रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने बड़े रैकेट का खुलासा किया है। जांच के दौरान गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल के डॉक्टर, एक पुरुष नर्स और मुख्य आरोपी कृतिका साहू के लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह पर करीब 11 महीने के भीतर 23 नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री करने का आरोप है। मामले में अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
पुलिस का दावा है कि अस्पताल में वर्ष 2026 में अब तक केवल तीन प्रसव हुए, जबकि इसी अस्पताल के नाम से 26 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए। अस्पताल से एक रजिस्टर भी जब्त किया गया है, जिसमें 23 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार किए जाने से संबंधित जानकारी मिलने की बात कही गई है।
डॉक्टर, पुरुष नर्स और कृतिका का पार्टनर गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव और कृतिका साहू के लिव-इन पार्टनर अश्विनी शर्मा को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस कथित तौर पर इस रैकेट की मास्टरमाइंड कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की भूमिका नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री, गर्भवती महिलाओं को अपने जाल में फंसाने, अस्पताल में प्रसव कराने और सौदे की रकम के लेन-देन से जुड़ी हुई थी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
मुफ्त डिलीवरी का झांसा देकर कराया प्रसव
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला को मुफ्त में प्रसव कराने का भरोसा देकर रायपुर लाया गया। आरोप है कि महिला की डिलीवरी कराने के बाद उसके नवजात बच्चे का आठ लाख रुपये में सौदा करने की कोशिश की गई।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने जब बच्चे को देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर पैसों की मांग की। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंची।
लड़की और लड़के के लिए अलग-अलग कीमत तय
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह नवजात बच्चों के लिए अलग-अलग कीमत तय करता था। आरोपियों पर लड़की के लिए चार से पांच लाख रुपये और लड़के के लिए छह से आठ लाख रुपये तक सौदा करने का आरोप है। बच्चे का रंग गोरा होने पर कीमत और बढ़ाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर गर्भवती महिलाओं, अविवाहित युवतियों और पारिवारिक रूप से परेशान महिलाओं को निशाना बनाते थे। उन्हें प्रसव के बदले 40 से 50 हजार रुपये देने का लालच दिया जाता था। वहीं, अविवाहित गर्भवती युवतियों के मामले में बच्चे के जन्म के बाद गोपनीयता बनाए रखने के नाम पर उनसे अतिरिक्त रकम मांगने का भी आरोप है।
गुजरात, राजस्थान समेत कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
पुलिस को जांच में नवजात बच्चों की कथित खरीद-बिक्री के तार गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और तेलंगाना समेत कई राज्यों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। आरोप है कि बच्चों को अलग-अलग राज्यों के दंपतियों तक पहुंचाया जाता था। इस प्रक्रिया में कृतिका साहू, प्रकाश कुमार कौरव और अश्विनी शर्मा की भूमिका सामने आई है।
पुलिस को आशंका है कि पिछले तीन से चार वर्षों के दौरान इस नेटवर्क के जरिए 100 से अधिक नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई हो सकती है। हालांकि, इस आंकड़े की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
डॉक्टर फर्जी डिस्चार्ज टिकट बनाकर देता था
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार डॉक्टर खिर सिंधु महानंद अस्पताल में नवजात बच्चों के कथित खरीदारों को भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद यह दस्तावेज कृतिका साहू को दिया जाता था। पुलिस ने डॉक्टर के कब्जे से पीड़िता के उपचार से संबंधित दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है।
वहीं, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव पर महिलाओं को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराने और नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री में सहयोग करने का आरोप है। अश्विनी शर्मा पर इस सौदे से मिलने वाली रकम के लेन-देन और बंटवारे की जिम्मेदारी निभाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस रिमांड में पूछताछ, और गिरफ्तारियां संभव
डीसीपी वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया के मुताबिक, अस्पताल से जब्त रजिस्टर में 23 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने से जुड़ी जानकारी मिली है। इन प्रमाणपत्रों में जिन दंपतियों के नाम दर्ज हैं, वे दूसरे राज्यों के बताए जा रहे हैं। पुलिस अब संबंधित दस्तावेजों और दंपतियों का सत्यापन कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बच्चों की वास्तविक स्थिति और कथित लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी।


.gif)