महासमुंद। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका के पास एनएच-353 पर घेराबंदी कर पुलिस ने दो कारों से 85 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 42 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दो कारों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजे की खेप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोमाखान पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से दो कारों में गांजे की बड़ी खेप लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने टेमरी नाका पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान संदेह के आधार पर दोनों कारों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहनों से 85 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद चारों लोगों को हिरासत में ले लिया।
71 लाख से ज्यादा का सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों कारें, पांच मोबाइल फोन और 2 लाख 30 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गांजा, वाहन और अन्य सामान समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 71 लाख 67 हजार रुपये है।
इटारसी के रास्ते दिल्ली पहुंचाई जानी थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से लाई जा रही थी। इसे मध्यप्रदेश के इटारसी होते हुए दिल्ली पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब गांजे की सप्लाई करने वाले स्रोत और दिल्ली में इसे प्राप्त करने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन उत्तर प्रदेश और एक बिहार के निवासी हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज, चारों आरोपी जेल भेजे गए
महासमुंद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C), 27(a) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

.gif)