Media24Media.com: 24 घंटे से ज्यादा ठप रहने के बाद Microsoft की सेवाएं बहाल, Teams-Outlook और Copilot ने फिर पकड़ी रफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

24 घंटे से ज्यादा ठप रहने के बाद Microsoft की सेवाएं बहाल, Teams-Outlook और Copilot ने फिर पकड़ी रफ्तार

Document Thumbnail

 नई दिल्ली। दुनिया भर में Microsoft की सेवाओं में आई तकनीकी खराबी के बाद अब यूजर्स को राहत मिल गई है। 24 घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहने के बाद कंपनी ने Teams, Outlook, Copilot समेत Microsoft 365 की अन्य सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने का दावा किया है। इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण दुनियाभर की कई कंपनियों और सरकारी विभागों का कामकाज प्रभावित हुआ था।


जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर 2026 से Microsoft की कई प्रमुख सेवाओं में परेशानी शुरू हुई थी। इसके चलते यूजर्स को ईमेल भेजने और प्राप्त करने, कैलेंडर एक्सेस करने और ऑनलाइन मीटिंग में शामिल होने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासतौर पर उन संस्थानों में कामकाज प्रभावित हुआ, जहां रोजमर्रा के आधिकारिक कार्यों के लिए Outlook और Teams का इस्तेमाल किया जाता है।

कंपनी ने शनिवार को जानकारी दी कि प्रभावित सेवाओं को दोबारा सामान्य कर दिया गया है। अब यूजर्स पहले की तरह इन ऐप्स और टूल्स का इस्तेमाल कर सकेंगे।

Downdetector पर करीब 2 लाख शिकायतें

Microsoft की सेवाओं में आई इस तकनीकी गड़बड़ी का असर कितना व्यापक था, इसका अंदाजा Downdetector पर दर्ज शिकायतों से लगाया जा सकता है। आउटेज के दौरान दुनियाभर के यूजर्स ने Microsoft की अलग-अलग सेवाओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।

रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क के स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे शिकायतों का आंकड़ा लगभग 2 लाख तक पहुंच गया था। बाद में Outlook और Copilot से जुड़ी शिकायतों में कमी आई, लेकिन इसके बावजूद कई यूजर्स को कुछ समय तक अलग-अलग सेवाओं के इस्तेमाल में परेशानी होती रही।

नेटवर्क ट्रैफिक और सर्वर क्षमता में किए बदलाव

Microsoft ने सेवाओं को बहाल करने के लिए तकनीकी स्तर पर कई कदम उठाए। कंपनी ने नेटवर्क ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया और सर्वर क्षमता बढ़ाने के साथ सिस्टम में जरूरी सुधार किए। इन उपायों के जरिए सेवाओं को स्थिर करने की कोशिश की गई।

कंपनी के मुताबिक, इन तकनीकी बदलावों के बाद सभी प्रभावित ऐप्स और सर्विसेज को सामान्य कर दिया गया है।

Microsoft ने यूजर्स से मांगी माफी

आउटेज के कारण दुनिया भर के ग्राहकों और पार्टनर्स को हुई परेशानी पर Microsoft ने खेद जताया है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर कहा कि सेवाओं में आई रुकावट से ग्राहकों और साझेदारों को जो दिक्कत हुई, उसके लिए उसे बेहद अफसोस है।

कंपनी ने यह भी कहा कि वह जानती है कि ग्राहक उसकी सेवाओं पर कितना भरोसा करते हैं और इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लेती है। फिलहाल सेवाएं बहाल होने के बाद यूजर्स को राहत मिली है, हालांकि इस घटना ने एक बार फिर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भरता और तकनीकी व्यवधानों के असर को सामने ला दिया है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.