है। स्कूलों में स्टूडेंट्स की क्षमता को लेकर कहा गया है कि पूरी क्षमता यानी कि जितने बच्चे हैं सभी स्कूल आ सकेंगे। हालांकि शालाओं में कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा।

इन पाबंदियों के साथ छूट

जारी आदेश के मुताबिक धार्मिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों, विवाह और दशगात्र में आयोजन स्थल की क्षमता के 50% मेहमानों की उपस्थिति में कराने की अनुमति होगी। किसी आयोजन में 100 से 200 व्यक्तियों के सम्मिलित होने की स्थिति में एक दिन पूर्व निकटतम थाना, जोन कार्यालय अथवा नगरीय निकाय को सूचना दिया जाना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम में 200 से ज्यादा व्यक्तियों के उपस्थिति होने की दशा में जिला कलेक्टर की लिखित पूर्वानुमति अनिवार्य होगी।

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी

सार्वजनिक स्थलों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क का उपयोग किया जाना अनिवार्य होगा। उल्लंघन की दशा में राज्य शासन द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक निर्धारित अर्थदंड अधिरोपित किया जा सकेगा। सभी मॉल, जिम, सिनेमाघर, ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, स्विमिंग पूल और अन्य आयोजन स्थलों को 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दी है।

छत्तीसगढ़ में करीब 16 महीने बाद 2 अगस्त से फिर खुलेंगे स्कूल, शर्तों के साथ ऑफलाइन कक्षाएं संचालन करने की मिली अनुमति

No comments Document Thumbnail

लंबे समय से कोरोना संक्रमण के कारण बंद स्कूल अब दो अगस्त से खुल जाएंगे। सबसे पहले दसवीं और बारहवीं की कक्षाएं स्कूल में लगना शुरू होंगी। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग की ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने के संबंध में राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में मंत्रालय से जारी आदेश के मुताबिक ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने की अनुमति शर्तों के आधार पर दी गई है। ऑफलाइन कक्षाएं शुरू करने की शर्तों के मुताबिक स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सभी निजी और शासकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं-12वीं की कक्षाएं सोमवार 2 अगस्त 2021 से शुरू होगी। 



स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सभी निजी और शासकीय विद्यालयों में कक्षा एक से 5वीं और कक्षा 8वीं की कक्षाएं शुरू करने के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संबंधित ग्राम पंचायत और स्कूल की पालक समिति की अनुशंसा प्राप्त करना आवश्यक है। शहरी क्षेत्रों के लिए संबंधित वार्ड पार्षद और स्कूल की पालक समिति की अनुशंसा प्राप्त करना जरूरी है। उनकी अनुशंसा प्राप्त होने पर ही यह कक्षाएं सोमवार 2 अगस्त 2021 से शुरू की जा सकेंगी।  


शर्तों के साथ कक्षाएं संचालन करने की अनुमति


आदेश की शर्तों के अनुसार यह कक्षाएं उन्हीं जिलों में शुरू की जाएगी, जिनमें कोरोना की पॉजिटिविटी दर 7 दिनों तक 1 प्रतिशत से कम रही हो। विद्यार्थियों को ऑफलाइन कक्षाओं में एक दिन के अंतर पर बुलाया जाएगा। मतलब रोजाना सिर्फ आधी संख्या में ही विद्यार्थी बुलाए जाएंगे। किसी भी विद्यार्थी को अगर सर्दी, खांसी, बुखार होगा तो उसे कक्षा में नहीं बैठाया जाएगा। आदेश अनुसार ऑनलाइन कक्षाएं यथावत संचालित की जाती रहेंगी। किसी भी विद्यार्थी के लिए उपस्थिति अनिवार्य नहीं होगी। केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर जारी कोरोना संक्रमण से बचाव के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करना होगा। आदेश में सभी शिक्षण संस्थाओं के कमरों की साफ-सफाई ठीक प्रकार से करने को कहा गया है। 


 50 प्रतिशत छात्र ही होंगे उपस्थित

 

अंबिकापुर संयुक्त संचालक लोक शिक्षण के कुमार ने बताया है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य में कोरोना की स्थिति में सुधार को देखते हुए 2 अगस्त 2021 से शालाओं का संचालन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक शाला में  प्रतिदिन 50 प्रतिशत छात्र ही उपस्थित होंगे। बाकी बचे 50 प्रतिशत छात्र अगले दिन उपस्थित होंगे। शाला संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किया गया है। सभी उच्च अधिकारी विशेष रूप से जिला चिकित्सा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक और संकुल केंद्र समन्वयक आवश्यक रूप से स्कूल शुरू होने के दिन स्कूलों का खुद दौरा करेंगे।  

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.