Media24Media.com: यातायात

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label यातायात. Show all posts
Showing posts with label यातायात. Show all posts

ई - रिक्शा एवं ऑटो के कारण उत्पन्न यातायात समस्याओं एवं उनके समाधान पर परिवहन सचिव ने ली वर्चुअल बैठक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। ई-रिक्शा एवं ऑटो के कारण उत्पन्न यातायात समस्याओं एवं उनके समाधान से जुड़े विषयों पर परिवहन सचिव सह आयुक्त एस.प्रकाश की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में संभाग मुख्यालय रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, अम्बिकापुर तथा जगदलपुर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर भी उपस्थित थे।

ई - रिक्शा एवं ऑटो की संख्या में निरंतर वृद्धि को देखते हुए सुगम और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के उपायों पर बैठक में विचार - विमर्श किया गया। बैठक में बताया गया कि जिलेवार परिवहन कार्यालय में पंजीकृत ई-रिक्शा (गुड्स एवं पैसेंजर) की संख्या क्रमशः रायपुर 13374, बिलासपुर 4493, दुर्ग 4038, अंबिकापुर 1311, जगदलपुर 41, इसी प्रकार पंजीकृत ऑटो (गुड्स एवं पेसेंजर) की संख्या क्रमशः रायपुर 20306, बिलासपुर 14867, दुर्ग 9602, अम्बिकापुर 4429, जगदलपुर 3431 है, इस संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है। बिना मॉनिटरिंग एवं रेगुलेशन के इन पर नियंत्रण की समस्या पर चर्चा की गई।

जिला प्रशासन रायपुर ने जोनवार योजना बनाई

बैठक में रायपुर जिला प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा एवं ऑटो के सुगम व्यवस्थित परिचालन हेतु निर्मित जोनवार योजना के बारे में भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। रायपुर जिला प्रशासन के द्वारा रायपुर शहर को मुख्य रूप से 05 जोनों में विभक्त कर योजना बनाई गई है।

ई-रिक्शा हेतु केन्द्र एवं राज्यों में प्रचलित अधिनियम एवं नियमों पर चर्चा

बैठक में ई-रिक्शा हेतु केन्द्र एवं राज्यों में प्रचलित अधिनियम एवं नियमों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त राज्य शासन एवं जिला प्रशासन को प्राप्त शक्तियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित जिलों के अधिकारियों से क्रमशः उनके जिलों में ई-रिक्शा एवं ऑटो के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली गई।

समस्या के समाधान के लिए मांगे गए सुझाव

बैठक में ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन में निरन्तर वृद्धि एवं समस्या के समाधान हेतु किसी भी प्रकार के प्रस्ताव, सुझाव जिला सड़क सुरक्षा समिति अथवा जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सड़क सुरक्षा समिति अथवा परिवहन विभाग के पास प्रेषित् करने हेतु कहा गया।

 

 

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सर्वाेच्च प्राथमिकता, हाईटेक सिस्टम का अधिकाधिक उपयोग कर दुरुस्त करेंगे ट्रैफिक व्यवस्था

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सिस्टम को हाईटेक कर हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने आज अपने आवास से 15 नए इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते हुए यातायात नियमों का पालन सुरक्षित यात्रा की गारंटी देता है और इससे अन्य वाहन चालकों में भी सुरक्षा का भाव पैदा होता है। बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए हमें यातायात नियमों का पालन करने के लिए अधिक सचेत और गंभीर होने की आवश्यकता है।

नियमों का पालन कर हम न केवल अपने बल्कि सहयात्रियों के अधिकारों का भी सम्मान करते हैं। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक अनुज शर्मा और पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा सही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वाहनों की उपयोगिता और तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी ली।

इस मौके पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हर वर्ष हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं और कई लोगों में स्थाई दिव्यांगता आ जाती है।

इस समस्या का समाधान समाज के सभी वर्गों के सहयोग से हो सकता है। यातायात नियमों का पालन कर वाहन चालक न केवल अपना व अपने परिवार बल्कि समाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करता है।

नियमों का पालन करने से सड़कों पर अनुशासन और व्यवस्था बनी रहती है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति से बचा जा सकता है। गंतव्य तक की यात्रा सुखद और सुरक्षित अनुभव के साथ पूरी होती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नए इंटरसेप्टर वाहनों से नियमों का पालन न करने वालों पर निगरानी रखी जाएगी। हमारा उद्देश्य चालान वसूलना नहीं बल्कि लोगों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक व सचेत करना है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं के प्रभावी नियंत्रण के लिये सर्वसुविधायुक्त इंटरसेप्टर वाहनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, ताकि ओवर स्पीडिंग, नशे में वाहन चलाना, निर्धारित मापदण्ड से अधिक चकाचौंध के हेड लाईट्स, वाहन में लगे ध्वनि यंत्रों की तेज आवाज मापने तथा वाहनों के ग्लास में निर्धारित मापदण्ड से अधिक गहरी काली फिल्म लगाकर अपराध करने वाले वाहन चालको के विरुद्ध कार्यवाही की जा सके। 15 नवीन इंटरसेप्टर वाहन मिलने से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर कार्यवाही की जा सकेगी। इन वाहनों में ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा 360 डिग्री निगरानी हेतु सर्विलांस कैमरा भी है, जिससे सड़क दुर्घटना के मामले में कानून व्यवस्था की स्थिति की बेहतर निगरानी और सुगम यातायात प्रबंधन की कार्यवाही भी कर पाएंगे।

राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा निधि प्रबंधन समिति की अनुशंसा पर राज्य शासन से प्रशासकीय स्वीकृति उपरांत सड़क सुरक्षा कोष मद से इन वाहनों का प्रबंध किया गया है।

वर्तमान में नवीन इंटरसेप्टर वाहनों की तैनाती जिला रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, रायगढ़ सरगुजा, जगदलपुर, कांकेर में की जा रही है। इन 15 जिलों में इंटरसेप्टर वाहनों के संचालन हेतु कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

रायपुर पुलिस में लापरवाह जवानों को मिली सजा तो उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला कॉप ऑफ द मंथ अवार्ड

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। SSP संतोष सिंह ने लंबे समय गैरहाजिर रहने पर एक आरक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया एवं लापरवाही पर तीन अन्य आरक्षकों को सस्पेंड करते हुए लाईन अटैच किया। वहीं कानून व्यवस्था के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और जवानों को कप ऑफ़ थे मंथ के अवार्ड से नवाजा।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर संतोष सिंह द्वारा पुलिसिंग के क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे अधिकारी कर्मचारी को प्रोत्साहित करने हेतु प्रति माह “कॉप ऑफ द मंथ’’ पुरस्कार देने की शुरुआत की गई है। निरीक्षक सचिन सिंह थाना प्रभारी मंदिर हसौद के द्वारा चुनाव आचार संहिता के दौरान कैश, शराब व ड्रग्स आदि की धरपकड़ में प्रभावी कार्यवाही; यातायात के प्रधान आरक्षक सत्यवान भगत के द्वारा बीट क्षेत्र में लगन व मेहनत से यातायात संचालित करने का कार्य; आरक्षक टीकम साहू, कार्यालय सीएसपी विधानसभा के द्वारा सौंपे गये कार्यो को सुचारू रूप से संपादन करने का कार्य; आरक्षक दिलीप जांगड़े एसीसीयू द्वारा पांच अलग-अलग सोने की चेन लूट के आरोपियों को पकड़ने में योगदान हेतु; सउनि सैय्यद इरफान व आरक्षक मुनीर रजा एसीसीयू द्वारा देश भर में नकली सोना को गिरवी रखकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग को पकड़ने के उत्कृष्ट कार्य हेतु; उपनिरीक्षक सुनील वर्मा व प्रधान आरक्षक भुनेषश्वर साहू को थाना विधानसभा द्वारा आमासिवनी में पुलिसकर्मी की पत्नि जॉली के हत्याकांड के आरोपियों की पतासाजी के सराहनीय कार्य हेतु; आरक्षक नितेष सिंह राजपूत एसीसीयू द्वारा 601 नग गुम/ चोरी की मोबाईल की बरामदगी में महत्वपूर्ण योगदान हेतु; आरक्षक खिलेश्वर साहू, थाना मंदिर हसौद द्वारा ऑनलाईन फ्रॉड की शिकायत पर रकम वापसी व मोबाईल वापसी संबंधी सराहनीय कार्य हेतु; ट्रांसजेंडर आरक्षक शंकर यादव थाना टिकरापारा द्वारा थाने के सौंपे गये कार्यो को अत्यंत ही लगन व मेहनत से कार्य संपादन करने पर; आरक्षक केशव सिन्हा एसीसीयू द्वारा निजात अभियान के तहत बड़ी संख्या में नशीले टेबलेट व गांजा आदि के धरपकड़ में प्रभावी कार्यवाही किये जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर द्वारा कॉप ऑफ द मंथ सम्मान से एसपी कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीएसपी अमन झा सहित अन्य कार्यालयीन अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

चुने गए कर्मचारियों को नगद ईनाम एवं गुड सर्विस एंट्री व प्रशंसापत्र के साथ ही उनका फोटो समस्त पुलिस कार्यालयों और जिले के सभी थाना व चौकी के नोटिस बोर्ड पर पूरे माह के लिए लगा रहेगा। इससे दूसरे पुलिसकर्मी भी अच्छा कार्य करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। पुलिस अधीक्षक रायपुर द्वारा स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जनता से अच्छा व्यवहार जिम्मेदारी एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को हमेशा सम्मानित किया जाएगा, वहीं अवैध काम में लिप्त व अनुशासनहीनता व पदीय कर्तव्य निर्वहन में लापरवाहीपूर्ण आचरण करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही मार्च माह में एक को सेवा से पृथक और तीन को निलंबित किया गया।

SSP संतोष सिंह द्वारा महिला आरक्षक ज्योति ठाकुर, रक्षित केन्द्र को पिछले तीन साल से कर्तव्य से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने पर सेवा से बर्खास्त किया गया। दो आरक्षकों को अभिरक्षा से बंदी के फरार हो जाने पर और एक आरक्षक को ड्यूटी के दौरान शराब सेवन कर रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जाकर हो-हल्ला करने पर निलंबित किया गया है।

 

छोटी-छोटी लापरवाही से बचा जाए तो, बच जाएंगे अनमोल जीवन : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा लघु फिल्म महोत्सव में शामिल हुए। दो दिवसीय राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव का आयोजन रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में किया गया है। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सड़क सुरक्षा पर बनी लघु फिल्म ’फाइनल्स’ तथा ’गलती मोर सजा तोर’ भी देखी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा लघु फिल्म महोत्सव में लघु फिल्मों के माध्यम से बताया गया कि छोटी-छोटी लापरवाहियों से एक अनमोल जीवन चला जाता है। इसे बचाया जा सकता है, यदि ट्रैफिक के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाए। मैंने यह फिल्में देखी और यातायात विभाग ने क्रिएटिव माध्यम से इन लापरवाहियों को बताया है, जिसका बहुत अच्छा असर दर्शकों पर पड़ेगा और वे ट्रैफिक से संबंधित सावधानियां बरतेंगे।

यातायात के नियमों का पालन नहीं करने के कारण लोग असमय ही काल के ग्रास में चले जाते है। यातायात विभाग और पुलिस विभाग यातायात नियमों के पालन सड़क सुरक्षा के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य तो लगातार करते ही रहते हैं, अभियान भी चलाते हैं। लेकिन हमें स्वयं भी सड़क सुरक्षा के उपाय का कड़ाई के साथ पालन करना चाहिए। सभी का जीवन बहुत कीमती हैं, छोटी-छोटी लापरवाही से सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और इसमें कई लोगों की मृत्यु हो जाती है। कई परिवार उजड़ जाते हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव, सांसद सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा और विधायक मोतीलाल साहू, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक द्वय प्रदीप गुप्ता और दीपांशु काबरा, जनसंपर्क आयुक्त मयंक श्रीवास्तव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव के आयोजन के लिए यातायात विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म महोत्सव लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के ऐसे ही कार्यक्रम होते रहने चाहिए।

आज कार्यक्रम के दौरान दिखाई गई लघु फिल्मों की क्लिपिंग में बड़े प्रभावित तरीकों से छोटी-छोटी लापरवाहियों के दर्दनाक परिणाम को दिखाया गया है। यह फिल्में लोगों को यातायात और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करंेगी। मुख्यमंत्री ने ड्राइविंग के दौरान हेलमेट लगाने, मोबाइल का उपयोग न करने और नशा करके गाड़ी न चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि आज गाड़ियों की संख्या में वृद्धि हुई है। सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ी है। सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि आज दुनिया में चिंता का बड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाही के परिणाम बहुत गंभीर होते हैं। कई बार दुर्घटना पीड़ित का जीवन बोझ बन जाता है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति के लिए सीमा पर जाकर लड़ने की ही आवश्यकता नहीं है, यातायात नियमों का पालन करें और दूसरे लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। हम सब मिलकर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और आदर्श तथा देशभक्त नागरिक होने का परिचय दें।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर यातायात संदर्शिका और पोस्टर का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव में छत्तीसगढ़ी और छत्तीसगढ़ की विभिन्न भाषाओं तथा भारतीय भाषाओं की लघु कैटेगरी की श्रेष्ठ फिल्मों, सर्वश्रेष्ठ कहानी और सर्वश्रेष्ठ कलाकार को पुरस्कार राशि का चेक और स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया। छत्तीसगढ़ी फिल्मों की श्रेणी में लघु फिल्म ’गलती मोर सजा तोर’ को प्रथम, ’द टेल ऑफ नेगलिजेन्स’ को द्वितीय और हेलमेट लघु फिल्म को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस श्रेणी में बेस्ट स्टोरी के लिए ’गलती मोर सजा तोर’ फिल्म के लिए लिमेश कुमार साहू, बेस्ट सिनेमेटोग्राफी का पुरस्कार द टेल ऑफ नेगलिजेन्स के रिशिल थवारे और सर्वश्रेष्ठ कलाकार का पुरस्कार हेलमेट के बिन्नी पाल को दिया गया।

इसी तरह भारतीय भाषाओं की लघु फिल्म की श्रेणी में फाइनल्स को प्रथम, रक्षासूत्र को द्वितीय और द ग्रेट गैम्बलर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। बेस्ट स्टोरी के लिए फाइनल्स फिल्म के विवेक विजेयन, बेस्ट सिनेमेटोग्राफी का पुरस्कार ट्रैफिक रूल्स के शैलेष अनिखिंडी, सर्वश्रेष्ठ कलाकार का पुरस्कार हड़बड़ी में गड़बड़ी फिल्म के अभिनेता तुलेन्द्र पटेल को प्रदान किया गया। बेस्ट मूवी इन एप्रिसिएशन का पुरस्कार गंगुआ फिल्म डायरेक्टर देवेन्द्र जांगड़े को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जुरी के सदस्यों सर्वश्री मनोज वर्मा, हीरा मानिकपुरी और योग मिश्रा को सम्मानित किया। उन्होंने यातायात विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रायपुर के पुलिस उपनिरीक्षक टी.के. लाल भोई, मुंगेली के मुकेश यादव, जशपुर के बेलचंदन एक्का और दंतेवाड़ा के वीरेन्द्र वर्मा को भी सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश ने दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के उपायों के प्रति जनजागरूकता लाने के लिए हर साल रोड सेफ्टी सप्ताह मनाया जाता था। भारत सरकार के निर्देश पर इस वर्ष रोड सेफ्टी माह मनाया जा रहा है।

उन्होंने विभाग के कार्यों की जानकारी दी। यातायात विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2023 तक संयुक्त राष्ट्र संघ ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले मृत्यु की घटना में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने में लापरवाही, कार ड्राइविंग के समय सीट बेल्ट न लगाने, ओवर स्पीड ड्राइविंग और नशे में गाड़ी चलाना दुर्घटना का मुख्य कारण है, इससे बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव में 19 राज्यों से 6 भाषाओं की 650 से ज्यादा फिल्मों की प्रविष्टियां आई, जिनमें से 450 फिल्मों का चयन किया गया है।

इसके पहले मुख्यमंत्री ने अतिथियों के साथ सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी स्टॉल में पावर हाउस और भिलाई लेन में ट्रैफिक दबाव के नियंत्रण के लिए बनाए गए ओव्हरब्रिज मॉडल और परिवहन विभाग द्वारा आम लोगों-युवाओं के लर्निंग लाईसेंस के लिए परिवहन सुविधा केन्द्र का अवलोकन कर प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वाहन चालकों को वाहन चलाने की ट्रेनिंग व्यवस्था का अवलोकन किया।

 

सड़क सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन संबंधी दी गई जानकारी

No comments Document Thumbnail

रायपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद से वर्ष 2023 में प्रशिक्षण उपरांत छत्तीसगढ़ कैडर के 04 आईपीएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने इंडक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य नियंत्रण कक्ष/डॉयल 112, इंस्टीट्यूट ऑफ ड्रायविंग एण्ड ट्रैफिक रिसर्च सहित राज्य के सड़क सुरक्षा परिदृश्य, यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा के कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

वर्तमान में सुभाषचन्द्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी में प्रशिक्षणरत इन अधिकारियों को एआईजी ट्रैफिक एवं अध्यक्ष-अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) संजय शर्मा द्वारा प्रवर्तन, जनजागरूकता/यातायात शिक्षा आदि के बारे में अवगत कराया गया। साथ ही राज्य में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, नियंत्रण हेतु प्रयास, अभियांत्रिकीय सुधार/प्रयास, आपातकालीन देखभाल, ड्रायविंग सिम्यूलेटर, ई-ट्रैक, यातायात कर्मियों एवं वाहन चालको के प्रशिक्षण, ड्रायविंग लायसेसिंग, फिटनेस जांच के नवीन उपायों सहित सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण तथा समीक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

शैक्षणिक संस्थाओं में सड़क सुरक्षा के नियमों का सुनिश्चितीकरण कराने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश

No comments Document Thumbnail

रायपुर। शैक्षणिक संस्थाओं में सड़क सुरक्षा के नियमों का सुनिश्चितीकरण कराने के लिए सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है। इस संबंध में आवश्यकतानुसार नियमों के तहत कड़ी कार्यवाही करने कहा गया है। जिससे स्कूली विद्यार्थियों के यातायात में जोखिम और दुर्घटना की संभावना शून्य हो सके।
                     

छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि प्रायः यह देखने में आ रहा है कि विशेषकर शहरों में मोपेड़, दो पहिया वाहन, ऑटो रिक्शा, टैक्सी, मिनी बस आदि में ओवरलोड होकर स्कूली विद्यार्थियों की आवाजाही हो रही है। वाहनों में क्षमता से अधिक संख्या में लटककर विद्यार्थी आवागमन कर रहें है। इसके पीछे शैक्षणिक संस्थाओं, वाहन मालिकों, चालकों, पालकों एवं स्वयं विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात के सामान्य नियमों एवं मानदंडों का पालन नही किया जाना मुख्य कारण हैं। अक्सर ऐसी चुकें स्कूली विद्यार्थियों के लिए यह जानलेवा भी साबित होती रही है।

इस परिपेक्ष्य में स्मरण हो कि पूर्व में भी मुख्य सचिव द्वारा सड़क दुर्घटना रोकने, सड़क सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंधन करने, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक और समीक्षा नियमित रूप से करने, सड़क दुर्घटनाओं के नियंत्रण के उपाय और प्रयास तथा सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के संबंध में निर्देश दिए गए है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देश पर राज्य में अंतरविभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) के माध्यम से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे है।

अतः जिलों में खासकर शहरी और नगरीय इलाकों में स्कूली विद्यार्थियों को जोखिमपूर्ण दुर्घटना से बचाने की दिशा में परिवहन, पुलिस, शिक्षा, उच्च शिक्षा, नगरीय विकास, जनसम्पर्क विभाग सहित संबंधित हितधारकों जैसे- शाला प्रबंधन समिति, पालक समिति, स्काउट एवं गाईड, एनसीसी, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा संगठनों, निजी शैक्षणिक संस्थाओं आदि के संयुक्त प्रयासों के साथ एक सुदीर्घ कार्ययोजना एवं रणनीति बनाकर उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इसकी समयबद्ध तरीके से मानिटरिंग भी होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार नियमों के तहत कड़ी कार्यवाही भी की जाए, जिससे स्कूली विद्यार्थियों के यातायात में जोखिम और दुर्घटना की संभावना शून्य हो सके।

सड़क हादसों से बचने दिशा कॉलेज के छात्र-छात्राओं को बताए गए यातायात के नियम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। शहर में लगातार सड़क हादसों में हो रही मौतों को देखते हुए दिशा कॉलेज रामनगर रायपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया कार्यक्रम में संजय शर्मा अध्यक्ष अंतर विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा छत्तीसगढ़ एवं एआईजी ट्रैफिक द्वारा भारतवर्ष में प्रतिवर्ष होने वाले सड़क दुर्घटना का आंकड़ा प्रस्तुत करते हुए बताया कि भारत में प्रत्येक वर्ष लगभग 5 लाख रोड एक्सीडेंट का आंकड़ा दर्ज किया जाता है, जिसमें से 1.5 लाख लोगों की मृत्यु एवं 3.5 लाख लोग घायल होते हैं।

इसी प्रकार छत्तीसगढ़ में वर्ष 2022 में 13,279 सड़क दुर्घटना का प्रकरण दर्ज किया गया जिसमें 5834 लोगों की मृत्यु एवं 11,695 लोग घायल हुए। इससे स्पष्ट होता है कि सड़क दुर्घटना में काफी लोग प्रभावित होते हैं एवं जन हानि होती है। जिसे रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उक्त सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादातर मौतें दो पहिया वाहन चालकों की दर्ज की गई, जो लगभग 70 प्रतिशत है। जिनमें  से ज्यादातर मौतें बिना हेलमेट न पहनने के कारण हुई है। दो पहिया चलाते समय हेलमेट पहने और चार पहिया चलाते समय सीट बेल्ट लगाएं, तो सड़क दुर्घटना मृत्यु में 45 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है। इसी प्रकार एक साथ ज्यादा संख्या में मौतें मालवाहक में सवारी बैठाकर किसी कार्यक्रम में आने-जाने के दौरान हुई है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी से अपील की गई कि मालवाहक में सफर ना करें।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस रायपुर के यातायात प्रशिक्षक टीके भोई एवं  आरक्षक सहदेव वर्मा द्वारा सड़क के नियम जैसे रोड मार्किंग, सड़क संकेत, इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल, यातायात पुलिस का संकेत, वाहन चालक संकेत आदि नियमों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को प्रथम 1 घंटे में चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने हेतु भारत सरकार द्वारा जारी गुड सेमेरिटन योजना के बारे में जानकारी और घायल व्यक्तियों का हर संभव मदद की अपील की गई। यातायात जागरूकता अभियान में सहभागिता हेतु दिशा कॉलेज के प्राचार्य को संजय शर्मा अध्यक्ष अंतर विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा छत्तीसगढ़ की ओर से मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दिशा कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक गण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सहित सुरक्षित यातायात व्यवस्था पर हो प्रभावी पहल : परिवहन मंत्री अकबर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में आज छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक नवा रायपुर मंत्रालय स्थित महानदी भवन में ली गई। उन्होंने राज्य में सड़क दुर्घटनाओं के रोकथाम सहित सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए सभी संबंधित विभागों को प्रभावी पहल हेतु विशेष जोर दिया। परिवहन मंत्री अकबर ने इस दौरान लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ राज्य भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष अरूण वोरा और प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) प्रदीप गुप्ता, सचिव परिवहन एस. प्रकाश तथा आयुक्त परिवहन दीपांशु काबरा उपस्थित थे। 



परिवहन मंत्री अकबर ने बैठक में चर्चा करते हुए हर माह जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के लिए विशेष जोर दिया। जिलों में जिला कलेक्टर द्वारा प्रतिमाह के मान से वर्ष में 12 तथा सांसद की अध्यक्षता में प्रति तिमाही के मान से 4 बैठकों का आयोजन किया जाना होता है। उन्होंने इस दौरान ब्लैक स्पॉट के चिन्हांकन पश्चात उनमें तत्परता से सुधार की कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने सड़क सुरक्षा दुर्घटना को रोकने के उपायों के तहत सड़कों के जंक्शन में सुरक्षा संबंधी उपायों पर भी तेजी से कार्य करने के लिए निर्देशित किया।

परिवहन मंत्री अकबर ने ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्य में विलंब पर नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तेजी से कार्यवाही के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में दुर्घटना के शिकार लोगों के त्वरित उपचार हेतु व्यवस्था, राज्य में ट्रांमा सेंटर की स्थिति, पाठ्यपुस्तकों में यातायात शिक्षा सामग्री का समावेश और यातायात के नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई तथा यातायात नियमों के पालन आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने वाहनों की सघन जांच और तेज गति को नियंत्रित करने के लिए स्पीड गवर्नर लगाने की दिशा में कार्रवाई करने तथा नशापान और सड़क पर स्टंट करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में इंस्टिट्यूट ऑफ ड्राईविंग एण्ड ट्रैफिक रिसर्च संस्थान में उत्खन्न से जुड़े मशीनों के संचालन के लिए प्रशिक्षण शुरू करने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई। इससे उत्खन्न के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। नवा रायपुर में संचालित आईडीटीआर में अब तक 12 हजार से अधिक वाहन चालकों को उनके कौशल वृद्धि के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस दौरान अध्यक्ष अंतर्विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा संजय शर्मा ने अवगत कराया कि प्रदेश के दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों राजनांदगांव, धरसींवा, अभनपुर, पाली, सिमगा, सुकमा, बेमेतरा तथा पत्थलगांव में ट्रामा स्टेब्लाईजेशन यूनिट्स की शीघ्र स्थापना होगी। इनके निर्माण हेतु राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत राशि की स्वीकृति मिल गई है। इसी तरह राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, बालोद तथा धमतरी में सि.टी. स्कैन मशीन की भी स्थापना की कार्यवाही जारी है। इस दौरान बताया गया कि इस वर्ष प्रदेश के समस्त 67 हजार 682 मितानिनों को एस.एच.आर.सी. के द्वारा प्राथमिक उपचार हेतु फर्स्ट ऐड संबंधी प्रशिक्षण दिया गया है।  

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव : सुगम यातायात व्यवस्था हेतु पुलिस विभाग ने बनाया रूट प्लान

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 1 से 3 नवंबर 2022 तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं छत्तीसगढ़ राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल होने हेतु विभिन्न देशों से एवं देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों का आगमन होता है।साथ ही कार्यक्रम को देखने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से दर्शकों का आगमन होता है, जिसे देखते हुए सुगम सुरक्षित यातायात व्यवस्था हेतु यातायात पुलिस रायपुर द्वारा मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था इस प्रकार निर्धारित की गई है -



महासमुंद, बलोदा बाजार, गरियाबंद एवं धमतरी जिले से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था -जिला महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद एवं धमतरी जिले से आने वाले दर्शक रिंग रोड नंबर 1 से होकर सरोना ब्रिज के किनारे सर्विस रोड से पुराना आमानाका थाना कांगेर वैली स्कूल मार्ग से होते हुए निर्धारित एनसीसी ग्राउंड पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

दुर्ग भिलाई राजनांदगांव की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था - जिला दुर्ग व राजनांदगांव की ओर से आने वाले दर्शक टाटीबंध चौक से जीई रोड होकर एम्स हॉस्पिटल महोबा बाजार चौक से यूनिवर्सिटी गेट के सामने निर्धारित सिटी बस डिपो पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

बिलासपुर, बेमेतरा, कबीरधाम की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था - जिला बिलासपुर, बेमेतरा एवं कबीरधाम की ओर से आने वाले दर्शक भनपुरी तिराहा से रिंग रोड नंबर 2 होकर टाटीबंध चौक से जीई रोड होते हुए एम्स हॉस्पिटल, मोहबा बाजार चौक से यूनिवर्सिटी गेट के सामने निर्धारित सिटी बस डिपो पार्किंग स्थल एवं एनआईटी पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

राजधानी रायपुर से कार्यक्रम स्थल जाने वाले दर्शकों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था - रायपुर शहर एवं जिले से आने वाले दर्शक शास्त्री चौक जय स्तंभ चौक आमापारा तिराहा आश्रम तिराहा डीडीयू नया मार्ग तिराहा से निर्धारित एनआईटी पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था - उक्त कार्यक्रम के दौरान आने वाले प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का वाहन हॉस्टल टर्निंग से प्रवेश कर साइंस कालेज मेजर गोरे हास्टल के सामने पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर पैदल कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करेंगे।

कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागियों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवम् आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग व्यवस्था - रायपुरा चौक से ठाकुर बार, रोहणीपुरम गोल चौक से हॉस्टल चौक होकर मार्ग कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागियों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आरक्षित रहेगा। जनसामान्य के लिए उक्त मार्ग से आवागमन वर्जित रहेगा। अतएव कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले दर्शकगण ऊपर बताए गए मार्ग से होकर कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।

सड़क दुर्घटना मे कमी लाने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

No comments Document Thumbnail

बेमेतरा। कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला की अध्यक्षता मे आज कलेक्टोरेट के दिशा-सभाकक्ष बेमेतरा मे जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है, उन्हाने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान मे रखते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील आम नागरिकों से की, जिससे वाहन दुर्घटना मे कमी लायी जा सके। जिलाधीश ने कहा कि सड़कों पर आवारा मवेशी बैठे या घूमते पाये जाने पर संबंधित जनपद पंचायत के सीईओं एवं नगरीय निकाय के सीएमओ के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी। बैठक में ब्लैक स्पॉट की पहचान, सुधार हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा नियत प्रोटोकाल, कैलेण्डर के अनुसार कार्यवाही,



सड़कों का यातायात संकेतक का पालन करने, चेतावनी, ट्रेफिक कॉलिंग, ड्रायविंग में विचलित करने वाले होर्डिंग्स हटाया जाना, फुटपाथ, पार्किंग, सर्विस लेन आदि से अतिक्रमण हटाना, दुर्घटनाओं के कारण, स्कूल बस की जांच की समीक्षा कर उपचारात्मक कार्यवाही करने निर्देश दिए। पुलिस विभाग द्वारा लोगों को हेलमेट लगाने, नशे की हालत मे वाहन न चलाने एवं अन्य ट्रैफिक नियमों के पालन की कार्यवाही तथा खतरनाक तरीके से वाहन चालन हेतु ड्रायविंग लायसेस निलंबन की कार्यवाही के संबंध में चर्चा की गई। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि बेमेतरा जिले में पिछले जनवरी से सितम्बर माह की अवधि के दौरान सड़क दुर्घटना से 154 लोगों की असमय मृत्यु हुई है।

उप पुलिस अधिक्षक यातायात ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने हेतु ड्रायविंग लाईसेस की निलंबन की कार्यवाही, दुर्घटना के शिकार हुए लोगों को तत्काल मदद् चिकित्सा हेतु प्रबंध के संबंध मे जानकारी दी। कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि बेमेतरा जिले मे शासकीय पीजी कॉलेज, कारेसरा चौंक एवं कोबिया तिराहा (बेरला मोड़), बेरला विकासखण्ड के खर्रा मोड़, नांदघाट तहसील के झुलना (मारो) मोड़ को ब्लैक स्पॉट के रुप मे चिन्हित किया गया है।     

बैठक के दौरान परिवहन विभाग तथा माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने एवं सुरक्षा हेतु आवश्यक उपाय करने के संबंध में चर्चा एवं विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा क्रियाकलापों की निगरानी, सड़क दुर्घटनाओं की आंकड़ों की निगरानी, सड़क दुर्घटना के कारणों को पहचानना और उनका अध्ययन, प्रोटोकॉल के अनुसार ब्लैक स्पॉटों की पहचान तथा सुधार से संबंधित कार्याें की समीक्षा और निगरानी तथा सड़क इंजिनयिरिंग उपाय, सड़क सुरक्षा मानकों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करना, दुर्घटना घातकता में कमी लाने के लिए विशिष्ठ लक्ष्यों के साथ जिले के लिए सड़क सुरक्षा कार्य योजना तैयार करना तथा उसका क्रियान्वयन करना, गति सीमा और यातायात को सुचारु बनाने के उपायों पर चर्चा एवं विचार विमर्श किया गया।

बैठक मे दुर्घटनाओं के शिकार हुए लोगों की तत्काल मदद, चिकित्सा हेतु प्रबंध, जिला सड़क सुरक्षा समिति गठन संबंधी अधिसूचना में दिए गए बिंदुओं का पालन, जिले में विभिन्न विभागों एजेंसियों के समन्वय से यातायात नियमों के पालन, सड़को पर सामान नही फैलाने, शिक्षा एवं जागरूकता एवं बेहतर व सुरक्षित यातायात हेतु अन्य आवश्यक उपाय पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती लीना कमलेश मण्डावी, अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी, जिला परिवहन अधिकारी अरविंद भगत, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार झा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेन्द्र उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

महासमुन्द पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल शहर की बाजार व यातायात व्यवस्था का जायजा लेने निकले

No comments Document Thumbnail

महासमुन्द। पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल आज पुलिस अधिकारियों के साथ शहर की बाजार व यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने पैदल ही सड़कों पर निकले। पुलिस कंट्रोल रूम से एसपी ने भ्रमण प्रारंभ किया। सर्वप्रथम सराफा बाजार व्यवस्था का अवलोकन किया। वहां पर मौजूद सराफा व्यापारियों से सराफा बाजार के बेहतर प्रबंधन तथा धनतेरस पर उन्हें बेहतर सुरक्षा व्यवस्था व यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की। 


उनके सुझाव
, मांग और आवश्यक प्रबंधन हेतु मौके पर मौजूद उपपुलिस अधीक्षक (यातायात) को निर्देशित भी किया। बाद, महामाया मंदिर चौक, तुमगांव चौक से लेकर लोहिया चौक व बरौंडा चौक तक समस्त बाजार व्यवस्था का पैदल मार्च कर अवलोकन किया। 


सराफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, सुरक्षा व पार्किंग को लेकर सर्राफा व्यापारियों से की चर्चा


बेतरतीब खड़े वाहनों व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही हेतु निर्देश दिए। शाम के समय सभी बाजार क्षेत्रों में वाहन पेट्रोलिंग तथा पैदल पेट्रोलिंग करने अधिकारियों को निर्देश दिए। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, उप पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश देवांगन, थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर, यातायात प्रभारी निरीक्षक इंद्र भूषण पैकरा , साइबर प्रभारी संजय राजपूत व थानों का बल उपस्थित रहा।

अब महासमुन्द में बेतरतीब पार्किंग पड़ेगा महंगा, होगी वाहनों की जब्ती, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने अभियान

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। शहर में स्वच्छता, व्यवस्था और सुरक्षा अभियान के तहत नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती राशि त्रिभुवन महिलांग ने वाहनों की पार्किंग को दुरूस्त करने के लिए यातायात डीएसपी, पार्षद और पालिका कर्मचारियों की एक बैठक ली। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। जिसमें टू ब्हीलर, फोर ब्हीलर वाहनों की पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। इसके बाद भी बेतरतीब पार्किंग करने पर यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की जब्ती करने का निर्णय लिया गया है।



नगर पालिका के अध्यक्ष सभाकक्ष में गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती राशि त्रिभुवन महिलांग की अध्यक्षता में पार्षद अमन चंद्राकर, महेन्द्र जैन, यातायात डीएसपी राजेश देवांगन, राजस्व प्रभारी दिलीप चंद्राकर, सीताराम तेलक के अलावा सफाई कर्मचारी बैठक में मौजूद थे। शहर में चलाए जा रहे स्वच्छता, व्यवस्था और सुरक्षा अभियान के तहत बैठक में पार्किंग के लिए चार स्थानों का चयन किया गया है। इस दौरान नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग और डीएसपी देवांगन ने यातायात पुलिस के साथ पालिका के चार कर्मचारियों को शामिल किया है।

पालिका कर्मचारी यातायात पुलिस के साथ पार्किंग के अलावा दुकान का सामान बाहर रखने पर जब्ती की कार्यवाई करेंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि शुक्रवार यानी कल से पालिका कर्मचारी मनोज कुमार यातायात पुलिस के साथ अहिंसा द्वार से सराफा बाजार तक वाहनों का पार्किंग पुराना कांजी हाउस में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था करेंगे। इस दौरान व्यापारियों को अपने वाहन निर्धारित स्थान पर खड़ी करनी होगी। इस प्रकार यातायात पुलिस के साथ पालिका कर्मचारी गणेशु सिंद्रे द्वारा मनीष मिष्ठान से महामाया मंदिर मार्ग को बैरिकेडिंग किया जाएगा। 

यहां के दुकानदारों सहित बाजार आने वाले ग्राहकों के लिए इंदिरा मार्केट के पीछे सब्जी मार्केट से लगे शेड में वाहनों की पार्किंग स्थल बनाया गया है। नितेश पटेल गुरु घासीदास बस स्टैंड हो कर आने वाले या सब्जी मार्केट जाने वाले वाहनों को रैन बसेरा के पीछे और पानी टंकी के पास पार्किंग व्यवस्था की देख रेख की जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे ही जितेन्द्र सोनी और यातायात पुलिस बरोड़ा चौक से नेहरू चौक सड़क की दोनों ओर खड़ी वाहनों मुख्य मार्ग से अंदर तहसीलदार निवास के पास तथा टाउन हॉल के पास पार्किंग व्यवस्था देखेंगे। लोगों को समझाइश के बावजूद भी सड़कों या दुकानों के बाहर वाहन खड़ी पाया जाता है तो यातायात पुलिस ज़ब्त करेंगे। 

बैठक में नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग पूरी टीम के साथ 6 सितंबर 2022 को बरोड़ा चौक से बीटीआई रोड, गौरव पथ का भ्रमण करेंगे। नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने सभी व्यापारियों, आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, शहर में स्वच्छता, व्यवस्था, और सुरक्षा अभियान को अमलीजामा पहनाने के लिए जन सहयोग के बिना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा पालिका कर्मचारी और यातायात पुलिस को अपना सहयोग देकर एक सुंदर शहर की कल्पना को साकार करने में सभी अपना समर्थन व सहयोग दें।

महासमुन्द में पुलिसिंग को चुस्त दुरुस्त करने पहल, बढ़ाई चौकसी

No comments Document Thumbnail

महासमुन्द। अपराधियों पर नजर रखने, शहर की यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए जिला पुलिस अधियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में सोमवार को सभी थाना क्षेत्रों में बाजार एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस सघन पैदल पेट्रोलिंग व चेकिंग अभियान चल रही है। आगामी दिनों त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए व्यापारियों एवं बाजार की सुरक्षा के लिए सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग की जा रही है। बाजार व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुगम यातायात व पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने पुलिस सड़कों पर निकली है।



व्यापारियों व बाजारों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखते हुए पुलिस लगातार जांच कर रही है। रात को भी फिक्स पाइंट और पेट्रोलिंग पाइंट बढ़ाया गया है। वहीं बाजारों व चौकों के सीसीटीवी कैमरे से सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों के बाजार क्षेत्रों व भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस की टीम सघन पैदल पेट्रोलिंग व चेकिंग अभियान चला रही है। 

आगामी त्यौहारो के मद्देनजर बाजारों के सुव्यवस्थित व्यवस्थापन बेहतर यातायात बेहतर पार्किंग तथा बाजार में आने वाले व्यापारियों तथा ग्राहकों की सुरक्षा के मद्देनजर आज पुलिस अधीक्षक महासमुंद महोदय के निर्देशन में जिले के समस्त थाना प्रभारी अपने थाने के बल के साथ बाजार क्षेत्रों के सघन पैदल पेट्रोलिंग वह चेकिंग अभियान हेतु बाजारों में भ्रमण कर रहे हैं। बाजार की सड़कों, चौक-चौराहों वर लगे सीसीटीवी कैमरे तथा आने-जाने वाले संदिग्धों की भी जांच की जा रही है।

एसपी के अनुसार व्यापारियों व बाजार की सुरक्षा के लिहाज से इस प्रकार की चेकिंग लगातार आगे भी जारी रहेगी। एसपी पटेल के अनुसार समय-समय पर व्यापारी संघ व प्रतिनिधियों से चर्चा कर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में उनका बेहतर सहयोग मिलेगा। समन्वय के साथ सुरक्षा के लिए निर्देशित किया गया है। इस तरह की जांच कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे के पर्यवेक्षण में सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी व थाना प्रभारियों की सक्रिय भागीदारी है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से नदी-नाला उफान पर, जनजीवन प्रभावित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से कई नदी-नाले उफान पर है। इसके चलते कई मुख्य मार्गों पर यातायात अवरूद्ध हो गया है और कुछ गांवों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है। महासमुंद जिले में बसना क्षेत्र के केरामुंडा-लोहरसी नाला के पुलिया के ऊपर पानी बह रहा है। इसके कारण बलौदा-कुसमीसरार, सल्डीह-बलौदा सड़क और छुईपाली-राफेल मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। वहीं, पिथौरा क्षेत्र के सागुनढाप-परसवानी मार्ग पर नाले का पानी बहने से यहां पर आवाजाही प्रभावित हुई है।



बिलासपुर के गोकने नाले में नहाने गए तीन युवक बह गए। इनमें से दो युवकों ने तैरकर अपनी जान बचाई। वहीं, एक अन्य युवक की तलाश की जा रही है। वहीं, बेमेतरा जिले में शिवनाथ, सुरही, हाफ और सकरी नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ने से आसपास के गांवों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। ग्राम पचभैया में लगभग दो दर्जन मकानों में बाढ़ का पानी घुस गया है।

इसी तरह, मुंगेली जिले में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। आगर नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। भगनीभवर गांव में बाढ़ में फंसे तीन परिवारों के सदस्यों को रेस्क्यू टीम द्वारा मोटरबोट की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, जरहा गांव ब्लॉक के ग्राम भतरी में एक पेड़ के गिर जाने से तीन लोग घायल हो गए हैं। इनमें एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं। इसी तरह, टेसवा नाले के पुल को पार करते समय कार बह गई। हालांकि, कार में सवार चार लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के भुई गांव और खरखोद के बीच नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में सुगम तथा सुरक्षित यातायात के लिए वाहन चालन कौशल को विकसित करने की अहम पहल

No comments Document Thumbnail

रायपुर. छत्तीसगढ़ में सुगम तथा सुरक्षित यातायात के लिए नवा रायपुर में संचालित इंस्टिट्यूट ऑफ़ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च संस्थान छत्तीसगढ़ शासन की एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा विगत दिवस 9 दिसम्बर 2021 को परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में इसका शुभारंभ हुआ था. संस्थान में अब तक विगत 6 माह में 5 हजार से अधिक प्रशिक्षु, वाहन चालन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े हुए नियमों का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं.


संस्थान में इस वर्ष जनवरी माह से आधिकारिक रूप से प्रशिक्षण आरम्भ होने के उपरांत अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) ने प्रशिक्षण का रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए जानकारी साझा की है कि यहां सड़क सुरक्षा में जागरूकता लाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा जारी किये गए आकड़ों के अनुसार 72 प्रतिशत दुर्घटनाओं में वाहन चालकों को दोषी पाया गया है। इसे संज्ञान में लेते हुए संस्था ने 4 हजार से अधिक भारी वाहन चालकों को रिफ्रेशर ट्रेनिंग प्रदान किया गया है। 

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथामिकता के आलोक में स्कूल बस चालकों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, इसके तहत प्रदेश भर के 800 से अधिक स्कूल बस चालक इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से अब तक लाभान्वित हो चुके है. इसके अलावा 350 से अधिक शासकीय वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण देते हुए मॉडल चालक बनने हेतु प्रेरित किया गया है, प्रशिक्षण निरंतर जारी है।

परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं मारुती सुजुकी इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में संचालित इंस्टिट्यूट ऑफ़ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च संस्थान में आधुनिकतम तकनीक का इस्तेमाल करते हुए 20 एकड के क्षेत्रफल में विशेष ड्राइविंग ट्रैक से ड्राइविंग प्रशिक्षण देने की योजना कार्यान्वित हुई। संस्थान में एक साथ 300 प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण लेने के लिए 5 स्मार्ट क्लासरूम तथा विशालकाय ऑडिटोरियम का उपयोग किया जा रहा है। उच्च स्तर के प्रशिक्षक सड़क सुरक्षा से जुड़ी बारीकियों से छत्तीसगढ़ राज्य के चालकों को प्रशिक्षित कर रहे है। 



संस्थान में 80 प्रशिक्षुओं के लिए आवासीय प्रशिक्षण एवं कैंटीन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।वाहन चालन कौशल को बढ़ावा देने हेतु शासन ने महिला वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त छूट की भी घोषणा की है। नये चालकों में 50 प्रतिशत से अधिक महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है और उनमें विशेष उत्साह देखा गया। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाये जा रहे इन कार्यक्रमों के जरिए राज्य के चालकों में वाहन चालन कौशल का विकास होगा एवं उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। 

साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता आएगी और राज्य में हो रही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लायी जा सकेगी। बढ़ती हुई ईंधन की कीमतों को ध्यान में रखते हुए संस्थान में ईंधन बचत के लिए वाहन चालकों में जागरूकता लाने हेतु भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके अलावा संस्थान में ज्वलनशील प्रदार्थ एवं खतरनाक रसायन के परिवहन में वाहन चालकों के लिए कार्यक्रम तैयार किये गए हैं।

लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) अध्यक्ष संजय शर्मा एवं संस्थान के संयुक्त संचालक अमित गुप्ता के सतत् पर्यवेक्षण में संस्था में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विशेष रूप से दुर्घटना से जुड़े कारण एवं निवारण, रक्षात्मक वाहन चालन, सड़क संकेत एवं सिग्नल, प्राथमिक उपचार, सड़क संबंधी नियम एवं उल्लंघन करने से होने वाली दंडात्मक कार्यवाही, फाइन और पेनल्टी से जुड़े हुए नियम, कठिन परिस्तिथियों में वाहन चालन का कौशल इत्यादि विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षुओं को ऑडियो-वीडियो माध्यम से तरीके से अवगत कराया जा रहा है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.