Media24Media.com: #महानदी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #महानदी. Show all posts
Showing posts with label #महानदी. Show all posts

आरंग में शिक्षक हत्याकांड का खुलासा, 30 लाख के लेन-देन में साथी शिक्षक ने की हत्या

No comments Document Thumbnail

 आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग में शासकीय शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। ग्राम बनचरौदा के पास महानदी तट पर मिले शिक्षक के शव के मामले में पुलिस ने उनके ही स्कूल में पदस्थ साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन और ब्याज को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।


महानदी किनारे मिला था शिक्षक का शव

17 सितंबर को बनचरौदा के पास महानदी किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम रामपुर डंगनिया (चंपारण) निवासी 46 वर्षीय शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई। वह ग्राम कुम्हारी स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक थे।

पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर और चेहरे पर भारी वस्तु और धारदार हथियार से वार किए गए थे। घटनास्थल के पास उनकी मोटरसाइकिल भी मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

CCTV और VSK ऐप से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी सामने आया कि घटना वाले दिन शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश की सफेद स्कूटी पर जाते देखा गया था।

इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी स्कूल के CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK (Vidya Samiksha Kendra) ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा था। इसके बाद निजी काम का हवाला देकर वह स्कूल से निकल गया और मोबाइल की लोकेशन बंद कर दी।

दोपहर करीब 12:50 बजे वह स्कूल वापस लौटा। पुलिस का दावा है कि इस दौरान उसने अपने मोबाइल से लॉग-इन नहीं किया, बल्कि दूसरे शिक्षक के फोन से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। CCTV फुटेज और ऐप की लॉग रिपोर्ट से पुलिस को उसकी गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले।

30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चंद्रप्रकाश वर्मा ने हत्या की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों शिक्षक पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा शेयर-ट्रेडिंग से जुड़े निवेश में साथ काम करते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये दिए थे। इसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे। आरोपी के अनुसार, वह इस रकम पर ब्याज लेता था, लेकिन पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिला था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

सुनसान जगह ले जाकर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह दोनों कुम्हारी स्कूल के पास मिले थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। आरोप है कि वहां चंद्रप्रकाश ने अपनी स्कूटी में रखे धारदार हथियार और हथौड़े से शिवकुमार के सिर और चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हथियार, स्कूटी और ब्लैंक चेक जब्त

पुलिस ने आरोपी के बताए स्थानों से घटना में प्रयुक्त सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, मृतक के तीन ब्लैंक चेक, पर्स और दोनों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा आरोपी के कथित खून से सने कपड़े, जूते और मोजे भी बरामद किए गए हैं।

आरंग पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 443/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में जब्त साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे जारी है।

धमतरी में भारी बारिश से उफान पर नदियां, गंगरेल बांध के खुले 3 गेट, महानदी तटीय गांवों में अलर्ट जारी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है, वहीं क्षेत्र के सभी प्रमुख जलाशय अब पूरी तरह लबालब हो चुके हैं। कैचमेंट एरिया से हो रही पानी की भारी आवक को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर गंगरेल बांध (रविशंकर सागर जलाशय) के तीन गेट खोल दिए गए हैं, जिनसे कुल 4,670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से 3,360 क्यूसेक पानी सीधे महानदी में बह रहा है, जबकि 1,410 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के रास्ते मुख्य नहर में प्रवाहित किया जा रहा है।


मौसम विभाग द्वारा आगे भी बारिश की संभावना जताए जाने से महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है, जिसे देखते हुए कलेक्टर ने तटीय और निचले इलाकों में स्थित गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

वर्तमान में जिले के जलाशयों की स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। मुरूमसिल्ली जलाशय अपनी क्षमता का 98.61 प्रतिशत भर चुका है और उसमें 362 क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई है। वहीं गंगरेल जलाशय 97.40 प्रतिशत भरकर 3,365 क्यूसेक आवक दर्ज कर रहा है। इसके अलावा दुधावा जलाशय 86.86 प्रतिशत (437 क्यूसेक आवक) और सोंढूर जलाशय 69.25 प्रतिशत (167 क्यूसेक आवक) तक भर चुके हैं। जलाशयों में लगातार बढ़ते पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए ही महानदी में जलप्रवाह बढ़ाया गया है।

बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर धमतरी ने अधिकारियों और मैदानी अमले को 24 घंटे सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों के पास न जाएं तथा उफनती नदी को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। तटीय गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को समय रहते सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर बनाए गए राहत केंद्रों में पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल अधिकृत प्रशासनिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया गया है।

महासमुंद : अवैध रेत उत्खनन के मामले में चार नौकाएं जब्त

No comments Document Thumbnail

रायपुर। महासमुंद जिले में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने आज ग्राम बड़गांव स्थित महानदी रेत घाट में कार्रवाई करते हुए नियम विरुद्ध रेत निकासी में प्रयुक्त चार नौकाएँ जब्त कीं।

जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाकर निरंतर जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 


लगातार वर्षा से गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ा, महानदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की अपील

No comments Document Thumbnail

 महासमुंद : रविशंकर सागर बांध (गंगरेल) का जलभराव स्तर लगातार वर्षा के कारण तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार रात 8 बजे की स्थिति में बांध का जलभराव 94.82 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिसमें 17,356 क्यूसेक पानी की आवक रही। इस दौरान सिंचाई हेतु 3,700 क्यूसेक एवं महानदी नदी में 4,026 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।


ज्ञात है कि शनिवार सुबह 11 बजे तक बांध का जलभराव 94 प्रतिशत हो चुका था। बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार वर्षा के चलते लगभग 15,000 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज हुई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए पानी की आवक 25,000 क्यूसेक तक पहुँचने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जलस्तर नियंत्रित करने हेतु बांध से प्रति घंटे लगभग 4,000 क्यूसेक पानी महानदी नदी में छोड़े जाने की संभावना व्यक्त की गई थी।

महासमुंद जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अजय खरे ने जानकारी दी कि महानदी नदी के किनारे बसे ग्रामवासियों को सतर्क किया जा रहा है। साथ ही, उच्च अधिकारियों को अग्रिम कार्यवाही हेतु सूचित कर दिया गया है, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की अपील की है।

महिला ने महानदी में लगाई छलांग, बोली– मुझे मत बचाओ, लोगों ने दिखाई बहादुरी, बचाई जान

No comments Document Thumbnail

गरियाबंद। जिले के नवापारा-राजिम के बीच बहने वाली महानदी में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से आसपास अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में भर्ती महिला

सूत्रों के अनुसार, पुराने इंटकवेल संगवारी कार्यालय के पास महिला ने नदी में छलांग लगा दी। उसे बचाने की कोशिश की गई तो महिला बार-बार कहती रही– “मुझे मत बचाओ” और धार में बहने लगी।

इसी दौरान नदी में नहा रहे वार्ड क्रमांक 18 के खिलावन दास मानिकपुरी, रवि साहू और राजा सोनकर ने साहस दिखाते हुए महिला को किसी तरह बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने अपना नाम शकुन बाई, निवासी कृष्णा नगर, गांधी चौक रायपुर बताया है। आत्महत्या की कोशिश की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश जारी है।

CG NEWS : महानदी पुल से विवाहिता के कूदने की आशंका, स्कूटी और दुपट्टा मिला

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे आरंग के ग्राम पारागांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता के महानदी पुल से कूदने की आशंका जताई जा रही है। पुल के पास से महिला की स्कूटी और रेलिंग से बंधा दुपट्टा बरामद हुआ है, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।


आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि बरामद सामान के आधार पर महिला की पहचान स्वाति त्रिवेदी (27 वर्ष), निवासी रायपुर के रूप में हुई है। स्वाति इन दिनों रक्षाबंधन पर मायके पारागांव आई हुई थी। उसकी शादी दो वर्ष पूर्व अजय त्रिवेदी से हुई थी और उसका एक ढाई माह का बच्चा भी है।

हालांकि किसी प्रत्यक्षदर्शी ने महिला को नदी में कूदते हुए नहीं देखा है, लेकिन पुलिस और गोताखोरों की टीम महानदी में उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.