Media24Media.com: महासमुंद जेल में बड़ी सेंध! कंबल के सहारे दीवार फांदकर 4 कैदी फरार, मचा हड़कंप

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

महासमुंद जेल में बड़ी सेंध! कंबल के सहारे दीवार फांदकर 4 कैदी फरार, मचा हड़कंप

Document Thumbnail

 महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 4 बजे चार कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं। एडिशनल एसपी ने घटना की पुष्टि की है।


जानकारी के मुताबिक, फरार होने वाले कैदियों में तीन NDPS एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में जेल में बंद था। इनकी पहचान धरमवीर, लीलाधर, राजेन्द्र और पंचराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैदियों ने जेल की ऊंची दीवार पार करने के लिए वहां मिलने वाले कंबलों का इस्तेमाल किया। कंबलों की मदद से रास्ता बनाकर चारों कैदी जेल से बाहर निकलने में सफल रहे।

पांच कैदियों ने बनाई थी फरार होने की योजना, एक पकड़ा गया

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जेल से भागने की योजना पांच कैदियों ने बनाई थी। इनमें से चार कैदी दीवार फांदकर भागने में कामयाब हो गए, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने के दौरान नीचे गिर गया। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

2021 में भी जेल से फरार हुए थे पांच कैदी

महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के रहने वाले थे।

उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित कर दिया था। इनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था। अब एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

 
Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.