Media24Media.com: #GanjaSmuggling

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #GanjaSmuggling. Show all posts
Showing posts with label #GanjaSmuggling. Show all posts

महासमुंद में 212 किलो गांजा जब्त, कीमत 1 करोड़ से ज्यादा; महिला समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 212 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 6 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के मुताबिक, बसना थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 132 किलो गांजा बरामद किया गया। वहीं, कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने 80 किलो गांजा जब्त किया। दोनों मामलों में तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही दो कारें और मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क, सप्लायर और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

सांकरा में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 37.300 किलो गांजा जब्त; 7 आरोपी गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

सांकरा- जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सांकरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने 37 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान टीम को गांजा तस्करी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस और ANTF की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

जांच के दौरान टीम ने दो कारों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कारों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त करने के साथ दोनों वाहनों को भी अपने कब्जे में ले लिया।

7 आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की सप्लाई, परिवहन और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

दो वाहन भी जब्त

गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी पुलिस ने जब्त किया है। जब्त वाहनों और बरामद मादक पदार्थ को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर रखा गया है।

आगे की जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच के बाद तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

20 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत सिहावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। आरोपियों के पास से गांजा परिवहन में इस्तेमाल रॉयल एनफील्ड बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। कार्रवाई में कुल 11 लाख 80 हजार रुपए का मशरूका बरामद हुआ है।


फॉरेस्ट नाका पर घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल से दो संदिग्ध व्यक्ति ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेन रोड रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने घेराबंदी की।

संदिग्ध हुलिए और बाइक के नंबर के आधार पर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। दोनों आरोपियों के ट्रॉली बैग और सफारी बैग की जांच करने पर सेलोटेप से पैक किया हुआ कुल 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

बाइक और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा 1.50 लाख रुपए कीमत की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और करीब 10 हजार रुपए का ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और तुषार कश्यप (23), निवासी करावल नगर, उत्तर पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिहावा थाने में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कंटेनर में बना रखा था सीक्रेट चेंबर, पुलिस ने बरामद किया 4.47 क्विंटल गांजा

No comments Document Thumbnail

 कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चिल्फी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।


जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त को चिल्फी थाना पुलिस एनएच-30 पर थाने के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर में गांजे के पैकेट छिपे मिले।

पुलिस के अनुसार, गांजे के पैकेटों को खाकी टेप से लपेटकर गुप्त चेंबर में छिपाया गया था। पुलिस ने गांजा बरामद कर कंटेनर को भी जब्त कर लिया।

एक आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर (पंजाब), को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएनटीएफ टीम द्वारा गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सफलता पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

छत्तीसगढ़ बना गांजा तस्करी का नया ट्रांजिट कॉरिडोर, तस्कर अपना रहे नए-नए हथकंडे

No comments Document Thumbnail

रायपुर- छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, राज्य अब देश के सबसे महत्वपूर्ण गांजा ट्रांजिट कॉरिडोर में से एक बनकर उभर रहा है। तस्कर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बढ़ती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, तस्कर अब गांजे की खेप को छिपाने के लिए नीले प्लास्टिक ड्रम, केले से भरे ट्रक, सब्जियों की गाड़ियां और अन्य मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई मामलों में वैध व्यापारिक सामान के बीच नशीले पदार्थ छिपाकर एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाए जा रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति इसे तस्करों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती है। राज्य की सीमाएं कई राज्यों से जुड़ी हुई हैं, जिसके कारण ओडिशा और आंध्र प्रदेश जैसे क्षेत्रों से आने वाली गांजे की खेप को उत्तर और पश्चिम भारत तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ का उपयोग किया जा रहा है।

पिछले कुछ महीनों में पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने कई बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और इसमें शामिल गिरोहों की पहचान करने में जुटी हुई हैं। हालांकि तस्करों के बदलते तौर-तरीकों ने जांच एजेंसियों की चुनौती और बढ़ा दी है।

अधिकारियों का कहना है कि अंतरराज्यीय समन्वय बढ़ाकर और आधुनिक निगरानी तकनीकों का उपयोग कर इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान ही इस समस्या से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय हो सकता है।



Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.